इन एक्ट्रेसेस ने अपनी शादी में पहना था गुलाबी रंग का लहंगा, लग रही थीं बेहद खूबसूरत

बॉलीवुड की इन खूबसूरत एक्ट्रेसेस ने अपनी शादी के खास दिन पर लाल रंग के लहंगे की जगह गुलाबी रंग के लहंगे को पहनकर फैशन का एक अलग ट्रेंड सेट किया है।

img

By Deepali Srivastava Last Updated:

इन एक्ट्रेसेस ने अपनी शादी में पहना था गुलाबी रंग का लहंगा, लग रही थीं बेहद खूबसूरत

शादी का दिन हर लड़की की जिंदगी का सबसे खास दिन होता है। शादी के दिन सभी की नजरें आपके ऊपर और आपके पहनावे पर होती हैं। हमेशा से ही हमने शादियों में दुल्हन को लाल रंग के लहंगे में ही देखा है। इसे हम एक ट्रेडिशन या लाल रंग को खास भी कह सकते हैं, लेकिन अब वक्त बदल रहा है, वैसे ही हमारा फैशन सेंस भी बदलता जा रहा है। शादियों में जहां दुल्हनें सिर्फ लाल रंग के लहंगे और उसी की मैचिंग की ज्वैलरी पहनती थीं, तो वहीं अब दूसरें रंगों को भी महत्व मिलने लगा है। अब ये चलन काफी आम हो गया है, लेकिन इसकी शुरुआत बी-टाउन सेलेब्स से ही हुई है। एक्ट्रेसेस का फैशन सेंस साल के अनुसार ही बदलता रहता है। जैसे पहले शादियों में लाल जोड़ा या लाल रंग का लहंगा ही पहनाया जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब पिंक लहंगे का भी चलन शुरू हो चुका है। कई एक्ट्रेसेस ऐसी हैं, जिन्होंने अपनी शादी के खास दिन पिंक कलर के लहंगे में कहर ढाया। इन एक्ट्रेसेस को गुलाबी रंग के लहंगे में देखकर लोगों का फैशन को लेकर नजरिया बदला और अब शादियों में दुल्हनें लाल रंग के अलावा दूसरे रंगों को भी महत्व देने लगी हैं। तो यहां आज हम आपको बॉलीवुड की उन एक्ट्रेसेस के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने अपनी शादी में पिंक लहंगा पहना था।

कहा जाता है फैशन स्टाइल जब बदलती है, तो सबसे पहले शुरुआत बी-टाउन से ही होती है। शादी में लाल जोड़े की जगह पिंक, हरा और सफेद रंग का लहंगा पहनने का चलन बॉलीवुड से ही आया है। जी हां, हम आपको यहां सिर्फ उन एक्ट्रेसेस के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने अपनी शादी में पिंक कलर का लहंगा पहना था। लेकिन कई एक्ट्रेस ऐसी भी हैं, जिन्होंने हरा और सफेद रंग का लहंगा भी अपनी शादी में पहनकर तारीफें बटोरी थीं। हालांकि, ऐसा नहीं है कि इन सभी एक्ट्रेस की शादी हिंदू रीति-रिवाज से नहीं हुई। एक्ट्रेसेस ने हिंदू रीति के अनुसार ही शादी की, लेकिन लहंगे के कलर में बदलाव कर दिया। (ये भी पढ़ें: बॉलीवुड के ये कपल तलाक के बाद हो चुके हैं अलग, लेकिन आज भी करते हैं एक-दूसरे का सम्मान)

अनुष्का शर्मा

जब शादी में पिंक लहंगा पहनने की बात आती है तो सबसे पहले एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा का नाम जेहन में आता है। लेकिन अनुष्का वो पहली एक्ट्रेस नहीं हैं, जिन्होंने अपनी शादी में पिंक लहंगा पहना था। उनसे पहले भी कुछ एक्ट्रेसेस पिंक लहंगा पहन चुकी हैं। अनुष्का शर्मा का नाम इसलिए लिस्ट में पहले आता है क्योंकि उनकी शादी पर लोगों की नजरें टिकी हुई थीं। हालांकि, इस बात से सब बेखबर थे कि क्रिकेटर विराट कोहली और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा इटली में शादी रचा रहे हैं। जब शादी से जुड़ी कपल की तस्वीरें सामने आई थीं, तब लोग हैरान रह गये थे। 11 दिसंबर 2017 को अनुष्का और विराट शादी के बंधन में बंध गये थे।

अनुष्का ने अपनी शादी में पिंक जोड़ा पहना था, जिसकी खूब चर्चा भी हुई थी। एक्ट्रेस पिंक कलर के लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। इस लहंगे की खास बात ये थी कि इस लहंगे को बनाने में 32 दिन लगे थे और 67 कारीगरों ने इसे तैयार किया था। इसके साथ ही लहंगे में खूबसूरत चिड़ियों और तितलियों के साथ माइक्रो हैंडप्रिंट कढ़ाई को उकेरा गया था। अनुष्का ने अपने लुक को कम्पलीट करने के लिए पारंपरिक ज्वैलरी जैसे रानी हार, स्टेटमेंट चोकर, माथापट्टी, जड़ाऊ झुमकों को पहना था। अनुष्का-विराट की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं और फैंस आज भी दोनों की जोड़ी को काफी पसंद करते हैं।

नेहा धूपिया

एक्ट्रेस नेहा धूपिया ने एक्टर अंगद बेदी से 10 मई 2018 को शादी रचाई थी। नेहा-अंगद की शादी ने सभी को हैरान कर दिया था, क्योंकि इनकी शादी काफी गुपचुप तरीके से हुई थी। दोनों ने दिल्ली के एक गुरुद्वारे में आनंद कारज रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की थी। अपनी शादी में नेहा धूपिया ने फैशन डिजाइनर अनीता डोंगरे का डिजाइन किया हुआ बेबी पिंक कलर का लहंगा पहना था।

इस लहंगे को रेशम के कपड़े से तैयार किया गया था, जिसमें हल्के वजन वाली गोटा पट्टी, डोरी, जरदोजी और जरी समेत राजस्थानी कढ़ाई को उकेरा गया था। नेहा धूपिया के पिंक लहंगे को लोगों ने खूब पसंद किया था।

रुबीना दिलैक

जब बात शादी में पिंक लहंगा पहनने की हो रही है, तो बॉलीवुड एक्ट्रेसेस के साथ ही टीवी एक्ट्रेसेस का नाम आना भी लाजमी है। फैंस के दिलों में अपनी अलग पहचान बना चुकीं एक्ट्रेस रुबीना दिलैक ने 21 जून 2018 को एक्टर अभिनव शुक्ला से शादी रचाई थी। रुबीना दिलैक ने अपनी शादी में ऑफ व्हाइट कलर का पिंक एंड ग्रीन कलर एम्ब्रॉयडरी वाला लहंगा पहना था। आम तौर पर हिंदू रीति रिवाज में शादी समारोह में सफेद रंग को खराब माना जाता है, लेकिन एक्ट्रेस ने ऑफ व्हाइट रंग का लहंगा पहना था। रुबीना के इस यूनिक लहंगे के रंग को लेकर लोगों ने उनकी खूब तारीफ की थी। इन दिनों रुबीना-अभिनव 'बिग बॉस 14' के कंटेस्टेंट हैं। (इसे भी पढ़ें: बॉलीवुड के वो सितारे जो अपने प्राइवेट प्लेन से भरते हैं उड़ान, जानें इनके बारे में)

मीरा राजपूत

शादी में पिंक लहंगा पहनने की लिस्ट में एक्टर शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत का नाम भी शामिल है। मीरा राजपूत भले ही एक्ट्रेस ना हों, लेकिन उनकी फैन फॉलोइंग किसी एक्ट्रेस से कम नहीं है। मीरा राजपूत अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी और अपने दोनों बच्चों की तस्वीरें शेयर करती रहती हैं, जिन पर फैंस जमकर प्यार लुटाते हैं।

शादी की बात करें, तो 7 जुलाई 2015 को शाहिद-मीरा शादी के बंधन में बंधे थे। अपनी शादी में मीरा ने ब्लश-हाइट पिंक ब्राइडल लहंगा पहना था, जिसे फैशन डिजाइनर अनामिका खन्ना ने डिजाइन किया था। गुलाब के फूलों वाले लहंगे को पहनकर मीरा राजपूत ने यह साबित कर दिया कि पेस्टल कलर्स दुल्हनों के लिए भी परफेक्ट च्वॉइस है। इस लहंगे को बनाने में लगभग 48 दिन लगे थे, जिसे पूरे 67 कारीगरों की मदद से तैयार किया गया था।

नेहा कक्कड़

साल 2020 की चर्चित शादियों में से एक शादी फेमस सिंगर नेहा कक्कड़ की भी रही। नेहा कक्कड़ ने पंजाबी म्यूजिक आर्टिस्ट रोहनप्रीत सिंह से 24 अक्टूबर 2020 को शादी रचाई थी। आनंद कारज रीति-रिवाजों से शादी के लिए नेहा ने फैशन डिजाइनर सब्यसाची का डिजाइन किया हुआ गुलाबी रंग का जड़ाऊ लहंगा पहना था, जिस पर माइक्रो प्रिंट की कशीदाकारी कढ़ाई के साथ फ्लोरल मोटिफ्स को उकेरा गया था। इसके साथ ही लहंगे के चारों ओर जालीदार बॉर्डर का काम भी खूबसूरती से किया गया था। गुलाबी रंग के लहंगे में सिंगर नेहा कक्कड़ बेहद खूबसूरत लग रही थीं। (ये भी पढ़ें: जब शादीशुदा बोनी कपूर को श्रीदेवी से हुआ था प्यार, एक्स वाइफ के सामने ऐसे किया था इजहार)

बी-टाउन की खूबसूरत एक्ट्रेसेस ने अपनी शादी में गुलाबी रंग के लहंगे को पहनकर एक अलग फैशन ट्रेंड सेट किया है, जिसे आम तौर पर लड़कियां भी अपनाना शुरू कर चुकी हैं। तो वहीं कुछ एक्ट्रेसेस ऐसी भी हैं, जिन्होंने अपनी शादी में लहंगे की जगह साड़ी पहनी थी। लेकिन अब शादी में लाल रंग की जगह अन्य रंगों के लहंगे पहनने का भी चलन शुरू हो चुका है। फिलहाल, फैशन ट्रेंड हमेशा ही बदलता रहता है, लेकिन आपको किस एक्ट्रेस का पिंक लहंगा सबसे ज्यादा पसंद आया? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।

(फोटो क्रेडिट: इंस्टाग्राम)
BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.