आलिया-रणबीर से लेकर अर्जुन-मलाइका तक 2021 में ये कपल्स कर सकते हैं शादी, जानें इनके बारे में

इस आर्टिकल में हम आपको उन कपल्स के बारे में बताएंगे, जो साल 2021 में शादी के बंधन में बंधने को तैयार हैं। 

img

By Shashwat Mishra Last Updated:

आलिया-रणबीर से लेकर अर्जुन-मलाइका तक 2021 में ये कपल्स कर सकते हैं शादी, जानें इनके बारे में

साल 2020 पूरा कोरोना वायरस, लॉकडाउन और अनलॉक के इर्द-गिर्द ही घूमता रहा, जिससे पूरे साल जो काम होने थे, वो नहीं हो सके। बॉलीवुड इंडस्ट्री के भी कुछ काम ऐसे थे, जो अधूरे रह गए थे। कुछ एक्टर्स ने तो कोरोना काल में ही शादी कर ली, मगर कुछ कलाकार ऐसे भी हैं जो इस वजह से अपनी शादी नहीं रचा पाए। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि ये एक्टर्स 2021 में अपनी शादी को अंतिम मंजूरी दे सकते हैं। इन एक्टर्स में रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor), वरुण धवन (Varun Dhawan), आलिया भट्ट (Alia Bhatt), तारा सुतरिया (Tara Sutaria), अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor), पुलकित सम्राट (Pulkit Samrat), फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) और मलाइका अरोड़ा (Malaika Arora) जैसे सेलेब्रिटीज के नाम हैं। तो, इस आर्टिकल में हम आपको उन कपल्स के बारे में बताएंगे, जो साल 2021 में शादी के बंधन में बंधने को तैयार हैं। 

पुलकित सम्राट और कृति खरबंदा 

2013 में आई फिल्म 'फुकरे' से बॉलीवुड में एक अलग पहचान बनाने वाले एक्टर पुलकित सम्राट 2021 में एक्ट्रेस कृति खरबंदा संग शादी रचा सकते हैं। ये दोनों कपल्स काफी समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और पूरे लॉकडाउन के दौरान दोनों लिव इन में भी रह रहे थे। कृति की ही वजह से पुलकित ने अपनी पत्नी श्वेता रोहिरा को तलाक दे दिया था। जिसके बाद से ही दोनों के साथ होने की ख़बरों ने सुर्खियां बटोरना शुरू कर दिया था। पिछले काफी वक़्त से पुलकित-कृति को साथ देखा जा रहा है और अभी हाल ही में पुलकित के जन्मदिन के मौके पर कृति ने उनको किस करते हुए एक फोटो पोस्ट कर बर्थडे विश किया था। कृति ने अपने इस पोस्ट के साथ लिखा था कि ''हैप्पी बर्थडे बेबी। मैं बस एक बात कह कहना चाहती हूं। तुम अरबों में एक हो। तुम्हारा जैसा कोई नहीं है। न ही कोई होगा। आई लव यू।'' इससे यह साबित भी होता है कि ये दोनों अब अपने रिश्ते को एक नया नाम देने वाले हैं।

वरुण धवन और नताशा दलाल

बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन और उनकी गर्लफ्रेंड नताशा दलाल के बारे में लगभग सभी लोग जानते हैं। दोनों स्कूल टाइम से ही एक-दूसरे के दोस्त हैं और वरुण पिछले कई सालों से नताशा को डेट भी कर रहे हैं। साल 2020 की शुरुआत में यह लगभग तय माना जा रहा था कि इस साल वरुण धवन और नताशा दलाल एक दूजे के हो जाएंगे और शादी के बंधन में बंध जाएंगे। मगर कोरोना वायरस की वजह से यह संभव न हो सका था, लेकिन 2021 में ये उम्मीद जताई जा रही है कि वरुण-नताशा एक-दूसरे के नाम पर अपना नाम लिख देंगे। (इसे भी पढे़ं: जब ऐश्वर्या राय की वजह से शाहरुख और सलमान के बीच हो गई थी लड़ाई! जानें क्या था पूरा मामला)

हाल ही में, करीना कपूर खान के चैट शो 'व्हाट वीमेन वांट' में जब वरुण धवन पहुंचे थे, तो उन्होंने नताशा के साथ अपनी शादी को लेकर कुछ बातें की थीं। वरुण ने शो में कहा था कि ‘देखिए शादी की अगर बात आती है, तो इसमें कोई बुराई नहीं है। जब आप किसी इंसान को इतने लंबे वक्त से जानते हो, तो उससे शादी करना ठीक है। जब मैंने अपने भाई और भाभी को देखा, तो मुझे शादी करने का एहसास हुआ। फिर जब मैंने अपनी भांजी नियारा को देखा, तो लगा शादी करना अच्छा है।’

अली फज़ल और ऋचा चड्ढा

‘मिर्ज़ापुर’ फेम एक्टर अली फज़ल और एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा पिछले कई सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। गुजरे हुए कई सालों से इन दोनों की शादी के कयास लगाए जा रहे हैं। साल 2018, 2019 और 2020 में भी इन दोनों की शादी की खूब चर्चाएं थीं, मगर ऐसा कुछ अभी तक हो नहीं सका। हालांकि, 2020 में अली-ऋचा ने शादी करने का पूरा मन बन लिया था, लेकिन कोरोना वायरस की वजह से इन दोनों ने शादी को टालना ही मुनासिब समझा। (ये भी पढ़ें: जब विनोद खन्ना के प्यार में दीवानी थीं एक्ट्रेस अमृता सिंह, मां ने रिश्ता खत्म करने की दी थी सलाह)

'बॉम्बे टाइम्स' के साथ हुई बातचीत में ऋचा ने 2020 में शादी न करने और अपने दोनों के भविष्य के बारे में बात की थी। ऋचा ने कहा था कि 'यकीनन यह निराशाजनक है, क्योंकि हम सब बिल्कुल तैयार थे और तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन ठीक है। हमारा आइडिया अपने इस स्पेशल डे को अपनी फैमिली और दोस्तों के साथ सेलिब्रेट करना है। जब चीजें सही हो जाएंगी और सही वक्त होगा, उम्मीद करते हैं कि हम लौटेंगे और एक नई दुनिया हमारे साथ सेलिब्रेट करेगी।' ऋचा की इन बातों से साफ़ जाहिर है कि अगर 2021 में सारी चीजें अनुकूल रहीं, तो ये दोनों शादी ज़रूर कर लेंगे। 

अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा

प्रोड्यूसर बोनी कपूर के बेटे और फिल्म 'तेवर' से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले एक्टर अर्जुन कपूर अपनी फिल्मों से ज्यादा अपने रिलेशनशिप को लेकर सुर्खियां बटोरते रहते हैं। पिछले कई सालों से अर्जुन अपने से उम्र में 12 वर्ष बड़ी एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा को डेट कर रहे हैं। अक्सर अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा को एक संग देखा भी जाता है। दोनों साथ में अपनी ट्रिप्स को एन्जॉय करते हैं व अपने वीकेंड्स को प्लान करते हैं। अर्जुन की ही वजह से मलाइका ने अरबाज़ खान को तलाक दे दिया था, जिनसे उन्हें 15 साल का एक लड़का भी है।

हालांकि, बीच में ऐसी ख़बरें आ रही थी कि ये दोनों जल्द ही शादी कर सकते हैं, लेकिन बाद में इन दोनों ने उसे अफवाह ही करार दिया था। फिलहाल, अर्जुन-मलाइका इस वक़्त गोवा में छुट्टियां बिता रहे हैं, जहां से वो अपने फैंस के लिए सोशल मीडिया पर फोटोज पोस्ट किया करते हैं। उम्मीद है कि ये दोनों कपल साल 2021 में शादी करेंगे और अपनी ज़िन्दगी की नयी शुरुआत करेंगे। (ये भी पढे़ं: शेखर सुमन की लव स्टोरीः बेटे की मौत के बाद टूट चुके थे एक्टर तो पत्नी अलका ने ऐसे दिया था साथ)

 

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट

पूरे फिल्मी जगत से लेकर देश के चौराहों तक सभी लोग सिर्फ इस बात की चर्चा करते हैं कि एक्टर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट शादी कब कर रहे हैं। इन दोनों का रिलेशनशिप किसी से छुपा नहीं है। दोनों ने अपने प्यार का इज़हार हर एक मंच से किया है। पिछले साल से ही इन दोनों की शादी की अफवाहें आ रही हैं, लेकिन अभी तक इन दोनों ने शादी नहीं की है। कुछ लोगों का ऐसा भी कहना है कि ये कपल 2020 में शादी करने वाले थे, मगर ऋषि कपूर के निधन व कोरोना वायरस और लॉकडाउन की वजह से बात बन न सकी। 

इन दोनों ने कभी अपनी शादी को लेकर मीडिया में कोई बयान नहीं दिया है। आलिया-रणबीर ने हमेशा अपने रिलेशनशिप को प्राइवेट ही रखना जायज समझा है। मगर माना जा रहा है कि 2021 में ये कपल अपने रिश्ते को एक नये आयाम पर लेकर जाएगा और सात फेरे लेकर एक नाम देगा। इन दोनों की शादी का इंतजार पूरा भारत देश बड़ी बेसब्री से कर रहा है। 

फरहान अख्तर और शिवानी दांडेकर

बॉलीवुड के मल्टी टैलेंटेड एक्टर व फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' से अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने वाले कलाकार फरहान अख्तर का इंडस्ट्री में एक अलग रुतबा है। फरहान अख्तर एक्टर होने के साथ ही प्रोड्यूसर, डायरेक्टर, सिंगर, राइटर और म्यूजिक कंपोजर भी हैं। अपनी पहली पत्नी से तलाक लेने के बाद वह पिछले कई सालों से मॉडल शिवानी दांडेकर को डेट कर रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये दोनों कपल्स लिव इन रिलेशनशिप में भी हैं।

माना जा रहा था कि फरहान-शिवानी दोनों साल 2020 में शादी कर लेंगे व इसके साथ ही कहा जा रहा था कि दोनों की रॉयल वेडिंग भी होगी, लेकिन कोरोना वायरस और लॉकडाउन की वजह से ये सब हकीकत न बन सका। मगर इस कपल को हताश होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, और न ही इनके फैंस को। साल 2021 इन दोनों के लिए किसी खुशियों की चाबी से कम नहीं है। फरहान-शिवानी 2021 में शादी रचाकर अपने जीवन पथ पर एक नये सफर के एहसास की तरफ बढ़ेंगे। उम्मीद है कि साल 2021 में ये दोनों एक दूजे के हो जाएंगे।

तारा सुतारिया और आदर जैन

बॉलीवुड इंडस्ट्री में काफी कम वक़्त में अपनी अलग पहचान बना चुकी 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2' फेम एक्ट्रेस तारा सुतारिया पिछले साल से रणबीर कपूर के कजिन आदर जैन को डेट कर रही हैं। दोनों को कई बार साथ में भी देखा जा चुका है। हाल ही में, दोनों को मालदीव में साथ वेकेशन मनाते भी देखा गया था। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि आदर भी अपने बड़े भाई की राह पर निकल चुके हैं और 2021 में एक्ट्रेस संग सात फेरे ले सकते हैं। बहरहाल, इस बात में सच्चाई कितनी है वह तो पता ही चल जाएगा।

तो ये थी उन एक्टर्स की फेहरिस्त, जो साल 2021 को अपनी ज़िन्दगी का यादगार वर्ष बनाने को तैयार हैं। 'बॉलीवुडशादीज' की तो यही दुआ है कि ऊपरवाला इन एक्टर्स पर अपनी रहमत बरपे और इनके लिए 2021 कभी न भूलने वाला साल बन जाए। फिलहाल, आपको ये स्टोरी कैसी लगी? कमेंट करके हमें जरूर बताएं और यदि कोई सुझाव हो तो अवश्य दें। 

(Image Source: Kriti Kharbanda, Varun Dhawan, Richa Chadha, Arjun Kapoor, Malaika Arora, Alia Bhatt, Farhan Akhtar, Tara Sutaria)
BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.