दुल्हन ने अपनी शादी में पहना व्हाइट-पिंक कलर का लहंगा, झालरदार दुपट्टे ने लुक में लगाया चार-चांद

दुल्हन नव्या मेहरोत्रा ​ने डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी के कलेक्शन से अपनी शादी के लिए पिंक कलर की लहंगा-चोली का एक सेट पहना था, जिसमें वो काफी आकर्षक लग रही थीं। आइए आपको दिखाते हैं इसकी झलकियां।

img

By Kanika Singh Last Updated:

दुल्हन ने अपनी शादी में पहना व्हाइट-पिंक कलर का लहंगा, झालरदार दुपट्टे ने लुक में लगाया चार-चांद

यह कहना गलत नहीं होगा कि, आधुनिक दुल्हनें अपनी शादी के लिए नए रंगों का चुनाव कर रही हैं। हमने अक्सर कई भारतीय दुल्हनों को अपने वेडिंग-डे के लिए पारंपरिक लाल रंग के लहंगे का चयन करते हुए देखा है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि भारतीय संस्कृति में दुल्हनें सदियों से अपने विवाह समारोहों में लाल रंग का जोड़ा पहनती आ रही हैं। हालांकि, इन दिनों लाल रंग के लहंगे में दुल्हनों की संख्या कम होती दिख रही है। कई दुल्हनें अब हल्के रंगों को चुनने पर विचार कर रही हैं और वो गुलाबी रंग को सबसे अधिक पसंद कर रही हैं। हमें एक बार फिर एक ऐसी दुल्हन मिली, जिन्होंने अपनी शादी में सब्यसाची मुखर्जी के कलेक्शन से गुलाबी रंग की लहंगा-चोली पहनी थी।

(ये भी पढ़ें: इस दुल्हन ने अपनी शादी में पहना राजस्थानी लहंगा, जड़ी वाले ब्लाउज ने खींचा सबका ध्यान)

दुल्हन नव्या मेहरोत्रा अपने सपनों के राजकुमार के साथ वैवाहिक बंधन में बंधीं और अपने इस खास दिन के लिए उन्होंने सब्यसाची के कलेक्शन को चुना था। नव्या मेहरोत्रा ​​​​ने अपनी शादी में गुलाबी और सफेद रंग का सब्यसाची ब्राइडल आउटफिट पहना था,जिसने उनके वेडिंग लुक में चार-चांद लगा दिए थे। नव्या ने सफेद रंग का एक पारंपरिक लहंगा पहना था, जिसमें गुलाबी रंग के सुंदर फूलों की आकृति बनी हुई थी। लहंगे के हेम पर हैवी गोल्डन, पिंक और पर्पल कलर का गोट्टा-पट्टी वर्क किया गया था, जिसमें मिरर वर्क भी था। यहां तक ​​कि, कमर पर लगे बॉर्डर पर भी भारी कढ़ाई की गई थी।

अपने लहंगे के साथ उन्होंने पिंक कलर का सेमी स्लीव ब्लाउज पहना था। उनके ब्लाउज में जटिल धागे का काम हुआ था और उसके चारों ओर सुनहरे रंग के सीक्विन लगे हुए थे। दुल्हन ने डबल दुपट्टे को कैरी किया था। उन्होंने भारी दुपट्टे को साड़ी में स्टाइल किया था और उसे एक कंधे से पिन करके दूसरे सिरे को अपने लहंगे के पिछले हिस्से में टिका दिया था, जबकि सिर पर हल्का जालीदार दुपट्टा रखा हुआ था। अपने लुक को बढ़ाने के लिए दुल्हन ने इसे हरे और सुनहरे रंगों के कॉन्ट्रास्टिंग ज्वेलरी से सजाया था, जिसमें एक हरे रंग का स्टेटमेंट चोकर नेकपीस, एक मांग टीका, झुमके और एक नथ शामिल था। उन्होंने इसे ब्राइट रेड कलर के चूड़ा के साथ पेयर किया था, जिसने उनके लुक में ट्रेडिशनल एलिमेंट को बरकरार रखा था।

(ये भी पढ़ें: दुल्हन ने अपनी शादी में पहनी महाराष्ट्रियन साड़ी, नथ और हार ने ब्राइडल लुक में लगाया चार-चांद)

नव्या ने अपने लुक को लाइट मेकअप से पूरा किया था, जिसे उनके मेकअप आर्टिस्ट राल्फ डेनियल ने किया था। उनके मेकअप में काजल और कोल्ड आइज के साथ हल्का गुलाबी आईशैडो, पेस्टल पिंक कलर का लिप शेड और एक छोटी लाल बिंदी शामिल थी। दुल्हन ने अपने बालों को एक बन में बांधकर (जिसे असली गुलाबी फूलों से सजाया गया था), अपने लुक को पूरा किया था।

फिलहाल, हमें इस दुल्हन के शादी का लुक बेहद पसंद आया। तो, नव्या के ब्राइडल लुक के बारे में आपका क्या कहना है? हमें कमेंट में अवश्य बताएं।

BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.