अजिंक्य रहाणे और राधिका धोपावकर की लव स्टोरी: स्कूल के दिनों में शुरू हुई थी दोनों की प्रेम कहानी

आज इस स्टोरी में हम आपको भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे और उनकी वाइफ राधिका धोपावकर की लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं, जो काफी फिल्मी है।

img

By Kavita Gosainwal Last Updated:

अजिंक्य रहाणे और राधिका धोपावकर की लव स्टोरी: स्कूल के दिनों में शुरू हुई थी दोनों की प्रेम कहानी

लड़कियां अपने काम के मैनेजमेंट को लेकर हमेशा चर्चाओं में रहती हैं। ये बात हमने भी कई बार सुनी है कि, एक लड़की ऑफिस और घर को अच्छी तरह से मैनेज करती है और इसकी झलक तमाम फीमेल सेलिब्रिटीज में देखने को मिलती है। लेकिन ये भी सच है कि, पुरुष में भी ये क्वालिटी होती है। जिसके उदाहरण आज के समय में बॉलीवुड एक्टर्स से लेकर इंडियन क्रिकेटर्स तक सब बन चुके हैं। जहां एक तरफ सभी खिलाड़ी मैदान में अपनी शानदार परफॉर्मेंस से हर किसी को हैरान कर देते हैं, तो दूसरी तरफ वही खिलाड़ी अपनी वाइफ और बच्चों के साथ एक ‘फैमिली मैन’ की भूमिका भी निभाते हैं, जिसमें टीम इंडिया के कैप्टन कूल रह चुके महेंद्र सिंह धोनी, हरभजन सिंह, विराट कोहली समेत कई खिलाड़ी शामिल हैं।

Ajinkya Rahane Love Story

इस लिस्ट में भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) का नाम भी शामिल है। मैदान में अपने शांत स्वभाव के लिए मशहूर अजिंक्य रहाणे को फैंस काफी पसंद करते हैं। एक तरफ फैंस हमेशा उनके खेल की तारीफ करते हैं, तो दूसरी तरफ वो क्रिकेटर की पर्सनल लाइफ के बारे में जानने की इच्छा भी रखते हैं, क्योंकि अजिंक्य रहाणे अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर कम चर्चा में आते हैं और क्रिकेटर की लविंग वाइफ राधिका धोपावकर (Radhika Dhopavkar) भी लाइमलाइट से दूर रहती हैं। तो आज इस स्टोरी में हम आपको अजिंक्य रहाणे और राधिका धोपावकर की फिल्मी लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसकी शुरुआत दोनों के स्कूल के समय से ही हो गई थी।

(ये भी पढ़ें: शिखर धवन की लव स्टोरी: दो बच्चों की मां और 10 साल बड़ी महिला से 'गब्बर' ने लगाया दिल)

Ajinkya Rahane And Radhika Dhopavkar

कौन हैं अजिंक्य रहाणे की पत्नी राधिका धोपावकर?

दोनों की लव स्टोरी जानने से पहले, आपको अजिंक्य रहाणे की वाइफ राधिका के बारे में बताते हैं। राधिका बेहद ही सिंपल लड़की हैं, जो एक सिंपल लाइफ जीने में विश्वास रखती हैं। वह ग्लैमर की दुनिया से दूर रहती हैं। इतना ही नहीं, वह सोशल मीडिया पर भी ज्यादा एक्टिव नहीं हैं। लेकिन एक स्टार वाइफ होने के नाते, उन्हें इंस्टाग्राम पर लाखों लोग फॉलो करते हैं। राधिका को 3 लाख 71 हजार से भी ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। इसके अलावा, राधिका पार्टीज और इवेंट्स में भी कम नजर आती हैं। वह खुद को होममेकर मानती हैं और ऐसे ही रहना पसंद करती हैं।

(ये भी पढ़ें: रवींद्र जडेजा की लव स्टोरी: क्रिकेट के 'जादूगर' को BJP नेत्री रीवाबा सोलंकी से ऐसे हुआ था प्यार)

Ajinkya Rahane Wife Radhika Dhopavkar

अजिंक्य रहाणे और राधिका धोपावकर की लव स्टोरी

अजिंक्य रहाणे और राधिका धोपावकर की लव स्टोरी आपको पुरानी बॉलीवुड कहानी की याद दिला देगी। इतना ही नहीं, दोनों की क्यूट लव स्टोरी फैंस के दिलों में स्कूल की कहानियों को भी जिंदा कर देती हैं। क्योंकि, अंजिक्य और राधिका की लव स्टोरी की शुरुआत स्कूल के दिनों में ही हो गई थी। रहाणे और राधिका एक ही स्कूल में पढ़ते थे। दोनों का घर भी आस-पास था। इसी वजह से राधिका और अजिंक्य एक-दूसरे के साथ खूबसूरत दोस्ती का रिश्ता शेयर करते थे। दोनों अक्सर मिला करते थे और दोनों की यही मुलाकात धीरे-धीरे प्यार में बदल गई, जिसके बाद दोनों हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए।

(ये भी पढ़ें: ये हैं वो 7 क्रिकेटर्स जिन्होंने अलग धर्म में रचाई शादी, एक ने तो प्यार के लिए छोड़ दिया अपना देश)

Ajinkya Rahane And Radhika Dhopavkar Love Story

अजिंक्य रहाणे और राधिका धोपावकर की शादी

एक तरफ कई कपल्स को शादी के लिए घरवालों के सामने काफी पापड़ बेलने पड़ते हैं, तो वहीं अजिंक्य और राधिका की शादी काफी आसानी से हो गई थी। दोनों ने बेशक परिवार से छुपकर एक-दूसरे को डेट किया था, लेकिन उनके परिवारवालों ने कभी दोनों के इस रिश्ते के लिए मना नहीं किया था। अजिंक्य रहाणे की फैमिली चाहती थी कि, वह पहले अपने क्रिकेट के सपने को पूरा करें और फिर शादी जैसे बड़े रिश्ते की जिम्मेदारी को उठाएं और ऐसा ही हुआ। करियर में सफल होने के साथ ही रहाणे ने अपनी लेडीलव राधिका के साथ रिश्ते को एक कदम आगे बढ़ाने का फैसला किया, जिसके बाद दोनों के घरवालों ने मिलकर शादी की सारी तैयारियां की थीं। 26 नवंबर 2014 को अजिंक्य और राधिका ने महाराष्ट्रीयन अंदाज में ग्रैंड वेडिंग की, जिसमें कई खिलाड़ी और बीसीसीआई के सदस्य शामिल हुए थे।

(ये भी पढ़ें: केएल राहुल से लेकर शुभमन गिल तक ये क्रिकेटर्स किसको कर रहे हैं डेट! जानें इसके बारे में)

Ajinkya Rahane And Radhika Dhopavkar wedding

हालांकि, अजिक्य रहाणे की शादी से भी एक मजेदार किस्सा जुड़ा है, जिसके बारे में उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि, शादी के वक्त जैसे ही वह अपने रिश्तेदारों व दोस्तों के साथ लड़की वालों के यहां पहुंचे थे, तो लड़की वाले उन्हें देखकर दंग रह गए थे। रहाणे वहां पर दूल्हे के लिबास में नहीं बल्कि, एक पीले रंग की टी-शर्ट और जींस पहनकर पहुंच गए थे। दूल्हे को इस हालत में देख सब हैरान थे, वहीं उनकी होने वाली पत्नी राधिका ने भी उन्हें गुस्से में घूरकर देखा था और वह बेहद नाराज थीं और अपनी गलती का अहसास अजिंक्य को भी हुआ था। इस इंटरव्यू में क्रिकेटर ने ये भी बताया था कि, उन्हें शादी के कपड़े खरीदने का समय नहीं मिला था। रहाणे ने कहा था, 'मैं तो सिंपल स्पोर्ट्स पर्सन की तरह अपनी शादी में पहुंच गया था। हालांकि, सबके रिएक्शन से मैं समझ गया कि मैंने कुछ गलत कर दिया है।'

(ये भी पढ़ें: अनुष्का शर्मा के बचपन की दोस्त हैं साक्षी धोनी, देखें दोनों की स्कूल से लेकर कॉलेज तक की फोटोज)

Ajinkya Rahane And Radhika Dhopavkar wedding

अजिंक्य और राधिका की शानदार रिसेप्शन पार्टी

शादी के बाद, अजिंक्य और राधिका ने एक ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी भी दी थी, जिमसें क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ-साथ कई बॉलीवुड सेलेब्स भी नजर आए थे। अपने रिसेप्शन में अजिंक्य रहाणे ब्लैक थ्री-पीस सूट में काफी हैंडसम लग रहे थे और राधिका ने रेड लहंगा पहना था, जिस पर गोल्डन कलर का हैवी वर्क किया हुआ था। इस लहंगे में वह बेहद गॉर्जियस लग रही थीं।

Ajinkya Rahane And Radhika Dhopavkar reception photo

अजिंक्य और राधिका की बेटी

अजिंक्य और राधिका ने शादी के 5 साल बाद अपनी जिंदगी में एक नन्ही परी का स्वागत किया, जिसे कपल ने ‘आर्या’ नाम दिया। राधिका अपनी बेटी संग तस्वीरें व वीडियोज सोशल मीडिया पर शेयर करना नहीं भूलती हैं। 27 जनवरी 2021 को राधिका ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें आर्या अपने पापा अजिंक्य के साथ खेलती नजर आ रही थीं। इस वीडियो में अजिंक्य और आर्या एक-साथ डांस कर रहे थे। इस दौरान पापा और बेटी का स्पेशल बॉन्ड साफ झलक रहा था।

अजिंक्य रहाणे का करियर

अजिंक्य रहाणे ने अपने करियर की शुरुआत मुंबई की घरेलू प्रतियोगिता से की थी। इसके बाद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की दुनिया में कदम रखा। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जिसके आगे अच्छे-अच्छे गेंदबाज फीके पड़ते हुए नजर आते हैं। अजिंक्य ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत साल 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ की थी। इसके बाद उन्होंने साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की। वहीं, आईपीएल में 'दिल्ली कैपिटल्स' के लिए खेलते हैं। अजिंक्य के खेल को बड़े-बड़े खिलाड़ी से लेकर फैंस तक हर कोई पसंद करता है, क्योंकि वह मैदान में काफी शांत रहते हैं और इसी वजह से आज के समय में वह ‘ए’ ग्रेड बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हैं।

ajinkya rahane career

अजिंक्य रहाणे की नेट वर्थ

अजिंक्य रहाणे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के ‘ए’ ग्रेड के खिलाड़ी हैं, ऐसे में उनकी कमाई भी काफी अच्छी खासी है। ‘Powerportz.com’ के अनुसार, अजिंक्य रहाणे की कुल संपत्ति 9 मिलियन डॉलर आंकी गई है। उन्होंने अपनी संपत्ति का एक मोटा हिस्सा BCCI में बतौर सक्रिय क्रिकेटर के तौर पर कमाया है। इसके अलावा, वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का भी हिस्सा हैं। वह दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मैदान में उतरते हैं। दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से उन्हें हर साल 5 करोड़ रुपये दिए जाते हैं।

ajinkya rahane net worth

फिलहाल, आज के समय में अजिंक्य रहाणे और राधिका अपनी लाडली बेटी के साथ अपनी लाइफ को एंजॉय कर रहे हैं। तो आपको अजिंक्य और राधिका की ये फिल्मी लव स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं और अगर आप हमें कोई सुझाव देना चाहते हैं, तो जरूर दें।

(फोटो क्रेडिट: राधिका धोपावकरअजिंक्य रहाणे)
BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.