रणधीर कपूर और बबीता की लव स्टोरी: सालों से अलग रहने के बाद भी कभी दोनों ने नहीं लिया तलाक, जानें वजह

बॉलीवुड एक्टर रणधीर कपूर सालों से अपनी पत्नी व अभिनेत्री बबीता से अलग रह रहे हैं, लेकिन कभी भी दोनों ने तलाक लेने का फैसला नहीं लिया। आइए आपको इसके पीछे की वजह बताते हैं।

img

By Kavita Gosainwal Last Updated:

रणधीर कपूर और बबीता की लव स्टोरी: सालों से अलग रहने के बाद भी कभी दोनों ने नहीं लिया तलाक, जानें वजह

बॉलीवुड इंडस्ट्री में रिश्ते बनना और बिगड़ना काफी आम बात है। यहां पर सेलेब्स अक्सर अपने को-स्टार के साथ रिलेशनशिप में रहते हैं, लेकिन सब शादी के बंधन तक नहीं पहुंच पाते हैं। दूसरी तरफ इस इंडस्ट्री में कई ऐसे एक्टर्स और एक्ट्रेसेस हैं, जो शादी के पवित्र बंधन में बंधकर सालों से एक साथ जिंदगी बिता रहे हैं और अपनी मैरिड लाइफ को काफी एन्जॉय कर रहे हैं। लेकिन बॉलीवुड अभिनेता रणधीर कपूर (Randhir Kapoor) और उनकी पत्नी व एक्ट्रेस बबीता कपूर (Babita Kapoor) का इन सबसे अलग रिश्ता है, जो आज साथ न होकर भी एक साथ हैं। रणधीर और बबीता फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी हस्ती हैं और दोनों ने अपनी शादीशुदा जिंदगी के 31 साल भी एक साथ पूरे कर लिए हैं। इन दोनों के रिश्ते की खास बात ये है कि रणधीर और बबीता सालों से अलग रह रहे हैं, लेकिन आज तक दोनों ने कभी तलाक लेने का फैसला नहीं किया है। तो आइए आज हम आपको रणधीर और बबीता की जिंदगी की एक रोलर कोस्टर सवारी कराते हैं, जिसमें हम कपल की डेटिंग लाइफ के बारे में तो बताएंगे ही, लेकिन साथ ही रणधीर के उस इंटरव्यू के बारे में भी बताएंगे, जिसमें उन्होंने तलाक जैसे बड़े मुद्दे पर अपनी राय रखी थी।

15 फरवरी 1947 को जन्मे रणधीर कपूर बेहतरीन फिल्म निर्माता व अभिनेता राज कपूर और कृष्णा कपूर के बेटे हैं। अभिनेता के चार भाई-बहन ऋषि कपूर, राजीव कपूर, रीमा कपूर और रितु कपूर थे। लेकिन पिछले साल रणधीर कपूर ने अपने भाई ऋषि कपूर को खो दिया। कैंसर से पीड़ित ऋषि कपूर ने 30 अप्रैल 2020 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। तो वहीं, अभिनेता के छोटे भाई राजीव कपूर ने 9 फरवरी 2021 को अपनी अंतिम सांसे लीं। रितू कपूर भी साल 2020 में इस दुनिया से रूख्सत हो गई हैं। रणधीर कपूर का पूरा परिवार फिल्मी दुनिया पर राज करता है। इस परिवार का हर इंसान इंडस्ट्री से ताल्लुक रखता है, खुद रणधीर ने अपने करियर में हिट फिल्में दी हैं, जिसमें 'जवानी दीवानी', 'हाथ की सफाई','रामपुर का लक्ष्मण', 'खलीफा', 'कच्चा चोर', 'भंवर', 'हमराही', 'चाचा भतीजा' समेत कई फिल्में शामिल हैं। आखिरी बार वह फिल्म ‘सुपर नानी’ में अभिनेत्री रेखा के साथ नजर आए थे। (ये भी पढ़ें: चेचक की वजह से हुआ था एक्ट्रेस गीता बाली का निधन, मां के जाने के बाद बेटे ने कही थी ये बात)

बात करें रणधीर कपूर की वाइफ बबीता की तो, वह अभिनेता हरि शिवदासनी की बेटी हैं। उनका जन्म 20 अप्रैल 1947 को हुआ था। बबीता ने फिल्मी दुनिया में साल 1966 में रिलीज हुई फिल्म ‘दस लाख’ से कदम रखा था। इस फिल्म में बबीता के साथ एक्ट्रेस नीतू कपूर नजर आई थीं, जो आज के समय में उनकी देवरानी हैं। इसके बाद बबीता ने कई हिट फिल्मों में काम किया था, जिसमें ‘एक हसीना दो दीवाने’, ‘कल आज और कल’, ‘बनफूल', 'बिखरे मोती’ समेत कई फिल्में शामिल हैं। हिट फिल्में देने के बाद भी बबीता ने अपने प्यार रणधीर कपूर के लिए फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया था। (ये भी पढ़ें: करीना कपूर के बेटे के जन्म की अनदेखी फोटो आई सामने, जानें डिलीवरी के वक्त कितना था तैमूर का वेट)

ऐसे हुई दोनों की पहली मुलाकात

दरअसल, रणधीर कपूर और बबीता की पहली मुलाकात साल 1969 में फिल्म ‘संगम’ के सेट पर हुई थी। इस दौरान रणधीर अपने पिता राज कपूर के साथ फिल्म के सेट पर आए थे। दूसरी तरफ, बबीता उस जमाने में टॉप एक्ट्रेस थीं। फिल्म के सेट पर बबीता को देखते ही रणधीर कपूर एक्ट्रेस पर अपना दिल हार बैठे थे। यहीं से दोनों की दोस्ती शुरू हुई और धीरे-धीरे यही दोस्ती प्यार में बदल गई। रणधीर और बबीता ने दुनिया की नजरों से छुपकर एक-दूसरे को दो साल तक डेट किया था, लेकिन इसके बाद प्यार में पागल बबीता की इस रिश्ते से उम्मीदें बढ़ने लगी थीं। वह रणधीर कपूर से शादी करना चाहती थीं, लेकिन उस जमाने में कपूर खानदान में एक सख्त परंपरा थी और वो ये थी कि कपूर खानदान से ताल्लुक रखने वाली कोई भी महिला फिल्मी दुनिया में कदम नहीं रख सकती है, जिस वजह से रणधीर कपूर भी धर्म संकट में फंस गए थे। वह बबीता से शादी तो करना चाहते थे, लेकिन यह होगा कैसे? ये उन्हें समझ नहीं आ रहा था। (ये भी पढ़ें: रतन टाटा की लव लाइफः इस वजह से आज तक कुवांरे हैं रतन टाटा, शादी को लेकर कही थी ये बात)

बबीता ने रणधीर के लिए छोड़ा था फिल्मी करियर

रणधीर कपूर ने बबीता को अपनी वाइफ बनाने के लिए एक रास्ता निकाल ही लिया था। 1971 में राज कपूर की फिल्म ‘कल आज और कल’ में दोनों ने एक साथ काम किया था। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान ही राज कपूर को उनके बेटे रणधीर और बबीता की लव स्टोरी के बारे में पता चला था। राज कपूर ने बबीता को अपनी फिल्म में एक्ट्रेस बड़ी आसानी से बना लिया था, लेकिन वह एक्ट्रेस को अपने घर की बहू बनाने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे। वह नहीं चाहते थे कि कोई एक्ट्रेस उनके घर की बहू बने। इसी वजह से उन्होंने बबीता के सामने रणधीर और फिल्मी करियर में से कोई एक चीज चुनने की शर्त रखी थी? बबीता भी रणधीर से बेहद प्यार करती थीं, इसी वजह से उन्होंने बड़ी आसानी से फिल्मी इंडस्ट्री को छोड़ने का फैसला ले लिया और फिर 6 नवंबर 1971 में रणधीर कपूर और बबीता कपूर की पंजाबी तरीके से शादी हुई। शादी के बाद बबीता ने दो बेटियां करिश्मा और करीना को जन्म दिया था, जो आज बॉलीवुड की सुपरहिट एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शामिल हैं।

अगल होने का लिया था फैसला

साल 1980 रणधीर कपूर के लिए बेहद ही बुरा साबित हुआ था। इस साल रणधीर कपूर की एक के बाद एक फिल्में फ्लॉप हो रही थीं, जिस वजह से उन्हें ‘फ्लॉप एक्टर’ का टैग भी दे दिया गया था। रणधीर कपूर के गिरते करियर का असर उनके और बबीता के रिश्ते पर भी साफ देखने को मिला था। अपने फ्लॉप करियर की वजह से रणधीर ने अपने आपको शराब के नशे में डूबो लिया था। कहा जाता है कि उन दिनों रणधीर ज्यादा समय शराब के नशे में रहते थे और रात को भी देरी से ही घर आते थे, जिस वजह से बबीता काफी परेशान हो गई थीं। रणधीर के इस व्यवहार को बबीता बर्दाश्त नहीं कर पाईं और फिर उन्होंने अलग होने का फैसला ले लिया था। साल 1988 में रणधीर और बबीता ने एक-दूसरे से पूरी तरह अलग होने का फैसला ले लिया था, जिसके बाद रणधीर घर छोड़कर अपने माता-पिता के साथ रहने चले गए थे। तो वहीं, बबीता भी अपने घर में अपनी दोनों बेटियों के साथ रहने लगी थीं।

करिश्मा ने तोड़ी थी कपूर खानदान की परंपरा

रणधीर से अलग होने के बाद बबीता ने अपनी दोनों बेटियों के लिए एक ऐसा काम चुना था, जिसे करने की इजाजत कपूर खानदान की बहू और बेटियों को नहीं थी। बबीता ने कपूर खानदान और अपने पति के खिलाफ जाकर बड़ी बेटी करिश्मा को बॉलीवुड इंडस्ट्री में उतारा था। साल 1991 में करिश्मा कपूर ने फिल्म ‘प्रेम कैदी’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की, जिसके बाद एक्ट्रेस ने बॉलीवुड में कई हिट फिल्में दी। करिश्मा कपूर खानदान से बॉलीवुड में कदम रखने वाली पहली एक्ट्रेस थीं। करिश्मा के बाद उनकी बहन करीना कपूर ने भी बॉलीवुड में साल 1999 में फिल्म ‘रिफ्यूजी’ से कदम रखा। अपनी बहन की तरह करीना ने भी बॉलीवुड इंडस्ट्री पर अपनी दमदार एक्टिंग के दम पर राज किया है।

हालांकि, करिश्मा कपूर और करीना कपूर बॉलीवुड में धमाल मचा रही थीं, तो दूसरी तरफ एक्ट्रेस के पैरेंट्स रणधीर कपूर और बबीता कपूर अलग रह रहे थे। लेकिन, 19 साल बाद 2007 में रणधीर और बबीता ने फिर एक साथ आने का फैसला लिया। दोनों ने अपने सभी मतभेदों के भुलाकर एक नई शुरुआत करने का फैसला लिया था और यकीनन इस पल का इंतजार करिश्मा और करीना भी लंबे समय से कर रही थीं। लेकिन ये भी सच है कि बेशक 19 साल बाद रणधीर और बबीता ने अपने सभी मनमुटाव को भूलने का फैसला लिया था, लेकिन समय की वजह से रिश्ते में आई कड़वाहट दोनों के बीच कभी खत्म नहीं हो पाई, जिस वजह से दोनों आज तक अलग-अलग रहते हैं, लेकिन दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ और अपनी फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करते नजर आते हैं।

19 सालों तक अलग रहने के बाद भी कभी रणधीर और बबीता ने एक-दूसरे से तलाक लेने का मन नहीं बनाया था। दोनों अलग होने के बाद भी हमेशा एक-दूसरे से प्यार करते थे, जिस वजह से वह कभी इस रिश्ते को खत्म नहीं करना चाहते थे। बबीता के 70वें जन्मदिन के मौके पर रणधीर कपूर ने मीडिया से बातचीत करते हुए तलाक पर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा था, 'तलाक क्यों? और क्यों हमें तलाक लेने की जरूरत है? बबीता मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने मुझे दो बेहद प्यारे बच्चे दिए हैं। हम परिपक्व हैं और उस वक्त हमने अलग-अलग रहना सही समझा, हम दुश्मन नहीं हैं। उन्हें लगा कि मैं एक पीने वाला खराब इंसान हूं और रात को देर से घर लौटता हूं, जो उन्हें पसंद नहीं था। मैं भी उनके मुताबिक नहीं रहना चाहता था और वह मुझे इस तरह स्वीकार नहीं कर पा रही थीं, हालांकि हम दोनों ने लव-मैरिज की थी। लेकिन कोई बात नहीं, हमें दो प्यारे बच्चों की परवरिश करनी थी। उन्होंने दोनों को बहुत अच्छे तरीके से परवरिश दी है और उन्हें अपने करियर में सफल बनाया है। एक पिता के नाते इससे ज्यादा मैं और क्या मांग सकता था।'

ये थी रणधीर और बबीता की लव स्टोरी, दोनों आज भी एक-दूसरे से प्यार करते हैं, लेकिन अलग-अलग रहते हैं। तो आपको इस कपल की स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं और अगर आप हमें कोई सुझाव देना चाहते हैं, तो जरूर दें।

(फोटो क्रेडिट: इंस्टाग्राम)
BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.