By Shivakant Shukla Last Updated:
एक दुल्हन को अपनी परंपरा को अपनाते हुए देखना हमेशा अच्छा लगता है। लड़कियों को बचपन से ही अपनी मां की चीजों से लगाव होता है और जब वो दुल्हन बनती है, तो मां की साड़ी या ज़ेवर उसे आशीर्वाद के रूप में दिए जाने का चलन काफी पुराना है। पिछले कुछ समय से दुल्हनों को अपने स्पेशल दिन के लिए अपनी मां की शादी की साड़ी और ज़ेवर को एक नया रूप देते देखा गया है।
पहले के समय में कहा जाता था कि, दुल्हन को समृद्धि, सौभाग्य और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए अपनी मां, दादी या नानी के गहने पहनने चाहिए। हाल ही में, एक दुल्हन ने बिल्कुल ऐसा ही किया था। उन्होंने अपनी शादी के दिन के लिए अपनी परदादी की साड़ी के बॉर्डर को यूज करके बनी साड़ी और अपनी मां व नानी के ज़ेवर को चुना था।
(ये भी पढ़ें- 10 सब्यसाची दुल्हनें, जिन्होंने शादी में पहना ऑरेंज कलर का लहंगा, ब्राइडल लुक से नहीं हटेंगी नजरें)
दुल्हन तारिणी मनचंदानी एक खूबसूरत विवाह समारोह में अपने जीवन के प्यार के साथ शादी के बंधन में बंधी थीं। पूरी शादी का मुख्य आकर्षण दुल्हन का ड्रेस था, जिससे वह भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई थीं। उन्होंने सभी डिज़ाइनर कपड़ों को छोड़ एक सुंदर वेडिंग आउटफिट तैयार करवाया था, जो उनके लिए उनके परिवार का आशीर्वाद था।
दुल्हन ने लाल शिफॉन की साड़ी पहनी थी। साड़ी का कपड़ा उनकी मां ने तब खरीदा था, जब वह एक दशक पहले पेरिस गई थीं। उनकी मां ने उस पर पारंपरिक डिजाइन बनवाने के लिए उसे लखनऊ भेजा था। उन्होंने अपनी वेडिंग साड़ी में अपनी परदादी की साड़ी का बॉर्डर जोड़ा था। इस साड़ी को उन्होंने एक स्लीवलेस ब्लाउज़ के साथ स्टाइल किया था, जिसे दुल्हन ने बेहद खूबसूरत डिजाइन के साथ तैयार करवाया था। अपनी शादी की साड़ी के साथ दुल्हन ने एक दुपट्टा लिया था, जिस पर उनके दादा-दादी द्वारा वर्षों से लिखे गए पत्रों के अंश थे।
(ये भी पढ़ें- इन 8 दुल्हनों ने शादी में पहना मनीष मल्होत्रा का डिजाइन किया गया लाल लहंगा, दिखीं बेहद सुंदर)
दुल्हन की ज्वेलरी की बात करें, तो उन्होंने अपनी नानी का हार, मांग टीका और अपनी मां के झुमके पहने थे। दुल्हन ने अपने हाथ में एक कलीरा पहना था, जो उनकी परदादी ने उन्हें दिया था। इसके अलावा, उन्होंने अपने दूल्हे की दादी की एक पुरानी अंगूठी भी पहनी थी। उन्होंने अपने वेडिंग लुक को सटल मेकअप के साथ कंप्लीट किया था।
(ये भी पढ़ें- 10 सब्यसाची दुल्हनें, जिन्होंने शादी में पहना ऑरेंज कलर का लहंगा, ब्राइडल लुक से नहीं हटेंगी नजरें)
फिलहाल, हमें दुल्हन तारिणी मनचंदानी का ये वेडिंग लुक बेहद पसंद आया। वैसे, आपको कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।