साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) ने अपनी एक्टिंग, पर्सनैलिटी और लाजवाब फैशन सेंस से लाखों लोगों को दीवाना बना रखा है। पूरी दुनिया में अल्लू अर्जुन के अनगिनत दीवाने हैं। फैंस उनकी प्रोफेशनल लाइफ के साथ ही पर्सनल लाइफ के बारे में भी जानने के लिए काफी एक्साइटेड रहते हैं। तो यहां हम आपके लिए अल्लू अर्जुन और उनकी वाइफ स्नेहा रेड्डी (Sneha Reddy) की सगाई-शादी और रिसेप्शन की एक-एक अनदेखी तस्वीर लेकर आए हैं। आइए आपको दिखाते हैं।
पहले तो ये जान लीजिए कि, साउथ एक्टर अल्लू, अभिनेता चिरंजीवी के भतीजे हैं। अल्लू अर्जुन ने फिल्म ‘गंगोत्री’ से साउथ इंडस्ट्री में कदम रखा था। इस फिल्म के बाद अल्लू अर्जुन को पहचान मिली, लेकिन स्टारडम उन्हें फिल्म ‘आर्या’ से मिली थी। इसके बाद उन्होंने टॉलीवुड को कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। हाल ही में, वह अपनी फिल्म 'पुष्पा: द राइज' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं।
(ये भी पढ़ें- अल्लू अर्जुन का शानदार घर: लैविश लाइफस्टाइल जीते हैं साउथ के सुपरस्टार, 100 करोड़ का है ड्रीम होम)
अल्लू अर्जुन एक बेहतरीन एक्टर होने के अलावा एक प्यारे पति और पिता भी हैं। अल्लू ने 6 मार्च 2011 को अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड स्नेहा रेड्डी से शादी रचाई थी। इसके बाद 3 अप्रैल 2014 को अर्जुन पहली बार पिता बने थे। उनके घर अल्लू अयान का जन्म हुआ था और इसके दो साल बाद यानी साल 2016 में अर्जुन के दूसरे बच्चे के रूप में उनकी बेटी अल्लू अरहा का जन्म हुआ था। स्नेहा और अर्जुन अक्सर अपने बच्चों के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करते हुए सोशल मीडिया पर फोटोज व वीडियोज शेयर करते रहते हैं।
अब आइए आपको दिखाते हैं कपल की इंगेजमेंट की फोटो। दरअसल, अल्लू अर्जुन और स्नेहा ने 26 नवंबर 2010 को हैदराबाद के होटल नोवोटेल में एक भव्य समारोह में सगाई की थी। सगाई की थीम येलो एंड व्हाइट थी। इस दौरान गुलाबी रंग की सब्यसाची साड़ी और डायमंड ज्वेलरी में स्नेहा बेहद खूबसूरत लग रही थीं। वहीं, अल्लू अर्जुन सफेद शेरवानी में हैंडसम लग रहे थे। कपल के सगाई समारोह में परिवार के करीबी सदस्य और दोस्त शामिल हुए थे। सोशल मीडिया पर स्क्रॉल करते हुए हमें अल्लू अर्जुन और स्नेहा रेड्डी की सगाई की एक अनदेखी फोटो मिली है। इस तस्वीर में हम कपल को अपनी फैमिली के साथ कैमरे के लिए पोज देते हुए देख सकते हैं।
वहीं, अपनी शादी के दिन के लिए स्नेहा ने एक गोल्डन और गुलाबी रंग की कांजीवरम सिल्क की साड़ी पहनी थी, जबकि अर्जुन ने 'जेजे वलाया' की सफेद रंग की शेरवानी पहनी थी। खूबसूरत ज्वेलरी में स्नेहा बेहद खूबसूरत लग रही थीं। यहां देखें वो फोटो।
(ये भी पढ़ें: प्रभास से लेकर अक्किनेनी नागार्जुन तक, इन साउथ इंडियन सेलेब्स के पास हैं खुद के प्राइवेट जेट)
स्टाइलिश स्टार अल्लू अर्जुन ने हैदराबाद के शिल्प कला वेदिका में अपने फैंस के लिए एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया था। नवविवाहित जोड़े के साथ, अल्लू अरविंद, चिरंजीवी, राम चरण तेज और नागबाबू ने समारोह में शिरकत की थी। हमें कपल के रिसेप्शन की भी एक फोटो मिली है। शादी के रिसेप्शन के लिए अर्जुन ने लाल रंग की कढ़ाई वाली शेरवानी पहनी थी, जबकि स्नेहा रेड्डी ने गोल्डन कलर की कांजीवरम साड़ी पहनी थी। उन्होंने एक चमकदार डायमंड चोकर सेट, कुंदन लंबी चेन और डायमंड कमर बेल्ट से अपने लुक को पूरा किया था। यहां देखें फोटो।
अब आइए अल्लू अर्जुन और स्नेहा रेड्डी की लव स्टोरी पर एक नजर डाल लेते हैं। अल्लू और स्नेहा की पहली मुलाकात एक दोस्त की शादी में हुई थी। यहां जैसे ही अल्लू ने स्नेहा को देखा, उन्हें उनसे पहली नजर में ही प्यार हो गया। अल्लू और स्नेहा ने उसी शादी में ही एक-दूसरे के साथ अपने नंबर एक्सचेंज किए और इसके बाद उनकी बातें शुरू हो गईं। स्नेहा उस समय अपनी मास्टर्स की डिग्री करके अमेरिका से वापस लौटी थीं और अल्लू अर्जुन नाम उनके लिए बिल्कुल अनजान नहीं था, क्योंकि अल्लू तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में अपनी छाप छोड़ चुके थे। जबकि स्नेहा हैदराबाद के मशहूर बिजनेसमैन केसी शेखर रेड्डी और कविता रेड्डी की बेटी थीं। हालांकि, दोनों की शादी होना आसान बात नहीं थी। क्योंकि अल्लू के पिता उनकी शादी के लिए तैयार नहीं थे।
(ये भी पढ़ें: धनुष-ऐश्वर्या रजनीकांत से पहले साउथ इंडस्ट्री के ये 9 कपल्स भी ले चुके हैं अलग होने का फैसला)
लेकिन एक्टर के बहुत मनाने पर उनके पिता ने स्नेहा के पिता को शादी का प्रपोजल दिया, लेकिन फिर स्नेहा के घर वालों ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। हालांकि, काफी मशक़्क़त के बाद दोनों की खूबसूरत प्रेम कहानी आगे बढ़ी और दोनों शादी के पवित्र बंधन में बंध गए। मौजूदा समय में कपल अपने दो प्यारे बच्चों के साथ खुशहाल ज़िंदगी बिता रहा है।
फिलहाल, हमें अल्लू अर्जुन की फैमिली काफी पसंद आती है। वैसे, आपको उनकी वेडिंग फोटोज कैसी लगीं? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।