टीवी कपल शक्ति अरोड़ा और नेहा सक्सेना की लव स्टोरी: रोमांस और ट्विस्ट से भरी है इनकी प्रेम कहानी

टीवी सीरियल 'तेरे लिए' से घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाले शक्ति अरोड़ा और नेहा सक्सेना की प्रेम कहानी दूसरे सेलिब्रिटीज से कहीं हटकर है। यहां हम आपको इस कपल की लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं।

img

By Chandrashekhar Kumar Last Updated:

टीवी कपल शक्ति अरोड़ा और नेहा सक्सेना की लव स्टोरी: रोमांस और ट्विस्ट से भरी है इनकी प्रेम कहानी

आमतौर पर टेलीविजन कपल की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं होती। उनकी लव लाइफ में रोमांस, नखरे और ट्विस्ट भरे होते हैं। ऐसी ही एक कमाल की जोड़ी है नेहा सक्सेना और शक्ति अरोड़ा की। शक्ति और नेहा की जोड़ी को स्टार प्लस के शो 'तेरे लिए' में फैंस ने बहुत पसंद किया था। ऐसा कहा जाता है कि जब शक्ति और नेहा मिले थे, उन्हें एक-दूसरे को समझने में काफी समय लगा था। पहले दोनों में गलतफहमियां हुईं, उसके बाद दोस्ती बढ़ी और फिर यह दोस्ती प्यार में बदल गई थी। आइए जानते हैं इस कपल की क्यूट सी लव स्टोरी के बारे में।

रिश्ते की खट्टी-मिट्ठी शुरुआत

दूसरे टेलीविजन सेलिब्रिटीज के विपरीत इस जोड़ी के रिश्ते की शुरुआत रोचक तरीके से हुई थी। इनकी लव स्टोरी बिल्कुल एकता कपूर के सीरियल की तरह है। कुल मिलाकर इनकी स्टोरी सस्पेंस से भरी है। एक लड़की एक लड़के से मिलती है, दोनों की एक-दूसरे से नहीं बनती है, उनका ईगो उन्हें अलग रखता है। ऐसे में तकरार प्यार में बदल जाता है, लेकिन प्यार के इजहार के बाद भी इनकी लव स्टोरी ट्विस्ट से भरी रही। 

कपल की पहली मुलाकात     

यह जोड़ी पहली बार 2010 में स्टार प्लस के शो 'तेरे लिए' के सेट पर मिली थी, जहां दोनों ने ऑन-स्क्रीन कपल की भूमिका निभाई थी। उनमें शुरू में एक-दूसरे के प्रति झिझक थी, क्योंकि शक्ति उस समय इंडस्ट्री में नए थे। वहीं, नेहा पहले से टेलीविजन इंडस्ट्री में लीडिंग स्टार का स्टेटस बना चुकी थीं। शुरुआती मिसअंडरस्टैंडिंग के बाद जल्द ही वे दोस्त बन गए थे। उस समय तक उनके बीच कोई लव केमिस्ट्री नहीं थी। नेहा ने कहा था, '' हम लोगों में शो के दौरान अमेजिंग केमिस्ट्री थी। हम अच्छे दोस्त भी बन गए। लेकिन हमारे बीच कुछ भी नहीं चल रहा था।''

प्यार की शुरुआत कैसे हुई?

नेहा शक्ति का पहला प्यार नहीं थी। वह ब्रेकअप के बाद मुश्किल समय से गुजर रहे थे और जिंदगी के इसी मोड़ पर नेहा उन्हें एक दोस्त के रूप में मिली थी। ऐसे में धीरे-धीरे एहसास हुआ कि उन्हें कहीं प्यार ढूंढने की जरूरत नहीं है। वे एक-दूसरे को अच्छी तरह समझने लगे थे। इसके बावजूद शक्ति को अपने प्यार का इजहार करने में काफी समय लगा था। जैसा कि शक्ति ने कहा था, '' हमें एहसास हुआ कि हम एक-दूसरे को पसंद करते हैं। फिर भी मुझे प्रपोज करने में लगभग एक साल का समय लगा। इस बीच हमारे संबंध काफी रोमांटिक रहे।'' शक्ति के प्रपोज करने के बाद जल्द ही इस कपल ने आधिकारिक तौर पर अपने रिश्ते की घोषणा कर दी थी। नेहा ने कुकिंग स्किल्स से शक्ति को इंप्रेस किया था, जबकि शक्ति की ईमानदारी और सहजता ने इस चुलबुली लड़की को अपना दीवाना बना दिया था। शक्ति हमेशा अपने रिलेशनशिप को शो करते रहे हैं। अक्सर बिजी शेड्यूल से समय निकाल कर वह नेहा के साथ टाइम स्पेंड करना पसंद करते हैं। (ये भी पढ़ें ; जब 'तैमूर' ने देखा था सैफ के हाथ में करीना के नाम का टैटू, तो ऐसा था छोटे नवाब का रिएक्शन)  

सीक्रेट रोका सेरेमनी

कुछ दिनों तक रिलेशनशिप में रहने के बाद आखिरकार वो समय भी आ गया जब कपल एक-दूसरे से शादी करने के लिए राजी हो गया, और फिर 6 जून 2014 को मुंबई के गोरेगांव स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इस कपल की रोका सेरेमनी संपन्न हुई। सूत्रों के अनुसार, यह सेरेमनी काफी प्राइवेट थी और बेहद करीबी लोग ही इसमें शामिल हो पाए थे।    

नोटबंदी में शादी हुई पोस्टपोन

रोका सेरेमनी के 2 साल बाद 15 नवंबर 2016 को इस कपल ने शादी के बंधन में बंधने का फैसला किया, लेकिन किसे पता था कि इस कपल की लाइफ में कुछ और ही ट्विस्ट आने वाला था। इसी दौरान देश में नोटबंदी की घोषणा हुई और पुराने नोटों का चलन बंद हो गया। इसकी वजह से दोनों की शादी पोस्टपोन हो गई।

ब्रेकअप की अफवाह

शादी टलने के कुछ महीने बाद इस कपल के ब्रेकअप की अफवाहें उड़ने लगी। ऐसी गॉसिप होने लगी कि बिजी शेड्यूल की वजह से दोनों एक-दूसरे को टाइम नहीं दे पा रहे हैं। दरअसल, उस समय शक्ति एक प्रोजेक्ट के लिए जकार्ता में शूटिंग कर रहे थे, तभी मीडिया में उनके ब्रेकअप की खबरें छपने लगी थीं। बॉम्बे टाइम्स में सूत्रों के हवाले से खबर छपी थी कि, ''पिछले कुछ महीनों में उनके बीच मतभेद पैदा हुए, जिसके कारण लगातार झगड़े हुए। इसलिए नेहा अब भारत वापस आ गई हैं और उन्होंने एक-दूसरे से ब्रेकअप का फैसला किया है।'' इतना ही नहीं शक्ति और नेहा ने भी अपने-अपने इंस्टाग्राम हैंडल से रोमांटिक तस्वीरें डिलीट कर दी थीं। इसके बावजूद नेहा ने कहा था कि उनके बीच रिश्ते बिल्कुल ठीक हैं। (ये भी पढ़ें ; काफी विवादित रही है महेश भट्ट की लव लाइफ, एक नहीं तीन एक्ट्रेस से चला अफेयर)   

अफवाहों पर विराम और शादी की घोषणा  

इन अफवाहों की वजह से शक्ति और नेहा पर तंज कसा जाने लगा था। इस पर विराम लगाने के लिए शक्ति ने अपने इंस्टाग्राम पर नेहा के साथ एक रोमांटिक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, '' एक सच्चा रिश्ता अफवाहों से परे है...''। इसके बाद एक इंटरव्यू में नेहा ने भी अपनी शादी के प्लान के बारे में डिस्कस कर सारी अफवाहों पर विराम लगा दिया। नेहा ने कहा था, '' हम रिश्ते में काफी आगे बढ़ चुके हैं। हमारे परिवार के लोग भी इस रिश्ते में शामिल हैं। हम लोग जल्द ही शादी करने वाले हैं।''

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में नेहा ने लिखा था, '' मैं चाहती हूं कि मेरी शादी जीवन से बड़ी हो। मुझे इंडियन ड्रेस पहनना बहुत पसंद है। मेरी शादी भव्य तरीके से फिल्मों की तरह होगी। इसमें कई फंक्शन होंगे। मैं इसे पूरी तरह सेलिब्रेट करना पसंद करूंगी।'' इंस्टाग्राम पर अपने एक अन्य पोस्ट में नेहा ने कहा था कि, ''वह नहीं जानती कि कहां से अफवाहें फैल जाती हैं? दुनिया जो भी कहे, हम साथ और खुश हैं।'' वहीं, एक इंटरव्यू में शक्ति ने कबूल किया था कि, उनके रिश्ते में सब कुछ 'ऑल इज वेल' है।   

शादी का सरप्राइज

सभी दोस्तों, परिवार और फैंस को सरप्राइज देते हुए इस कपल ने 6 अप्रैल 2018 को गुपचुप तरीके से शादी रचा ली। अपनी लव लाइफ में इतने ट्विस्ट और टर्न से होते हुए आखिरकार यह कपल एक-दूसरे का हो गया। शादी के बाद शक्ति ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी की एक क्यूट सी तस्वीर शेयर की थी। (ये भी पढ़ें ; सलमान खान की प्रेम लीला! जानें कैसे यूलिया वंतूर के साथ जुड़ा एक्टर का नाम और क्या है शादी का प्लान?)

जब शक्ति से एक इंटरव्यू में पूछा गया कि शादी के बाद लाइफ कितनी बदली है, तो उन्होंने जवाब दिया था, '' मैं एक शादीशुदा व्यक्ति की तरह महसूस नहीं करता हूं। अभी तक कुछ समझ नहीं आ रहा है, लेकिन यह एक अच्छी फीलिंग है।''

फिलहाल, यह कपल अपनी मैरिज लाइफ में बहुत खुश है और लाइफ को एन्जॉय कर रहा है। तो आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें। 

BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.