बॉलीवुड अभिनेत्रियों के एक्स हसबैंड जो कभी अपनी पत्नियों को करते थे बेहद प्यार, मगर मिला तलाक

अपनी बीवियों से बेइंतहा प्यार करने के बावजूद भी बॉलीवुड की कुछ अभिनेत्रियों के पहले पतियों को तलाक लेना पड़ा था। इस लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं। तो चलिए जानते हैं इनके बारे में..

img

By Shivakant Shukla Last Updated:

बॉलीवुड अभिनेत्रियों के एक्स हसबैंड जो कभी अपनी पत्नियों को करते थे बेहद प्यार, मगर मिला तलाक

शादी एक ऐसा रिश्ता है जिसे सात जन्मों के पवित्र बंधन के रूप में माना जाता है, मगर कई बार यह इतना जटिल हो जाता है कि चंद दिनों में ही टूटने की कगार पर पहुंच जाता है। बॉलीवुड की कई जोड़ियों के साथ ऐसा हो चुका है, जिनके रास्ते जुदा हो गए और आज दोनों अलग-अलग जिंदगी गुजार रहे हैं। यहां हम आपको बॉलीवुड के ऐसे ही पूर्व पतियों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी शादी कुछ महीनों या फिर कुछ सालों में ही टूट गयी। साथ ही आपको बताएंगे कि बॉलीवुड हसीनाओं के ये एक्स हसबैंड इन दिनों किसके साथ रह रहे हैं?

1. संजय कपूर

करिश्मा कपूर (Karisma Kapoor) 90 के दशक की सबसे मशहूर अभिनेत्रियों में से एक रही हैं। करिश्मा कपूर की सबसे लोकप्रिय और यादगार फिल्मों में 'दिल तो पागल है' और 'राजा हिंदुस्तानी' आदि शामिल हैं। करिश्मा कपूर और संजय कपूर (Sanjay Kapoor) की शादी बड़े ही धूमधाम से पंजाबी रीति-रिवाज से हुई थी। दोनों की शादीशुदा जिंदगी अच्छी चल रही थी, लेकिन शादी के कुछ वर्षों के बाद ही कपल के रिश्ते में खटास आनी शुरू हो गई थी।

रिश्ते में कड़वाहट तेजी से बढ़ती जा रही थी। करिश्मा और संजय के समायरा और कियान नाम के दो बच्चे भी हैं। दोनों के बीच लंबे समय तक लड़ाई चली और आखिरकार इनका तलाक हो गया, जो कि बहुत महंगा पड़ा। संजय कपूर ने 13 अप्रैल, 2017 को एक बार फिर से मॉडल प्रिया सचदेवा से शादी रचा ली थी। शादी के बाद उन्होंने न्यूयॉर्क में एक बड़ा वेडिंग रिसेप्शन भी दिया था। संजय कपूर ने प्रिया को वर्ष 2013 में उस वक्त डेट करना शुरू किया था, जब करिश्मा उनकी जिंदगी से पूरी तरह बाहर हो गई थीं। करिश्मा के बारे में कहा जाता है कि इन दिनों वह बिजनेसमैन संदीप तोषनीवाल को डेट कर रही हैं।

2. सम्राट दहल

नेपाली ब्यूटी मनीषा कोइराला (Manisha Koirala) ने बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं। एक वक्त पर मनीषा कोइराला की सुंदरता पर उनके फैंस लट्टू थे, लेकिन उन्होंने शादी काठमांडू के बिजनेसमैन सम्राट दहल (Samrat Dahal) से की थी। वर्ष 2010 में मनीषा और सम्राट ने सात फेरे लिए थे, जिसके बाद मनीषा कोइराला ने बॉलीवुड को अलविदा भी कह दिया था, मगर शादी के महज 2 वर्षों के बाद ही दोनों अलग हो गए थे। मनीषा कोइराला ने तलाक की पूरी जिम्मेदारी ली थी। मनीषा से तलाक के बाद सम्राट अकेले ही जिंदगी गुजार रहे हैं। उन्होंने अपना पूरा ध्यान अपने बिजनेस पर ही लगा रखा है। (ये भी पढ़ें: बेहद अलग था इन बॉलीवुड सेलेब्स के प्यार का इज़हार, शाहरुख खान ने गौरी को ऐसे किया था प्रपोज)   

3. अरबाज खान

सलमान खान के भाई एवं बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान (Arbaaz Khan) और अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा (Malaika Arora) की जोड़ी जबरदस्त जमी थी। दोनों को देखकर लगता था कि ये एक-दूसरे के लिए ही बने हैं। इनकी प्रेम कहानी भी बहुत अलग रही थी, लेकिन जब इनके तलाक की खबर आई, तो हर कोई हैरान रह गया था। भले ही दोनों आज अलग हो गए हैं और अलग-अलग जिंदगी बिता रहे हों, लेकिन अब भी दोनों के बीच अच्छे संबंध कायम हैं और कई बार दोनों को साथ में पार्टी करते हुए भी देखा जाता है।

तलाक के बाद अरबाज खान ने फिस्टा हॉस्पिटैलिटी ग्रुप की संस्थापक येलो मेहरा (Yellow Mehra) में रुचि लेना शुरू कर दिया था। इन दोनों को सबसे पहले गोवा में साथ में अच्छा समय बिताते हुए देखा गया था। हालांकि, अरबाज ने इस विषय पर कभी कुछ भी नहीं कहा। अरबाज खान इन दिनों इटालियन अभिनेत्री और मॉडल जॉर्जिया एंड्रियानी के साथ अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। वहीं, मलाइका अरोड़ा बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर को डेट कर रही हैं।

4. फरहान अख्तर

बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) और अधुना (Adhuna) की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे स्टाइलिस्ट जोड़ियों में से एक मानी जाती थी। इन्होंने शादी के बंधन में बंधने के बाद 15 साल साथ बिताए, मगर इसके बाद उनके रास्ते अलग हो गए। फिल्म 'दिल चाहता है' के सेट पर इनकी पहली मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोनों प्यार में पड़ गए थे और फिर शादी भी रचा ली थी।

इनकी शाक्या और अकीरा नाम की दो बेटियां भी हैं। इनके तलाक की वजह कोई नहीं जानता, लेकिन यह हैरान कर देने वाला जरूर रहा। तलाक के बाद फरहान के अदिति राव हैदरी और श्रद्धा कपूर के साथ रिश्ते को लेकर भी अफवाहें उड़ी थीं। हालांकि, फरहान ने कभी इसे स्वीकार नहीं किया। श्रद्धा कपूर के साथ विशेष तौर पर कई बार उनकी नजदीकी देखने को मिली थी।

5. ज्योति रंधावा

प्रसिद्ध भारतीय गोल्फर ज्योति रंधावा (Jyoti Randhawa) ने बॉलीवुड की सबसे हॉट अभिनेत्रियों में से एक चित्रांगदा सिंह (Chitrangada Singh) से वर्ष 2001 में शादी रचाई थी। इनका जोरावर रंधावा नाम का एक बेटा भी है। हालांकि, कई वर्षों तक ये अलग रहे और आखिरकार 2014 में इन्हें तलाक मिल गया।

वैसे तो यह साफ नहीं है कि ज्योति इस वक्त किस को डेट कर रहे हैं, पर मिस मालिनी के ब्लॉग पर यकीन करें तो वे किसी के साथ रिश्ते में हैं, मगर चित्रांगदा की वजह से दोनों आगे नहीं बढ़ पा रहे। दरअसल, चित्रांगदा हमेशा ज्योति के यहां अपने बेटे के साथ वक्त बिताने के लिए पहुंचती रहती हैं। (ये भी पढ़ें: फिल्मी पर्दे पर विलेन रह चुके अमजद खान की ऐसी थी लव लाइफ, जानिए क्यों पत्नी नहीं देखती उनकी फिल्में)

6. अनुराग कश्यप

मशहूर बॉलीवुड निर्देशक अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) की केवल फिल्में ही नहीं, बल्कि उनकी व्यक्तिगत जिंदगी भी गॉसिप का हिस्सा बनी रहती है। उन्होंने अपनी पहली शादी खत्म करके बॉलीवुड अभिनेत्री कल्कि कोचलिन (Kalki Koechlin) से 2011 में शादी रचा ली थी, लेकिन वर्ष 2015 में उनका यह रिश्ता भी टूट गया था।

अफवाहों पर यदि यकीन करें तो अनुराग कश्यप इन दिनों 24 साल की शुभ्रा शेट्टी को डेट कर रहे हैं। इनके फोटोज इंटरनेट पर अक्सर देखने को मिल जाते हैं।

7. मोहम्मद अजहरुद्दीन

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन (Mohammad Azharuddin) का विवादों से गहरा नाता रहा है। चाहे मैच फिक्सिंग में उनकी भूमिका रही हो या फिर संगीता बिजलानी (Sangeeta Bijlani) के साथ उनका एक्स्ट्रामैरिटल अफेयर, वे हमेशा ही मीडिया में किसी-न-किसी वजह से सुर्ख़ियों में बने रहते थे। अपनी पहली पत्नी को तलाक देने के बाद अजहरुद्दीन ने संगीता के साथ जिंदगी भर का नाता जोड़ तो लिया था, लेकिन उनसे भी आखिरकार उनका तलाक हो गया था। 

8. ऋतिक रोशन

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋतिक रोशन (Hritik Roshan), जिनकी जिंदगी की पहली ही फिल्म 'कहो ना प्यार है' सुपरहिट रही थी, उनकी सुजैन खान (Sussanne Khan) के साथ जोड़ी खूब जमी थी। इन दोनों को बॉलीवुड के सबसे अच्छे कपल्स में से एक माना जाता था। हालांकि, वर्ष 2014 में जब इन्होंने तलाक के कागजात पर हस्ताक्षर कर दिए, तो यह जानकर हर कोई हैरान रह गया था।

ऋतिक और सुजैन तभी से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे, जब वे अपनी किशोरावस्था के दौर से गुजर रहे थे, मगर फिर भी 14 वर्षों तक शादी के बंधन में रहने के बाद इन्होंने अलग होने का निर्णय ले लिया। बहरहाल, सुजैन खान से अलग होने के बावजूद ऋतिक रोशन उन्हें आज भी उतना ही सम्मान देते हैं, जितना कि वे उनके साथ शादी के बंधन में रहने के दौरान दिया करते थे। ठीक उसी तरीके से सुजैन खान भी ऋतिक के परिवार वालों से मिलती रहती हैं। अपने बच्चों के साथ दोनों कई बार वक्त बिताते हुए भी देखे जाते हैं।

सुजैन खान से अलग होने के बाद ऋतिक रोशन बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangna Ranaut) के साथ अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियां बटोरने लगे थे। हालांकि, दोनों के बीच सबकुछ ठीक नहीं रहा और इनके बीच कानूनी लड़ाई तक की नौबत आ गई थी। दोनों में से कौन किसको डेट कर रहा था, मीडिया में यह सवाल खूब छाया रहा था।

9. रणवीर शौरी

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर शौरी (Ranvir Shorey) और अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा (Konkona Sen Sharma) बॉलीवुड के उन कलाकारों में से एक हैं, जिन्होंने कई मौकों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वर्ष 2010 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए थे और वर्ष 2011 में इन्होंने अपने बेटे हारून का भी इस दुनिया में स्वागत किया था। (ये भी पढ़ें: शम्मी कपूर लव लाइफ: पहला प्यार रह गया था अधूरा, तो दूसरी पत्नी के सामने रखी थी ये बड़ी शर्त)   

हालांकि, वर्ष 2015 में दोनों के रास्ते जुदा हो गए थे। कोंकणा-रणवीर का औपचारिक तलाक पिछले महीने ही हुआ है। एक-दूसरे से अलग होने के बावजूद रणवीर और कोंकणा अपने बेटे का पालन-पोषण कर रहे हैं और दूसरों के लिए मिसाल पेश कर रहे हैं। जब कोंकणा काम के लिए जाती हैं, तो रणवीर को अपने बेटे की देखरेख करना अच्छा लगता है।

इस तरह से ये सेलिब्रिटीज चाहे साथ में रहें या अलग, हम बस इनकी खुशहाल जिंदगी की कामना करते हैं। हम यह भी उम्मीद करते हैं कि उन्हें जिंदगी में आगे बढ़ने और एक अच्छी जिंदगी जीने की हिम्मत यूं ही मिलती रहे। तो आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट कर के बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो हमें अवश्य दें।

(फोटो क्रेडिट: इंस्टाग्राम)
BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.