करवा चौथ 2020: चाहिए गाढ़ी और लंबे समय तक चलने वाली मेहंदी, तो अपनाएं ये टिप्स

करवा चौथ (Karva Chauth) का त्योहार पास है, ऐसे में आज की इस स्टोरी में हम आपके लिए कुछ टिप्स लेकर आये हैं, जिससे कि आपकी मेहंदी गाढ़ी रचेगी। क्या हैं वो टिप्स? आइये जानते हैं..

img

By Prakash Joshi Last Updated:

करवा चौथ 2020: चाहिए गाढ़ी और लंबे समय तक चलने वाली मेहंदी, तो अपनाएं ये टिप्स

मेहंदी लगवाना लगभग हर लड़की को पसंद होता है। कहा जाता है कि एक लड़की की जितनी गहरी मेहंदी रचती है, उसे उसके पार्टनर से उतना ही प्यार मिलता है। साथ ही कुछ लोगों का तो ये भी मानना है कि शादी के दिन यदि किसी लड़की की मेहंदी का रंग गहरा चढ़ता है तो उसे अपनी होने वाली सास से बहुत प्यार मिलता है।  

खैर, मान्यता कोई भी हो, लेकिन एक होने वाली दुल्हन की चाहत यही होती है कि उसकी मेहंदी का रंग निखर कर आये। महिलाओं को मेहंदी लगाने का बस एक बहाना चाहिए होता है। कुछ ही दिनों में करवा चौथ का त्योहार आने वाला है। करवा चौथ एक ऐसा त्योहार है, जिसमें पत्नी अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती है। करवा चौथ पर सभी महिलाएं अपने हाथों पर मेहंदी जरुर रखती हैं। इन दिनों मार्केट में 'मेहंदी वाले भैया' की डिमांड सबसे ज्यादा होती है।  

मेहंदी का रंग गाढ़ा चढ़े, इसलिए आजकल मिलने वाली मेहंदी में केमिकल मिलाया जाता है। हालांकि कुछ महिलाएं ऐसी भी होती हैं, जो नेचुरल (बिना किसी केमिकल) मेहंदी लगवाना पसंद करती हैं। इस बात में कोई शक नहीं है कि घर में बनाई मेहंदी केमिकल फ्री और सबसे अच्छी होती है, पर कुछ महिलाओं के साथ समस्या आती है कि उनकी मेहंदी गाढ़ी नहीं रचती। यदि आप के साथ भी ऐसा होता है तो आज की इस स्टोरी में हम आपको कुछ ऐसे टिप्स देने जा रहे हैं, जिससे आपकी मेहंदी गाढ़ी तो रचेगी ही, साथ ही लंबे समय तक इसका रंग भी बरकरार रहेगा।  

मेहंदी लगाने से पहले कर लें ये तैयारियां      

- मेहंदी लगाने से पहले एक अच्छी नींद लेनी जरुरी है। इसलिए अच्छी नींद लेने के बाद और कुछ खाने के बाद ही मेहंदी लगवाई जाए तो अच्छा रहता है।  

- त्योहार या किसी भी फंक्शन से कुछ दिनों पहले ही मेहंदी लगाने वाले को बुक कर लें। इतना ही नहीं, किसी भी मेहंदी वाले को बुक करने से पहले उसके कुछ लगाए गए मेहंदी के डिज़ाइंस भी जरुर देखें। साथ ही यदि आपके दिमाग में कोई डिज़ाइन है, जिसे आप अपने हाथों पर उतारना चाहती हैं, तो वो भी मेहंदी लगाने वाले आर्टिस्ट को बता दें। इसके अलावा यदि आपके पास मेहंदी की डिज़ाइन है, जिसे आप अपने-हाथों या फिर पैरों पर लगवाना चाहती हैं तो उसे 'मेहंदी वाले भैया' को दे दें।  

- बेहतर परिणाम के लिए आप घर पर ही मेहंदी का घोल तैयार करें। यदि आप नहीं कर पातीं है तो मेहंदी वाले से बोलें कि वे आपके लिए घर पर ही मेहंदी का घोल तैयार करें। इस बात का ध्यान रखें कि आपका मेहंदी वाला अच्छी क्वॉलिटी की मेहंदी का इस्तेमाल कर रहा हो, नहीं तो आपको मन मुताबिक परिणाम नहीं मिलेगा।   

- मेहंदी लगाने से पहले अपने हाथों और पैरों को साबुन से अच्छे से धोकर सुखा लें। यदि आपके हाथ में किसी प्रकार का तेल या फिर क्रीम लगी रहेगी तो मेहंदी का रंग अच्छा नहीं चढ़ेगा।  

- यदि आपके मेहंदी वाले को मेहंदी लगाने से पहले न्यूज़पेपर, टॉवल या फिर पुराने कपड़े की आवश्यकता है तो उसे पूछकर दे दें। इन सब चीजों को साथ में इकठ्ठा करने के बाद ही मेहंदी लगवाने बैठें। ऐसे में डिज़ाइनर को बीच में कोई चीज मंगवाने की जरुरत नहीं पड़ेगी और वो आराम से आपकी मेहंदी लगा देगा। (ये भी पढ़ें: कभी एक्ट्रेस रेखा के मोटे होने पर लोग उड़ाते थे मजाक, फिर ऐसे हुआ जबरदस्त ब्यूटी ट्रांसफॉर्मेशन)    

- मेहंदी लगाने में घंटों लग जाते हैं, इसलिए कुछ ऐसा पहनें जिसमें आप कम्फ़र्टेबल होकर बैठ सकें। हो सके तो मेहंदी लगवाते समय कोई पुराना कपड़ा पहनें, नहीं तो कई बार मेहंदी से नए कपड़े खराब भी हो जाते हैं।  

मेहंदी लगवाते समय इन चीजों का रखें ध्यान       

- मेहंदी लगवाने से पहले या फिर लगवाते समय ज्यादा लिक्विड चीजों जैसे पानी, जूस आदि को पीना अवॉयड करें।  

- मेहंदी लगवाते समय धूप में न बैठें। मेहंदी किसी छांव वाली जगह या फिर किसी कमरे में बैठकर ही लगवाएं। 

- मेहंदी जल्दी सुखाने के लिए अपने हाथों को ज्यादा न हिलाएं, इससे आपकी मेहंदी खराब हो सकती है। साथ ही गीली मेहंदी के साथ ज्यादा घूमें भी नहीं, इससे आपकी मेहंदी फैल सकती है।

- अपनी मेहंदी को जल्दी सुखाने के लिए कुछ महिलाएं गैस जलाकर हाथ सेंकने लगती हैं, तो कुछ ब्लो ड्राई से मेहंदी सुखाने लगती हैं। इस तरीके से मेहंदी सुखाने की गलती भूलकर भी न करें। यह आपकी सुंदर मेहंदी को खराब कर सकता है।  

- मेहंदी लगाने के बाद शेव या फिर वैक्स न करें। ऐसा करने पर आपकी मेहंदी की ऊपर की लेयर उखड़ सकती है, जिससे कि मेहंदी का रंग उड़ा हुआ नजर आने लगेगा। मेहंदी लगवाने के बाद मैनीक्योर, पैडीक्योर या फिर वैक्सिंग जैसे ब्यूटी ट्रीटमेंट न लें। हो सके तो ये सब मेहंदी लगवाने से कुछ दिनों पहले ही करवा लें।   

गाढ़ी मेहंदी के लिए करें ये काम   

- यदि आपकी शादी होने वाली है और आप चाहती हैं कि आपकी मेहंदी गाढ़ी रचे, तो इसके लिए आप शादी से 24 घंटे या फिर 48 घंटे पहले ही मेहंदी लगवा लें। इससे बेहतर परिणाम आता है। शादी से कुछ घंटे पहले मेहंदी लगवाने पर मेहंदी का रंग गाढ़ा नहीं हो पाता और यह दुल्हन वाले लुक के साथ बिल्कुल अच्छा नहीं लगता।  

- अपने हाथों पर मेहंदी को कम से कम 7 से 8 घंटे और ज्यादा से ज्यादा 12 घंटे तक रखें।  

- मेहंदी का रंग गाढ़ा करने के लिए आप मेहंदी निकालने के बाद ‘लौंग का धुंआ’ हाथों पर ले सकती हैं। इसके लिए आप कुछ लौंग लें और उसे गर्म तवे पर रख दें। लौंग से जब धुंआ निकलने लगे तो उससे अपने हाथ सेंके। बड़ी सावधानी से इस प्रक्रिया को करें। धुंआ तेज लगने पर हाथ तुरंत हटा लें।  

- जब मेहंदी हल्की सूख जाए तो उस पर नींबू और चीनी के पानी का मिश्रण लगाएं। एक रुई की मदद से आप इसे अपनी आधी सूखी हुई मेहंदी पर लगाएं। ऐसा कम से कम 3 से 4 बार करें। इससे आपकी मेहंदी का रंग न सिर्फ गाढ़ा होगा, बल्कि लंबे समय तक मेहंदी आपके हाथों पर चिपकी भी रहेगी। (ये भी पढ़ें: पहली पत्नी प्रकाश कौर के साथ धर्मेंद्र की अनदेखी तस्वीर आई सामने, एक साथ पहुंचे थे शादी में)   

- चीनी और नींबू के घोल को जरुरत से ज्यादा न लगाएं। घोल ज्यादा लगाने से महेंदी डाइल्यूट हो जाएगी है और रंग गाढ़ा नहीं चढ़ेगा।  

- जब आपकी मेहंदी पूरी तरह से सूख जाए तो इसे धीरे-धीरे आराम से निकालें। मेहंदी जब निकल जाए तो इस पर कोई बाम या फिर सरसों का तेल लगा लें। मेहंदी निकालने के लिए भूल से भी पानी या फिर साबुन का इस्तेमाल न करें। मेहंदी उतारने के तकरीबन 12 घंटों तक अपने हाथों को पानी से बचाए रखें।  

- सोते समय या फिर किसी और समारोह में हिस्सा लेते समय अपने हाथों को किसी प्लास्टिक की पन्नी या फिर किसी बैंडेज से कवर कर लें। ऐसा नहीं करने पर मेहंदी खराब होने का डर बना रहता है।

बता दें, इस बार करवा चौथ का त्योहार 4 नवंबर को है। महिलाएं बेसब्री से इस दिन का इंतजार करती हैं। यही एक मौका होता है, जब महिलाएं अपने पति के लिए सजती-संवरती हैं। करवा चौथ के बाद दिवाली का त्योहार है, जिस वजह से अभी से ही बाजारों में रौनक लग गई है। (ये भी पढ़ें: भोजपुरी सिंगर रितेश पांडेय का अक्षरा सिंह से जुड़ चुका है नाम, जानें इनके बारे में सब कुछ)

तो ये थे कुछ आसान टिप्स, जिनकी मदद से आपकी मेहंदी का रंग न सिर्फ गाढ़ा चढ़ेगा, बल्कि कई दिनों तक टिकेगा भी। आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट करके बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सुझाव हो तो हमें अवश्य दें।

 

 

 

 

 

BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.