By Shivakant Shukla Last Updated:
बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) की बेटी वामिका (Vamika) कल यानी 11 जनवरी 2022 को एक साल की हो चुकी हैं। इस मौके पर फैंस, वामिका की नई तस्वीरों का इंतजार कर रहे थे और उनकी इस इच्छा को एक्ट्रेस ने पूरा भी कर दिया है। अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर अपनी लाडली की एक अनदेखी तस्वीर शेयर की है। आइए आपको दिखाते हैं।
पहले तो ये जान लीजिए कि, अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने शादी के तीन साल बाद यानी 11 जनवरी 2021 को पहली बार माता-पिता बनने का एहसास किया था। इस दिन उन्होंने अपनी बेटी का स्वागत किया था, जिसका नाम कपल ने वामिका रखा है। विराट और अनुष्का अपनी बेटी को लाइमलाइट से दूर रख रहे हैं। उन्होंने अभी तक वामिका का चेहरा नहीं दिखाया है। बावजूद इसके वामिका के पहले बर्थडे पर सोशल मीडिया उनके बर्थडे पोस्ट से गुलजार रहा। फैंस की नजर अनुष्का और विराट के सोशल मीडिया हैंडल पर टिकी हैं कि, कपल कोई ना कोई तस्वीर जरूर शेयर करेगा। और आखिरकार एक्ट्रेस ने फैंस की ये इच्छा पूरी कर दी है।
(ये भी पढ़ें: वामिका कोहली ने मां अनुष्का शर्मा को बुलाया 'मम्मा', क्यूट वीडियो आया सामने)
अनुष्का शर्मा ने 11 जनवरी 2022 को अपनी इंस्टा स्टोरी पर बेटी वामिका की एक नई तस्वीर पोस्ट की है। इस फोटो में वामिका अपनी मां की दोस्त रूमी मित्रा की बेटी के साथ खेलती नजर आ रही हैं। पोस्ट के साथ ही अनुष्का ने बेटी वामिका को बर्थडे विश करने के लिए अपने दोस्त को 'थैंक्स' भी कहा है।
वहीं, अनुष्का शर्मा के भाई कर्णेश ने भी अपनी भांजी वामिका को बर्थडे विश करते हुए कई तस्वीरों का कोलाज शेयर किया है, जिसमें वह अपने पैरेंट्स अनुष्का शर्मा और विराट कोहली के साथ नजर आ रही हैं। हालांकि, इन तस्वीरों में भी वामिका का चेहरा नहीं दिखाई दे रहा है। इसे शेयर करते हुए कर्णेश ने लिखा है, 'वामिका कोहली 1 साल की हो गईं।'
(ये भी पढ़ें: वामिका कोहली से इनाया नौमी खेमू तक, भगवान के नामों से जुड़े हैं इन स्टार किड्स के नाम)
बेटी को लाइमलाइट से दूर रखने के अपने फैसले पर विराट ने कहा था, 'एक कपल के तौर पर हमने ये फैसला किया है कि, हम अपने बच्चे को सोशल मीडिया पर नहीं दिखाएंगे, जब तक कि वह खुद ये न समझ ले कि, सोशल मीडिया होता क्या है और इस बारे में वह खुद फैसला ले सके।'
फिलहाल, हमें अभी वामिका के बर्थडे सेलिब्रेशन की तस्वीरों का इंतजार है। तो आपको एक्ट्रेस द्वारा शेयर की गई ये फोटो कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।