इन बॉलीवुड कपल्स के बीच है उम्र का लंबा अंतर, लेकिन प्यार के आगे नहीं की ऐज की परवाह

बॉलीवुड के कई स्टार ऐसे हैं, जब वे प्यार में पड़े तो उनके लिए उम्र मायने नहीं रखी। यहां आपको कुछ ऐसे कपल्स से मिलवाने जा रहे हैं, जिनके बीच उम्र का अंतर 10 साल से ज्यादा है।

img

By Ritu Singh Last Updated:

इन बॉलीवुड कपल्स के बीच है उम्र का लंबा अंतर, लेकिन प्यार के आगे नहीं की ऐज की परवाह

दिल के मामले में शायद ही कभी कोई उम्र पर नजर डालता है। ये बात तब और मायने रखती है जब हम बात बॉलीवुड स्टार्स के बारे में करते हैं। इंडस्ट्रीज में कई ऐसे जोड़े हैं, जिन्होंने अपनी उम्र से बड़े जीवनसाथी से प्यार किया और आज वे बेहद खुशनुमा जिंदगी जी रहे हैं। बॉलीवुड कपल्स ने ये साबित कर दिया है कि जब किसी को किसी से प्यार होता है तो उम्र केवल एक संख्या भर होती है। तो चलिए आज आपको कुछ ऐसे ही हैप्पी मैरिड कपल्स से मिलवाएं, जिनके उम्र के बीच 10 या इससे अधिक साल का अंतर है।

शाहिद कपूर और मीरा राजपूत

शाहिद कपूर (Shaheed Kapoor) और मीरा राजपूत (Meera Rajput) ने 7 जुलाई, 2015 को अपने परिवार की रजामंदी से शादी की थी। दोनों के बीच 13 साल का अंतर है। दोनों के परिवार 'राधा स्वामी सत्संग ब्यास' के साथ जुड़े हुए हैं और वे अपने पेरेंट्स के साथ वहां जाया करते थे। मीरा जब 16 साल की थीं तब वह शाहिद से मिली थीं। सत्संग में ही दोनों के परिवारों ने उनकी शादी करने की बात की थी। शादी के समय शाहिद 34 साल के थे और मीरा की उम्र 21 साल थी। मीरा और शाहिद की शादी गुरुग्राम में एक प्राइवेट सेरेमनी में बहुत ही खास लोगों के बीच हुई थी। अब इस कपल के दो प्यारे से बच्चे भी हैं, जिनका नाम मीशा कपूर और ज़ैन कपूर है।  (इसे भी पढ़ें: मीरा राजपूत से पहली मुलाकात में शाहिद कपूर ने उम्र को लेकर पूछा था सवाल, तो मिला था ऐसा जवाब)

सैफ अली खान और करीना कपूर

सैफ अली खान (Saif Ali Khan) की शादी की बात करें तो उनकी दोनों ही शादियों में उनके पार्टनर की उम्र में काफी अंतर था। अमृता सिंह (Amrita Singh) से जब सैफ ने शादी की थी, तब अमृता उनसे 12 साल बड़ीं थी। वहीं, साल 2004 में अमृता से तलाक के बाद उन्होंने अपने से 11 साल छोटी करीना कपूर (Kareena Kapoor) से शादी की। 16 अक्टूबर, 2012 को करीना और सैफ की शादी हुई थी। इस कपल को एक बेटा तैमूर (Taimur) है और जल्दी दूसरे बच्चे का भी ये कपल स्वागत करने वाला है।

संजय दत्त और मान्यता

साल 2008 में जब संजय दत्त (Sanjay Dutt) और मान्यता दत्त (Manyata Dutt) ने शादी की तो उन्हें दत्त बहनों की आपत्तियों को ही नहीं, बल्कि कई अन्य परेशानियों का सामना भी करना पड़ा था। साल 2006 में निर्माता नितिन मनमोहन (Nitin Manmohan) ने दोनों को मिलवाया था, तभी दोनों के बीच प्यार का सिलसिला शुरू हो गया था। 2007 में दोनों की जोड़ी लोगों की नजर में आई थी। अपने प्यार और मजबूत बंधन के आगे उन्होंने अपनी उम्र के बीच के अंतर को भी मिटा दिया। दोनों के बीच करीब 19 साल का अंतर है। कपल के दो प्यारे जुड़वां बच्चे भी हैं, जिनका जन्म 2010 में हुआ।

कबीर बेदी और परवीन दुसांज

कबीर बेदी (Kabir Bedi) ने अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड परवीन दुसांज (Parveen Dusanj) से अपने 70वें जन्मदिन पर शादी की थी। ये दोनों लंबे समय से रिलेशनशिप में थे। कबीर अपनी चौथी पत्नी परवीन उनसे पूरे 29 साल छोटी हैं। कबीर ने अपने 70वें जन्मदिन पर जब परवीन से शादी की तब वह 41 साल की थीं। परवीन दुसांज, कबीर की बेटी पूजा (Pooja Bedi) बेदी से चार साल छोटी हैं। ब्रिटेन में जन्मी परवीन ब्रिटेन सरकार में उस समय सामाजिक बदलाव के लिए एक सलाहकार के रूप में काम कर रही थीं। इस कपल की शादी को एक दशक हो चुके हैं। दोनों ने 2005 में शादी की थी।

राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया

डिंपल कपाड़िया (Dimple Kapadia) ने केवल 16 साल की उम्र में सुपरस्टार राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) से शादी कर ली थीं। शादी के समय राजेश खन्ना 31 साल के थे और उस समय हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर राज कर रहे थे। डिंपल की पहली फिल्म ‘बॉबी’ उस समय रिलीज भी नहीं हुई थी। दोनों के बीच करीब 15 साल का अंतर था। शादी के बाद डिंपल करीब एक दशक तक फिल्म इंडस्ट्री से दूर रही थीं। हालांकि, जब 1982 में दोनों एक-दूसरे से अलग हो गए तो डिंपल दोबारा फिल्म इंडस्ट्री में आ गईं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों में से किसी ने कभी तलाक के लिए अर्जी नहीं दी थी। उनके अलग होने के कुछ साल बाद राजेश ने एक बार कहा था, "आपको पता है? मैं अब भी अपनी पत्नी डिंपल से प्यार करता हूं।” राजेश खन्ना जब अपने अंतिम समय में थे तब डिंपल उनके साथ थीं। राजेश खन्ना के बीमार होने से लेकर उनके अंतिम दिनों तक डिंपल उनके साथ ही रही थीं। (इसे भी पढ़ें: पूजा बनर्जी ने शेयर की बेटे की पहली तस्वीर, बताया क्यों रहना पड़ा था 3 दिन अपने लाडले से दूर)

धर्मेंद्र और हेमा मालिनी

धर्मेंद्र (Dharmendra) पहले से ही शादीशुदा थे, लेकिन साल 1970 में आई फिल्म ‘तुम हसीं और मैं जवां’ के सेट पर उन्हें हेमा मालिनी (Hema Malini) से प्यार हो गया था। दोनों के बीच करीब 13 साल का फासला था, लेकिन प्यार के आगे उम्र ने मायने नहीं रखा। पारिवारिक विरोध के बीच दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने के लिए अपना धर्म तक बदल लिया और इस्लाम धर्म कबूल कर शादी की। कपल की दो बेटियां हैं, एशा और अहाना।

दिलीप कुमार और सायरा बानो

हिंदी सिनेमा के 'ट्रेजेडी किंग' दिलीप कुमार (Dilip Kumar) और सायरा बानो (Saira Bano)  ने जब शादी की तो दोनों की उम्र में करीब 23 साल का अंतर था। साल 1966 में जब उनकी शादी हुई थी, तब दिलीप कुमार 45 साल के थे और सायरा सिर्फ 22 साल की। सायरा के लिए साल 1980 बहुत तकलीफदेह रहा जब दिलीप कुमार का संबंध पाकिस्तानी महिला ‘अस्मा’ से जुड़ गया था, लेकिन यह रिश्ता जल्द ही खत्म हो गया और दिलीप कुमार वापस सायरा बानो के पास आ गए। तब से दिलीप कुमार और सायरा बानो के बीच तीसरा कोई नहीं आ सका।

मिलिंद सोमन और अंकिता कुंवर

बॉलीवुड एक्टर मिलिंद सोमन (Milind Soman) और अंकिता कुंवर (Ankita Kunwar) ने जब शादी की थी तब मिलिंद की उम्र 52 साल और अंकिता महज 25 साल की थीं। दोनों के बीच करीब 27 साल का अंतर है। जब इस कपल ने शादी की थी तब सोशल मीडिया पर जमकर इन्हें ट्रोल किया गया था और लोग यहां तक कहते थे कि अंकिता उनकी बेटी जैसी हैं, लेकिन मिलिंद और अकिंता इन बातों को नजरअंदाज कर अपनी मैरिड लाइफ को एंजॉय कर रहे हैं। (इसे भी पढ़ें: पत्नी ताहिरा को किस करते दिखे आयुष्मान खुराना, 19 साल बाद भी कपल के बीच है अटूट प्यार)

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस

बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) और उनके पति निक जोनस (Nick Jonas) ने साल 2018 में शादी की थी और दोनों के बीच उम्र के बीच भी करीब 10 साल का अंतर है। प्रियंका अपने पति निक से करीब 10 साल बड़ी हैं। शादी के समय प्रियंका 37 साल की थीं और निक की उम्र 27 साल थी। बावजूद इसके कपल ने साबित कर दिया कि प्यार दो दिलों के बीच जब होता है, तो उम्र मायने नहीं रखती है।

बॉलीवुड की इन जोड़ियों ने अपने प्यार के लिए दुनिया की परवाह नहीं की। इन कपल्स ने उम्र के फासले को मिटा कर अपने प्यार को तरजीह दी है। तो आपको हमारी स्टोरी कैसी लगी? हमें जरूर बताएं और कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।

(फोटो क्रेडिट: इंस्टाग्राम)
BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.