By Prakash Joshi Last Updated:
वैसे तो बॉलीवुड जगत में कई ऐसी फैमिली हैं, जिनकी थ्रोबैक तस्वीरें अक्सर सामने आती रहती हैं। लेकिन, बात जब कपूर फैमिली की हो तो फैंस की एक्साइटमेंट थोड़ी ज्यादा हो जाती है। इसी कड़ी में दिवंगत बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) की फैमिली की एक थ्रोबैक तस्वीर सामने आई है, जिसे फैंस का खूब प्यार मिल रहा है। तो चलिए देखते हैं फोटो।
दरअसल, सोशल मीडिया पर हमें दिवंगत बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर की फैमिली की एक थ्रोबैक तस्वीर मिली है। इस पुरानी फोटो में ऋषि कपूर, पत्नी नीतू कपूर, बेटे रणबीर कपूर और बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी नजर आ रही हैं। चारों लोग कैमरे के लिए पोज दे रहे हैं और एक प्यारी सी स्माइल पास करते हुए देखे जा सकते हैं। (ये भी पढ़ें: लंबे समय बाद महेंद्र सिंह धोनी ने की जीत से वापसी, तो पत्नी साक्षी ने शेयर की ये खास फोटो)
ऋषि कपूर को इस तस्वीर में ब्लैक और ग्रे कलर की टी-शर्ट में देखा जा सकता है, और उनके गले में एक चश्मा भी लटका हुआ साफ नजर आ रहा है। वहीं, नीतू कपूर इस फोटो में हरे कलर के सूट में बेहद ही प्यारी लग रही हैं। इसके अलावा बेटे रणबीर एक व्हाइट कुर्ते में नजर आ रहे हैं, और उनकी बहन रिद्धिमा पीले सूट में बाल खोले हुए किसी राजकुमारी से कम नहीं लग रही हैं। इस तस्वीर को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
सितंबर 2018 में ऋषि कपूर को ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) का पता चलने के बाद वो पत्नी नीतू सिंह के साथ न्यूयॉर्क इलाज के लिए गए थे। वहां लगभग 1 साल इलाज करवाने के बाद वो सितंबर 2019 में भारत लौटे थे। वो लगभग ठीक ही थे, लेकिन 29 अप्रैल 2020 की रात अचानक उनकी तबीयत खराब हुई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के सर एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती करवाया गया और फिर गुरुवार यानी 30 अप्रैल 2020 की सुबह उनका निधन हो गया था। (ये भी पढ़ें: जानें कौन हैं पायल घोष, जिन्होंने अनुराग कश्यप पर लगाया है यौन शोषण का आरोप)
30 मई 2020 को पति के निधन को 1 महीने पूरा होने पर नीतू ने ऋषि कपूर को याद करते हुए पति संग एक थ्रोबैक फोटो शेयर की थी, जिसमें दोनों लोग जींस की पैंट और शर्ट पहने हुए बेहद खूबसूरत दिखाई दे रहे हैं। फोटो शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा था, "आप मुझे अलविदा कह चुके हैं, तो अब मुझे शुभकामनाएं दीजिए, अब मैं अपने जीवन में आगे बढ़ रही हूं, खुशी के साथ ना कि आंखों में आंसू के साथ। मुझे एक मुस्कान दीजिए, जिसे मैं अपने साथ रख सकूं, अपने दिल में जब भी आप से दूर रहूं।"
पिता ऋषि कपूर के जाने के बाद से ही कपूर परिवार बहुत दुखी और गम में था, लेकिन वो कहते हैं ना कि धीरे-धीरे ही सही जिंदगी पटरी पर लौट ही आती है। ऐसा ही कुछ नीतू, रणबीर और उनकी बहन रिद्धिमा के साथ हुआ और ये लोग अब अपनी खुशियों को सेलिब्रेट भी कर रहे हैं। 8 जुलाई 2020 को मां नीतू कपूर का बर्थडे मनाने के बाद बेटी रिद्धिमा ने 15 सितंबर 2020 को अपना 40वां बर्थडे मनाया। इस खास मौके पर उन्हें उनके फैंस से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स तक हर किसी ने बधाई दी थी। लेकिन इन सबके बीच उनके परिवार ने उनके इस बर्थडे को बेहद खास बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी और इसके लिए उन्होंने खास इंतजाम और कई सरप्राइज भी प्लान किए थे, ताकि रिद्धिमा के इस दिन को खुशनुमा बनाया जा सके। (ये भी पढ़ें: नानी के घर पहुंचते ही अम्मी करीना के सामने तैमूर अली खान ने किया भांगड़ा, वीडियो आया सामने)
मां नीतू कपूर, भाई रणबीर कपूर, एक्ट्रेस आलिया भट्ट समेत कई लोगों ने एक वीडियो बनाकर रिद्धिमा कपूर को बर्थडे सरप्राइज दिया था। इस वीडियो को रिद्धिमा के पति भरत साहनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया था। इस वीडियो में रणबीर, आलिया, नीतू, रिद्धिमा के पति भरत साहनी, आदर जैन, रिद्धिमा की बुआ रीमा जैन, अरमान जैन, मनीष मल्होत्रा समेत कई अन्य लोग भी नजर आए। इन सभी को सॉन्ग 'आप जैसा कोई जिंदगी में आए, तो बात बन जाए...' पर थिरकते हुए देखा जा सकता है। सभी लोग अपने अलग-अलग स्टेप्स करते हुए नजर आ रहे हैं।
फिलहाल, नीतू कपूर, रणबीर कपूर व रिद्धिमा कपूर अपनी जिंदगी को खुलकर जी रहे हैं। तो आपको कूपर फैमिली की ये थ्रोबैक फोटो कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।