हाल ही में, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है कि 'दंगल' फेम सुहानी भटनागर का 19 साल की उम्र में निधन हो गया है। आइए आपको बताते हैं।
हाल ही में, बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। दरअसल, एक्टर आमिर खान की 2016 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दंगल' में बबीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस सुहानी भटनागर (Suhani Bhatnagar) अब हमारे बीच नहीं रहीं। महज 19 की उम्र में सुहानी ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है।
'ज़ी न्यूज़' की रिपोर्ट के मुताबिक, 'दंगल' स्टार सुहानी भटनागर का 17 फरवरी 2024 की सुबह 19 साल की उम्र में निधन हो गया। कथित तौर पर युवा अभिनेत्री कुछ समय से अस्वस्थ थीं और उनका इलाज 'अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान' (एम्स), नई दिल्ली में किया जा रहा था। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार फरीदाबाद के सेक्टर 15 स्थित अजरौंदा श्मशान घाट पर किया जाएगा।
एक अन्य मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि दवा से हुए रिएक्शन के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह कुछ समय से अपने शरीर में तरल पदार्थ जमा होने का इलाज करा रही थीं, लेकिन अब खबर आई है कि वह इस दुनिया में नहीं रहीं।
सुहानी भटनागर के करियर की बात करें, तो उन्होंने 2016 में नितेश तिवारी की स्पोर्ट्स ड्रामा बायोपिक 'दंगल' से अभिनय की शुरुआत की थी। फिल्म में आमिर खान, साक्षी तंवर, सान्या मल्होत्रा, फातिमा सना शेख, ज़ायरा वसीम और अपारशक्ति खुराना मुख्य भूमिका में थे। यह मूवी फोगाट बहनों और उनके पिता महावीर फोगाट पर आधारित थी। इसमें सुहानी ने बबीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाया था। रिलीज़ होने पर 'दंगल' एक बड़ी सफल फिल्म साबित हुई थी, जिसमें सुहानी के अभिनय को भी तारीफ मिली थी।
फिल्म से पहले उन्होंने कई ऐड फिल्में की थीं। सुहानी का एक इंस्टाग्राम अकाउंट भी था, जहां वह अक्सर अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती थीं। उनके अकाउंट को उनकी 'दंगल' की सह-कलाकार सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख फॉलो करती हैं। हालांकि, उनकी आखिरी पोस्ट नवंबर 2021 की थी।
यह वास्तव में दिल चीर देने वाला होता है, जब अनगिनत लोगों के जीवन को प्रभावित करने वाले कलाकारों का निधन हो जाता है। कम उम्र के कारण सुहानी का असामयिक निधन विशेष रूप से हृदयविदारक है। फिलहाल, इस दुख की घड़ी से उबरने के लिए ईश्वर उनके परिवार को हिम्मद दें।