एक्ट्रेस श्रिया सरन साल 2020 में ​ही बन चुकी थीं मां, पति आंद्रेई संग वीडियो शेयर कर अब दी जानकारी

पॉपुलर एक्ट्रेस श्रिया सरन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए अपने मां बनने की जानकारी दी है। आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।

img

By Shivakant Shukla Last Updated:

एक्ट्रेस श्रिया सरन साल 2020 में ​ही बन चुकी थीं मां, पति आंद्रेई संग वीडियो शेयर कर अब दी जानकारी

साल 2015 में आई फिल्म 'दृश्‍यम' में अजय देवगन की ऑनस्‍क्रीन पत्‍नी 'नंद‍िनी' के किरदार में नजर आने वाली एक्ट्रेस श्र‍िया सरन (Shriya Saran) मां बन चुकी हैं। जी हां, सही पढ़ रहे हैं आप! एक्ट्रेस ने साल 2020 में ही अपने बेटी को जन्म दिया था, लेकिन एक साल तक उन्होंने इसकी भनक मीडिया को नहीं लगने दी। हाल ही में, एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके साल 2020 में अपने मां बनने की जानकारी फैंस के साथ साझा की है। आइए आपको दिखाते हैं वो वीडियो।

Shriya Saran

पहले तो ये जान लीजिए कि, एक्‍ट्रेस श्र‍िया सरन ने हिंदी फिल्मों से लेकर तमिल-तेलुगू, मलयालम-कन्‍नड़ तक हर इंडस्ट्री में अपने अभिनय का जलवा दिखाया है। उत्तराखंड के हरिद्वार की रहने वाली श्र‍िया ने अपने करियर की शुरुआत साउथ इंडियन फिल्‍मों से की थी। वहीं, साल 2003 में उन्‍होंने बॉलीवुड में रितेश देशमुख और जेनेलिया ड‍िसूजा की डेब्‍यू फिल्‍म 'तुझे मेरी कसम' से एंट्री की थी।

Shriya Saran

श्र‍िया सरन की पर्सनल लाइफ की बात करें तो, उन्होंने 12 मार्च 2018 को अपने रूसी बॉयफ्रेंड आंद्रेई कोस्चिव से शादी रचाई थी। श्र‍िया सरन इस साल अगस्त में बार्सिलोना छोड़कर वापस भारत आ गईं। आंद्रेई कोस्चिव नेशनल लेवल के टेनिस खिलाड़ी होने के साथ-साथ एक बड़े बिज़नसमैन भी हैं। श्र‍िया सरन सोशल मीडिया पर भी खूब एक्‍ट‍िव रहती हैं। वह यहां अक्सर अपने पति आंद्रेई कोस्चिव के साथ अपनी रोमांटिक फोटोज शेयर करती रहती हैं।

Shriya Saran

(ये भी पढ़ें: जब नागा चैतन्य ने कहा था, 'मुझे सामंथा की जगह दूसरा ऑप्शन नहीं चाहिए', ये था एक्ट्रेस का जवाब)

अब आइए आपको दिखाते हैं वो वीडियो, जिसके जरिए एक्ट्रेस ने अपने मां बनने की जानकारी दी है। दरअसल, श्रिया सरन ने 11 अक्टूबर 2021 को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर जानकारी दी है कि, वह एक बेटी की मां बन चुकी हैं। वीडियो 2021 में शुरु होता है और इसमें श्रिया सरन के पति आंद्रेई कप में कुछ पीते हुए नजर आते हैं और वह अपनी बेटी को गोद में लिए खिला रही हैं। फिर आंद्रेई कोस्चिव उठते हैं और अपनी बेटी को उसी कप से कुछ पिलाने की कोशिश करते हैं और दोनों अपनी बेटी को किस करते हैं। वीडियो के आखिर में साल 2020 का समय दिखाया जाता है। जिसमें आंद्रेई कोस्चिव अपनी पत्नी श्रिया सरन के बेबी बंप में कान लगाए हुए दिखाई देते हैं। वीडियो में वह अपने पति आंद्रेई कोस्चिव और बेटी के साथ काफी खुश नजर आ रही हैं।

श्रिया सरन ने इस वीडियो के साथ लिखा है, 'हैलो, 2020 का क्वारंटीन टाइम हमारे लिए यादगार रहा। जहां एक ओर पूरी दुनिया में उथल-पुथल मची हुई थी, वहीं हमारी दुनिया पूरी तरह बदल गई थी। हमारी दुनिया एडवेंचर, एक्साइटमेंट और लर्निंग से भरी थी। हमारी दुनिया में एक परी आई। हम भगवान का शुक्रिया अदा करते हैं।' श्रिया सरन के इस वीडियो पर फैंस से लेकर सेलेब्स तक हर कोई कमेंट करके बधाई दे रहा है।

Shriya Saran

(ये भी पढ़ें: नुसरत जहां ने यश दासगुप्ता संग बच्चे पर तोड़ी चुप्पी, फोटो शेयर कर एक्टर को बताया अपना 'पति')

एक्ट्रेस के वर्कफ्रंट की बात करें तो, जल्द ही श्रिया सरन डायरेक्टर एसएस राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' में दिखाई देंगी। ये फिल्म अगले साल 7 जनवरी, 2022 को रिलीज होगी। फिलहाल, हम भी एक्ट्रेस को मां बनने पर ढेर सारी बधाई देते हैं। तो आपको श्रिया सरन द्वारा शेयर किया गया वीडियो कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।

BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.