बॉलीवुड के फेमस 15 ‘जमाई राजा’, जिनका स्टारडम है एक्टर्स से भी ज्यादा

बॉलीवुड के फेमस घरानों की बेटियों से शादी के बाद कुछ स्टार और बिजनेसमैन लाइमलाइट में बने हुए हैं। इन जमाई राजाओं का स्टारडम आज किसी फेमस एक्टर से कम नहीं है। आइए आपको हम इनके बारे में बताते हैं।

img

By Ritu Singh Last Updated:

बॉलीवुड के फेमस 15 ‘जमाई राजा’, जिनका स्टारडम है एक्टर्स से भी ज्यादा

बॉलीवुड में कई ऐसे एक्टर्स हैं, जो अपनी एक्टिंग या लुक के दम पर तो ज्यादा फेमस नहीं हो पाए, लेकिन इंडस्ट्री के नामचीन घरानों के जमाई बनते ही उनकी किस्मत बदल गई। बी-टाउन के कई घरानों की बेटियों ने ऐसे लोगों से शादी की है, जिनकी बॉलीवुड में कोई खास पहचान नहीं थी। तो यहां हम आपको ऐसे ही कुछ बॉलीवुड घरानों के जमाइयों से मिलवाने जा रहे हैं, जिन्हें शादी के बाद ज्यादा नेम-फेम मिला। 

कुणाल खेमू

इस लिस्ट में पहला नाम शर्मिला टैगोर और क्रिकेटर मंसूर अली खान की बेटी सोहा अली खान से शादी करने वाले बॉलीवुड एक्टर कुणाल खेमू का है। कुणाल फिल्मों में तो बहुत नाम नहीं कमा पाए, लेकिन नवाबी खानदान का जमाई बनने के बाद वो पहले से कहीं ज्यादा फेमस हो गए। दोनों ने फिल्म ‘ढूंढते रह जाओगे’ में साथ काम किया था और इसी दौरान वे एक-दूसरे के करीब आए थे। कुणाल ने 2014 में पेरिस में सोहा को प्रपोज किया था। दो साल तक दोनों लिव-इन में भी रहे और 25 जनवरी 2015 को उन्होंने शादी कर ली। 

आयुष शर्मा 

दिल्ली के रहने वाले बिजनेसमैन आयुष शर्मा ने सलमान खान की बेबी सिस्टर अर्पिता खान से साल 2014 में शादी की थी। पॉलिटिशियन अनिल शर्मा के बेटे आयुष की अर्पिता से मुलाकात 2013 में कुछ दोस्तों के जरिये हुई थी। जहां आयुष शर्मा को इंडस्ट्री से जुड़ने से पहले कोई नहीं जानता था, वहीं अब उन्हें बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के बहनोई बनने के बाद हर कोई जानने लगा है। आयुष शर्मा को अर्पिता से शादी करने के बाद तमाम शोहरत मिली है। फिलहाल, अब इस कपल के दो प्यारे-प्यारे बच्चे हैं, जिनका नाम आहिल और आयत है।

कुणाल कपूर 

‘रंग दे बसंती’ के एक्टर कुणाल कपूर और नैना बच्चन  9 फरवरी 2015 को एक-दूसरे के साथ शादी के बंधन में बंधे थे। नैना अजिताभ बच्चन की बेटी हैं और ‘बिग बी’ यानी अमिताभ बच्चन की भतीजी हैं। कुणाल और नैना को मिलवाने में लीड रोल अमिताभ की बेटी श्वेता बच्चन नंदा का रहा था। कुणाल और नैना ने तीन साल तक डेटिंग के बाद शादी की थी। शादी के बाद कुणाल कपूर के स्टारडम में काफी इजाफा हो गया।

धनुष 

सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या से शादी करके धनुष ने रातों-रात सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, शादी से पहले उन्हें फिल्म ‘रांझणा’ से भी अच्छी पहचान मिल गई थी। उनकी शादी के बारे में चर्चा थी कि उन्होंने लव मैरेज की है, लेकिन धनुष ने इस बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि, "इन चर्चाओं के उठने के बाद हमारे माता-पिता ने हमारी शादी करने का फैसला लिया और हमने 18 नवंबर 2004 को शादी कर ली।"

फरदीन खान 

बॉलीवुड एक्टर फिरोज खान के बेटे फरदीन खान ने 70 के दशक की फेमस एक्ट्रेस मुमताज की बेटी नताशा माधवानी से शादी की है। वे दोनों एक बार लन्दन से न्यूयॉर्क जा रहे थे और उसी दौरान फ्लाइट में ही फरदीन ने नताशा को प्रपोज किया था। दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते थे। दिसंबर 2005 में दोनों ने शादी की थी और अब इनके दो बच्चे हैं। नताशा माधवानी से शादी के बाद फरदीन खान को भी काफी फेम मिला।

कुमार गौरव 

60 के दशक के सुपरस्टार राजेंद्र कुमार के बेटे कुमार गौरव ने 1981 में फिल्म ‘लव स्टोरी’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। कई फिल्मों में काम के बाद भी वह अपनी जगह बी-टाउन में नहीं बना सके, लेकिन नरगिस और सुनील दत्त की बेटी नम्रता दत्त से शादी करने के बाद उनके स्टारडम में जरूर इजाफा हुआ। मौजूदा समय में कुमार गौरव की दो बेटियां- सच्ची और सिया हैं। 

अतुल अग्निहोत्री 

अतुल अग्निहोत्री का भी फिल्मी करियर कुछ खास नहीं चल सका, लेकिन उन्होंने सलीम खान की बेटी अल्वीरा खान से शादी की और ‘बॉडीगार्ड’ और ‘हेलो’ जैसी फिल्में प्रोड्यूस कीं। अल्वीरा भी फिल्म और फैशन प्रोड्यूसर हैं। अल्वीरा से शादी के बाद अतुल अग्निहोत्री को सलमान, अरबाज और सोहेल खान का भी साथ मिला और स्टारडम भी बढ़ा। 

भरत तख्तानी 

भरत एक सफल बिजनेसमैन हैं और मुंबई में ही काम करते हैं। उन्होंने सुपरस्टार धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटी ईशा देओल से शादी की है। देओल परिवार का दामाद बनने के बाद भरत भी बॉलीवुड में फेमस हो गए। 29 जून 2012 को दोनों ने शादी की और अब उनकी दो प्यारी बेटियां राध्या और मिराया भी हैं। खास बात ये कि 24 अगस्त  2017 को बेबी शॉवर के दौरान ईशा देओल और भरत ने दोबारा शादी की। ईशा अब लेखिका बन गई हैं और मातृत्व से जुड़ी किताबें लिखती हैं। 

वैभव वोहरा 

बॉलीवुड के एक और जमाई राजा हैं वैभव वोहरा, जिन्होंने अहाना देओल से शादी की है। अहाना भी हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की बेटी हैं। वैभव फिलहाल कॉन्टिनेंटल कैरियर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर हैं। अहाना की वैभव से मुलाकात ईशा देओल की शादी में हुई थी। दोनों ने जून 2013 में सगाई और 2 फरवरी 2014 को शादी की थी। अब उनका एक बेटा डैरियन वोहरा भी है। 

भारत साहनी

दिल्ली के फेमस बिजनेसैन भारत साहनी की शादी ऋषि कपूर और नीतू सिंह की बेटी रिद्धिमा कपूर से हुई है। दोनों ने 25 जनवरी 2006 को शादी की थी। शादी से पहले भारत साहनी की पहचान केवल बिजनेस लेवल तक रही थी, लेकिन शादी के बाद वे बी-टाउन में भी फेमस हो गए। भारत, रणबीर कपूर के बहनोई हैं। हालांकि, भारत ने खुद को हमेशा मीडिया से दूर रखा है, लेकिन मीडिया में उनकी चर्चा बनी रहती है। (ये भी पढ़ें: पत्नी अंजली की बदौलत गूगल सीईओ हैं सुन्दर पिचाई, बेहद रोमांटिक है इनकी लव स्टोरी       

शरमन जोशी

इस सूची में फेमस खलनायक प्रेम चोपड़ा के दामाद का भी नाम शामिल है। शरमन जोशी ने प्रेम चोपड़ा की बेटी प्रेरणा चोपड़ा से साल 2000 में शादी की थी। हालांकि, शरमन जोशी ने अपने बल पर अपनी पहचान भी बनाई, लेकिन प्रेम चोपड़ा के जमाई बनने के बाद उनका स्टारडम और बढ़ गया। शरमन और प्रेरणा के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और दो जुड़वां बेटे हैं। बता दें कि प्रेरणा भी एक एक्ट्रेस हैं। 

अक्षय कुमार

अक्षय कुमार बॉलीवुड के सुपरस्टार राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया के दामाद हैं। उन्होंने ट्विंकल खन्ना से 17 जनवरी 2001 में शादी की थी, लेकिन शादी से पहले ही वह अपनी पहचान बॉलीवुड में बना चुके थे। अक्षय कुमार दो बच्चों के पिता हैं। एक बार अक्षय कुमार ने कहा था कि, ये मेरी किस्मत है कि, "मैं जिसे अपना आदर्श मानता था, उनकी ही बेटी से मेरी शादी हुई। मुझे अभी भी इस बात पर कई बार विश्वास नहीं होता है।" (ये भी पढ़ें: आशा भोसले ने 16 की उम्र में की थी पहली शादी, लेकिन दूसरी मैरिज ने कुछ ऐसे बदली जिंदगी) 

सैफ अली खान 

'सैफीना' यानी सैफ अली खान और करीना कपूर की शादी भी कम फिल्मी नहीं है। पटौदी के नवाब सैफ अली खान ने पहले अमृता सिंह के साथ 13 साल पुरानी शादी खत्म की और कुछ समय इटैलियन मॉडल रोजा कैटालानो के साथ जुड़े रहे। बाद में उनकी लाइफ में बॉलीवुड एक्टर रणधीर कपूर और बबीता की बेटी करीना कपूर आ गईं। 5 साल रिलेशनशिप में रहने के बाद सैफ और करीना ने 16 अक्टूबर 2012 को शादी कर ली। अब इनका एक बेटा तैमूर भी है। हालांकि, अब सैफ और करीना जल्दी ही दूसरे बच्चे के भी मॉम-डैड बनने जा रहे हैं।

अजय देवगन 

अजय देवगन और काजोल के बीच 1994 में फिल्म ‘गुंडाराज’ में काम करने के दौरान केमिस्ट्री बनी। चार साल साथ रहने के बाद अजय ने 24 फरवरी 1999 को काजोल से शादी कर ली। काजोल, तनूजा और फिल्म डायरेक्टर शोमू मुखर्जी की बेटी हैं। हालांकि, मुखर्जी परिवार के दामाद बनने से पहले अजय देवगन ने बॉलीवुड में अपनी अच्छी खासी पहचान बना ली थी। अजय ने एक बार कहा था कि, "दोनों ने कभी एक-दूसरे को प्रपोज नहीं किया और न ही शादी के लिए कहा।"

ऋतिक रोशन 

राकेश रोशन के बेटे ऋतिक रोशन ने एक्टर संजय खान की बेटी सुजैन से शादी की थी। ऋतिक की पहचान भी बॉलीवुड में शादी से पहले ही कायम हो चुकी थी। ऋतिक और सुजैन एक दूसरे को लंबे समय से जानते थे। ऋतिक ने ट्रैफिक सिग्नल पर देखा था और तभी उन्हें सुजैन से प्यार हो गया था। 2000 में उन्होंने शादी की लेकिन 1 नवंबर 2014 को उनके बीच तलाक हो गया। हालांकि, दोनों के बीच अब भी एक दोस्ताना रिश्ता कायम है और दोनों के दो बेटे भी हैं। (ये भी पढ़ें: जब सलमान और विवेक के बाद अनिल अंबानी से उड़ी थी ऐश्वर्या राय के लिंकअप की अफवाह)

तो, यहां हमने कुछ बॉलीवुड के कुछ फेमस जमाई राजाओं के बारे में आपको बताया। दोस्तों, यदि आपको लगता है कि यहां कुछ का नाम छूट गया है तो, आप कमेंट बॉक्स में उनका नाम लिखकर बता सकते हैं। 

BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.