यहां हम आपको दिविता राय के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं, जो 'मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता' में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। आइए जानते हैं।
पिछले साल अगस्त में 'मिस दिवा यूनिवर्स 2022' का खिताब अपने नाम करने वाली 23 वर्षीय दिविता राय (Divita Rai) 'मिस यूनिवर्स' प्रतियोगिता में भारत को रिप्रेजेंट कर रही हैं। कर्नाटक की रहने वाली दिविता के बारे में बहुत कम ही लोग जानते हैं कि उन्होंने 'मिस दिवा यूनिवर्स 2021' में भी भाग लिया था, जिसका खिताब हरनाज़ संधू ने जीता था। इस समय दिविता सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। ऐसे में लोग उनके बारे में सब कुछ जानना चाहते हैं। तो चलिए हम आपको उनके बारे में विस्तार से बताते हैं।
दिविता राय का जन्म कर्नाटक के मैंगलोर में हुआ था। उनके पिता 'इंडियन ऑयल' में काम करते हैं। यही वजह है कि वह देश के कई कोनों में रह चुकी हैं। फिलहाल, दिविता मुंबई में रहती हैं। पेशे से दिविता आर्किटेक्ट और मॉडल हैं। उन्होंने मुंबई में 'सर जे जे कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर' से स्नातक करने के साथ-साथ मॉडलिंग भी की है। वह बैडमिंटन, बास्केटबॉल, पेंटिंग, संगीत के साथ-साथ पढ़ने में भी गहरी दिलचस्पी रखती हैं।
दिविता ने मीडिया को बताया कि उन्होंने बच्चों की सहायता के लिए 2021 में एक फाउंडेशन के लिए धन जुटाया था, जो उन बच्चों की सहायता करता था जो कैंसर का इलाज नहीं करा सकते थे। मौखिक स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने डेंटल किट भी वितरित की थी। ब्यूटी क्वीन शिक्षा को सभी के लिए सुलभ बनाना चाहती हैं। एक साक्षात्कार में उन्होंने साझा किया, "जैसा कि मेरे पिता ने अपनी वित्तीय स्थिति से बाहर निकलने और अपने परिवार के लिए कमाने के लिए खुद को सशक्त बनाया और खुद की शक्ति का उपयोग किया।"
'मिस दिवा 2022' का ताज पहनने के बाद दिविता ने सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया है। वह हाल ही में 'इम्पैक्टवेव' ऐप में शामिल हुईं, जहां उन्होंने शिक्षा के महत्व पर बात की। अपने मिस यूनिवर्स भाषण के दौरान उन्होंने कहा, "वर्तमान विश्व की चुनौतियों का सामना करने के लिए हमें खुद की शक्ति को पहचानने और अपनी क्षमताओं व कौशल का उपयोग करने की आवश्यकता है। ताकि हम इस दुनिया में अच्छे बदलाव ला सकें। संख्या में बहुत से हों, लेकिन हम सभी के लिए एक बेहतर वास्तविकता को पुनः स्थापित करने के संयुक्त इरादे से हम एक स्थायी और प्रभावशाली परिवर्तन करने में सक्षम होंगे।''
फिलहाल, आपको दिविता राय के बारे में ये जानकारी कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं