सुलक्षणा पंडित की दुखद प्रेम कहानीः संजीव कुमार के प्यार में बिगड़ गया था एक्ट्रेस का मानसिक संतुलन

एक्ट्रेस सुलक्षणा पंडित की लव स्टोरी बेहद दर्द भरी रही है। एक्टर संजीव कुमार के प्रति उनकी दीवानगी मानसिक बीमारी का कारण बन गई। एक्ट्रेस अब कैसी हैं? और किन हालात से गुजर रही हैं? चलिए आपको बताएं।

img

By Ritu Singh Last Updated:

सुलक्षणा पंडित की दुखद प्रेम कहानीः संजीव कुमार के प्यार में बिगड़ गया था एक्ट्रेस का मानसिक संतुलन

बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा सुलक्षणा पंडित (Sulakshana Pandit) एक्टर के साथ एक बेहतरीन सिंगर भी रह चुकी हैं। उन्होंने अपनी फिल्मों में खुद के लिए गाने भी गाए हैं, और ये गाने काफी हिट भी रहे हैं। इस अदाकारा की खूबसूरती के दीवाने बहुत थे, लेकिन वो किसी और की ही दीवानी थीं। अपने करियर के पीक में वह एक्टर संजीव कुमार (Sanjeev Kumar) को अपना दिल दे बैठी थीं। सुलक्षणा, संजीव कुमार से इस कदर प्यार करती थीं कि, उनके लिए उन्होंने अपने करियर को भी दांव पर लगा दिया था। उन्हें संजीव के अलावा कुछ और सूझता ही नहीं था। संजीव कुमार से उनका एकतरफा प्यार एक्ट्रेस के लिए घातक साबित हो गया और ये दीवानगी उनके मानसिक रोग का कारण बन गई। एक्ट्रेस कब संजीव कुमार की दीवानी हुईं और अब किन हालात से गुजर रही हैं? चलिए उनके बारे में हम आपको बताएं।

सुलक्षणा पंडित का जन्म 12 जुलाई 1948 को छत्तीसगढ़ के रायपुर में हुआ था। सुलक्षणा संगीत घराने से ताल्लुक रखती थीं, और यही कारण था कि वह भी एक बेहतरीन गायिका बनीं। सुलक्षणा 6 साल की उम्र से ही गाने लगी थीं। साथ ही वह एक्टिंग का भी शौक रखती थीं। सुलक्षणा की बहन विजेता पंडित भी उनकी तरह जानी-मानी एक्ट्रेस रह चुकी हैं। सुलक्षणा घर की बड़ी बेटी थीं और फिल्मों में करियर बनाने के लिए वह मुंबई आ गई थीं। सुलक्षणा पंडित ने उस समय के फेमस एक्टर जितेन्द्र, राजेश खन्ना, ऋषि कपूर, राज बब्बर और संजीव कुमार के साथ कई फिल्मों में काम किया था। उनकी फिल्में हिट भी होती थीं, और साथ ही वह अपनी फिल्मों में खुद गाने भी गाती थीं।

खूबसूरती और सुंदर आवाज की मल्लिका सुलक्षणा सफलता की सीढ़ियां तेजी से चढ़ रही थीं। इसी बीच साल 1975 में आई फिल्म ‘उलझन’ में काम करने के दौरान सुलक्षणा को संजीव कुमार से प्यार हो गया। सुलक्षणा पंडित की ये दूसरी फिल्म थी। इस फिल्म के मुख्य किरदार संजीव और सुलक्षणा ही थे। इससे पहले सुलक्षणा ने किशोर कुमार की फिल्म ‘दूर का राही' में 'बेकरार दिल, तू गाये जा’ गाना गाया था, तभी से सुलक्षणा की आवाज ने सुनने वालों का मन मोह लिया था। (इसे भी पढ़ें: सिंगर लकी अली की लव लाइफः 25 साल छोटी ब्रिटिश क्वीन से रचाई तीसरी शादी, फिर भी आज हैं अकेले)

संजीव कुमार के साथ सुलक्षणा ने पहली बार इस फिल्म में काम किया था। सुलक्षणा ने अपने प्रेम का इजहार भी संजीव से कर दिया था। संजीव ने सुलक्षणा को कई बार समझाया कि, वह उनके चक्कर में न पड़ें, लेकिन एक्ट्रेस खुद को संजीव से दूर नहीं रख पाती थीं। सुलक्षणा चाहती थीं कि, संजीव कपूर उनसे शादी कर लें, जबकि संजीव उनके साथ दोस्त की तरह ही रहना चाहते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुलक्षणा एक्टर संजीव कुमार से बेहद प्यार करतीं थीं। हालांकि, ये प्यार एकतरफा था और संजीव कुमार ने सुलक्षणा पंडित से कभी प्यार का इकरार नहीं किया था। सुलक्षणा ने उन्हें बहुत मनाया, लेकिन वो नहीं माने। संजीव कुमार ने जब शादी के लिए इंकार कर दिया, तो सुलक्षणा को बहुत धक्का लगा और वह डिप्रेशन में आ गईं। सुलक्षणा, संजीव कुमार से दूरी का दर्द झेल ही रही थीं कि, 6 नवंबर 1985 को 47 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से संजीव कुमार का निधन हो गया। संजीव की मौत ने सुलक्षणा को इतना गहरा दर्द दिया कि, वह अपना मानसिक संतुलन ही खो बैठीं।

उन दिनों मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में विजेता पंडित ने बताया था कि,‘दीदी पागल नहीं हुई थीं, बल्कि संजीव कुमार ने जब शादी करने से मना किया, तो दीदी डिप्रेशन में आ गई थीं। संजीव कुमार दीदी से इसलिए शादी नहीं करना चाहते थे, क्योंकि उन्हें हार्ट की बीमारी थी और वह जानते थे कि उनकी मौत कभी भी हो सकती है। ऐसे में वह दीदी की जिंदगी बर्बाद नहीं करना चाहते थे। दीदी और संजीव कुमार दोनों ही एक-दूसरे को बहुत प्यार करते थे।’ (इसे भी पढ़ें: शादी के बिना 15 साल बड़े चेतन के साथ पत्नी बनकर रहीं प्रिया राजवंश, बेटों ने ही कर दी थी हत्या)

जबकि कुछ साल पहले एक मीडिया को दिए इंटरव्यू में विजेता ने संजीव कुमार पर आरोप लगाया था कि, संजीव ने उनकी बहन को धोखा दिया था। इस वजह से उनकी दीदी अपना मानसिक संतलुन खो बैठी थीं। उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि, वे अपनों को भी नहीं पहचान पाती थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजीव कुमार के इंकार के पीछे कारण यह था कि, उस समय एक्टर को हेमा मालिनी से प्यार था, लेकिन हेमा मालिनी उनसे प्यार नहीं करती थीं।

संजीव के दुनिया से जाने के बाद सुलक्षणा का मानसिक कष्ट बढ़ता ही गया, और एक समय ऐसा आ गया कि उनके पास काम भी नहीं था और यही नहीं पैसे की कमी के चलते उन्हें अपना घर तक बेचने की नौबत आ गई थी। साल 2002 में वो जिस अपार्टमेंट में रह रही थीं, उसे बेचने की स्थिति आ गई, लेकिन उनका घर नहीं बिक पा रहा था। तब एक्टर जितेन्द्र ने उनकी मदद की थी। 1979 में फिल्म 'खानदान' में सुलक्षणा ने जितेंद्र के साथ काम किया था और वो उनके अच्छे दोस्त बन गए थे। (इसे भी पढ़ें: गुमनामी की जिंदगी जी रहीं प्रतिभा सिन्हा, शादीशुदा शख्स के प्यार में बर्बाद कर लिया अपना करियर)

उन दिनों अपनी बहन की स्थिति को देखकर विजेता इतनी दुखी हो गई थीं कि, उन्होंने एक मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा था कि, दीदी की स्थिति के जिम्मेदार संजीव कुमार ही थे, लेकिन कुछ साल बाद फिर विजेता ने एक इंटरव्यू में बताया कि, ‘उनकी दीदी पहले से अब ठीक हैं, और अब लोगों को पहचाने भी लगी हैं। पहले वे डिप्रेशन में थीं, लेकिन अब नहीं हैं। पेरेंट्स के चले जाने के बाद वो बिल्कुल अकेली हो गई थीं, तो मैं उन्हें अपने घर ले आई थी।‘

एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुलक्षणा साल 2006 से अपनी बहन विजेता पंडित के साथ रह रही हैं, लेकिन एक बार बाथरूम में गिरने से उनकी हिप बोन टूट गई थी और इसके चलते उनकी चार बार सर्जरी हुई, लेकिन आज भी वह ठीक से नहीं चल पाती हैं। वो अपने कमरे में अलग रहती हैं और दूसरों से बिलकुल भी नहीं मिलती हैं। सुलक्षणा को आखिरी बार पब्लिकली म्यूजिक डायरेक्टर आदेश श्रीवास्तव की मौत के बाद हुई प्रार्थना सभा में देखा गया था।

सुलक्षणा पंडित अब 72 साल की हो चुकी हैं और उनकी अब की तस्वीरों को देखकर शायद ही आप यकीन कर सकें कि ये वही खूबसूरत एक्ट्रेस हैं, जिन्हें देखकर कभी लोगों की धड़कनें रुक जाती थीं। हमारी यही प्रार्थना है कि सुलक्षणा पंडित जल्द स्वस्थ हो जाएं। तो आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें जरूर बताएं और कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।

(फोटो क्रेडिट: #sulakshanapandit,RetroBollywod)
BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.