टेलीविजन एक्ट्रेस कृष्णा मुखर्जी (Krishna Mukherjee) जल्द ही अपने नेवी ऑफिसर मंगेतर चिराग बाटलीवाला से शादी करने जा रही हैं। दोनों ने नवंबर 2022 में पहाड़ों के बीच सगाई की थी। अब कुछ ही हफ्तों में कृष्णा दुल्हन बन जाएंगी, लेकिन उससे पहले वह अपने बैचलर फेज को पूरी तरह एंजॉय कर रही हैं। उनके दोस्तों ने उन्हें फुकेत में एक बैचलर पार्टी देकर सरप्राइज दिया है। आइए आपको इसकी झलकियां दिखाते हैं।
15 फरवरी 2023 को कृष्णा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपने बैचलरेट बैश का एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने खुलासा किया कि उनके सबसे अच्छे दोस्तों ने फुकेत में पार्टी करके उन्हें सरप्राइज दिया है। होने वाली दुल्हन को दिल खोलकर डांस करते, अपनी लड़कियों के साथ मदहोश होते और क्रेज़ी तस्वीरें क्लिक करवाते देखा गया। कृष्णा ने समुद्र के किनारे एक स्वादिष्ट केक भी काटा था। हालांकि, यह उनकी ड्रेस थी, जिसने फैंस को हैरान कर दिया। उन्होंने सिल्वर कलर की शिमरी फिटेड ड्रेस पहनी थी।
इसके साथ ही, कृष्णा ने एक क्यूट नोट लिखा कि कैसे उनकी लड़कियों ने उनके लिए एक सरप्राइज पार्टी का आयोजन किया। उन्होंने लिखा था, "मेरी लड़कियों ने मुझे एक अद्भुत बैचलरेट पार्टी के साथ आश्चर्यचकित किया और इससे बेहतर कुछ भी नहीं हो सकता।"
वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें।
इसके पहले, 14 फरवरी 2023 को कृष्णा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपने दोस्तों के साथ पार्टी करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में कृष्णा ने स्ट्रेपी स्लीव्स वाली शिमरी सिल्वर ड्रेस पहन रखी थी। हालांकि, नेटिजंस को उनकी टाइट-फिटेड शॉर्ट ड्रेस पसंद नहीं आई, जिसमें एक नेकलाइन और कट-आउट डिटेलिंग थी। उन्होंने शराब का एक गिलास भी पकड़ा हुआ था। हालांकि, इसके लिए उन्हें ट्रोल भी किया गया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
'बॉम्बे टाइम्स' के साथ एक साक्षात्कार में कृष्णा मुखर्जी ने साझा किया था कि वे पिछले साल परिचित दोस्तों के माध्यम से मिले थे। उन्होंने यह भी खुलासा किया था कि जब वह पहली बार उनसे मिली थीं, तो वह तुरंत उनकी ओर आकर्षित हो गई थीं, क्योंकि वह अपनी वर्दी में थे।
खैर, कृष्णा की बैचलरेट पार्टी बहुत मजेदार दिखी। तो आपको एक्ट्रेस द्वारा शेयर किया गया वीडियो कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।