ये हैं बॉलीवुड की वो 10 अभिनेत्रियां, जिन्होंने सिंदूर को बनाया अपने ग्लैमर का हिस्सा

ग्लैमर की दुनिया का बेहद अहम हिस्सा हैं बॉलीवुड की ये 10 अभिनेत्रियां, लेकिन शादी के बाद सिंदूर के साथ इनकी खूबसूरत फोटो को देखा है क्या आपने? अगर नहीं, तो अब देख लीजीए...

img

By Monika Chauhan Last Updated:

ये हैं बॉलीवुड की वो 10 अभिनेत्रियां, जिन्होंने सिंदूर को बनाया अपने ग्लैमर का हिस्सा

बॉलीवुड जगत की अभिनेत्रियां हमेशा से ही अपने स्टाइलिश लुक को लेकर चर्चा मे रहती हैं। ग्लैमर उनके जीवन का हिस्सा है, लेकिन इन अभिनेत्रियों के लिए भारतीय संस्कृति भी उतना ही महत्व रखती है, जितना कि ग्लैमर। शादी के बाद एक विवाहित महिला के लिए सिंदूर कितना मायने रखता है, इसका महत्व इन अभिनेत्रियों को बखूबी पता है। अगर आपको इस पर यकीन नहीं आ रहा, तो हम आपको दिखाने जा रहे हैं, शादी के बाद सिंदूर के साथ नज़र आई बॉलीवुड की 10 फेमस अभिनेत्रियों की वो झलक, जो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गई। तो आइए डालते हैं इन अभिनेत्रियों के सिंदूर लुक की फोटो पर एक नज़र।

1. अनुष्का शर्मा  

अभिनेत्री अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) और क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) की शादी 11 दिसम्बर, 2017 को इटली में हुई थी। इसकी खबरें महीनों तक सुर्खियों में छाई रही। इस शादी में अनुष्का ने सब्यसाची का डिजाइन किया हुआ गुलाबी रंग का बेहद खूबसूरत लहंगा पहना था, जिसमें वह बहुत खूबसूरत लग रही थीं। हालांकि, दिल्ली में आयोजित रिसेप्शन पार्टी में उनके लुक की काफी चर्चा हुई थी। अनुष्का ने इस पार्टी में लाल रंग की बनारसी साड़ी पहनी थी और हर नई शादीशुदा महिला की तरह उन्होंने बेहद खूबसूरत तरीके से सिंदूर लगाया था, जिसने उनके लुक पर चार चांद लगा दिए थे। एक नवविवाहित महिला के रूप में वह बेहद सुंदर लग रही थीं। आप भी देखिए, इस फोटो की एक झलक। गौरतलब है कि अनुष्का अब जल्द ही अपने पहले बच्चे की मां बनने वाली हैं। (ये भी पढ़ें: आम्रपाली नहीं, ये हैं भोजपुरी एक्टर 'निरहुआ' की वाइफ, जानें इनकी लव लाइफ के बारे में)      

2. बिपाशा बसु  

बिपाशा बसु (Bipasha Basu) और करण सिंह ग्रोवर (Karan Singh Grover) की शादी 30 जून, 2016 को हुई थी। बंगाली रीति-रिवाजों से हुई इस शादी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। दोनों ने इस शादी के हर पल का आनंद लिया था। बिपाशा ने अपनी शादी में लाल रंग का लहंगा पहना हुआ था और उनके चेहरे पर दिख रही खुशी सबको साफ नज़र आ रही थी। इस लहंगे में वह सुंदर तो लग ही रही थीं, लेकिन उनका रिसेप्शन वाला लुक काफी वायरल हुआ था। बिपाशा ने अपने रिसेप्शन में सुनहरे रंग की ड्रेस पहनी हुई थी, लेकिन भारतीय परंपरा के अनुसार, उन्होंने एक नविवाहित महिला की तरह सिंदूर को भी अपने श्रृंगार में शामिल किया था। उनके इस लुक ने सिंदूर को एक फैशन बना दिया। आप भी देखिए, बिपाशा का ये सिंदूर लुक।  

3. दीया मिर्जा  

दीया मिर्जा (Dia Mirza) और साहिल सांगा (Sahil Sangha) की शादी ग्लैमर के शोरगुल से दूर बेहद शांति के माहौल में हुई थी। दोनों ने दिल्ली के छत्तरपुर स्थित फार्महाउस में 18 अक्टूबर, 2014 को सात फेरे लिए थे। सुनहरे और हरे रंग के लिबास में उनका ब्राइडल लुक बेहद अलग था। अपनी शादी के बाद दीया ने 16वें अंतर्राष्ट्रीय बाल फिल्म महोत्सव की मेज़बानी की थी, जिसमें उन्हें बेहद साधारण लुक में देखा गया था। हालांकि, उनका यही लुक रातों-रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। उन्होंने इस फिल्म महोत्सव में एक साधारण नीली रंग की साड़ी पहनी थी, लेकिन उनके माथे पर लगे सिंदूर ने इस साधारण साड़ी को एक अलग ही परिभाषा दे दी थी। गौरतलब है कि अगस्त, 2019 को दिया ने अपने पति साहिल से तलाक ले लिया है। 

4. ऐश्वर्या राय बच्चन  

1994 में 'विश्व सुंदरी' का खिताब जीतने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन (Aishwarya Rai Bachchan) ने विश्व पटल पर अपनी खूबसूरती की छाप छोड़ी है। उनकी गिनती आज भी दुनिया की बेहद खूबसूरत महिलाओं में होती है। पूरे विश्व में अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर ऐश्वर्या राय भी अपनी भारतीय सभ्यता का बेहद सम्मान करती हैं। ऐश्वर्या ने अभिषेक बच्चन (Abhishek Bachchan) के साथ सात फेरे लिए थे। दोनों की शादी 20 अप्रैल, 2007 को हुई थी। ये काफी भव्य और शानदार शादी थी। हर अखबार का पहला पन्ना उनकी शादियों की फोटो से सजा हुआ था। हालांकि, उस वक्त एक चीज ने सभी को आकर्षित किया था और वो था शादी के बाद लाल रंग की साड़ी और सिंदूर के साथ नज़र आया उनका चेहरा। उनकी ये फोटो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। (ये भी पढ़ें : धीरूभाई अंबानी की बेटियों के बारे में नहीं जानते होंगे आप, जानें कहां हुई है इनकी शादी

5. करीना कपूर खान   

बॉलीवुड की ‘बेबो’ यानी करीना कपूर खान (Kareena Kapoor) ग्लैमर की दुनिया में एक बड़ा नाम है। उन्होंने भले ही सैफ अली खान (Saif Ali Khan) के साथ शादी की हो, लेकिन वह अपनी परंपरा और संस्कृति का हमेशा से सम्मान करती आई हैं। इसका सबूत है शादी के बाद नज़र आया उनका सिंदूर लुक। लाल रंग की साड़ी में माथे पर लगे सिंदूर के साथ करीना का ये लुक काफी वायरल हुआ था। करीना ने सैफ के साथ 16 अक्टूबर, 2012 को शादी की थी। गौरतलब, है कि करीना जल्द ही दूसरी बार मां बनने वाली हैं। (ये भी पढ़ें : ये है पंकज त्रिपाठी की शादी की वो अनदेखी तस्वीर, जो फैंस को आ रही है खूब पसंद)   

6. शिल्पा शेट्टी   

राज कुंद्रा (Raj Kundra) के साथ शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) की शानदार और भव्य शादी ने काफी सुर्खियां बटोरी थी। दोनों ने 22 नवम्बर, 2009 को सात फेरे लिए थे। दोनों शादी के बाद हनीमून पर गए थे और जब शिल्पा अपने पति राज कुंद्रा के साथ हनीमून से लौटीं, तो उन्हें देखकर ज़रा भी अंदाज़ा नहीं लगाया जा सकता था कि वह एक ग्लैमरस एक्ट्रेस हैं। बेहद ही खूबसूरत साड़ी और चूड़ा पहने हुए नज़र आईं शिल्पा के माथे पर लगा सिंदूर उन्हें बखूबी भारतीय विवाहित महिला की परिभाषा दे रहा था। आप भी डालिए, उनके इस लुक पर एक नज़र। 

7. विद्या बालन  

विद्या बालन (Vidya Balan) ने सिद्धार्थ रॉय कपूर (Siddharth Roy Kapur) से चुपके-चुपके शादी कर ली थी। वह सिद्धार्थ की तीसरी पत्नी हैं। दोनों की शादी की खबर लोगों को तब लगी, जब सभी ने उन्हें शादीशुदा महिला के रूप में देखा। विद्या और सिद्धार्थ ने 14 दिसम्बर, 2012 को बांद्रा में एक निजी समारोह में शादी की थी। शादी के दिन विद्या को सिद्धार्थ के साथ लाल रंग की कांजीवरम साड़ी और मांग में बेहद खूबसूरत तरीके से लगे सिंदूर के साथ देखा गया था। इससे सभी को अंदाज़ा लग गया था कि उन्होंने शादी कर ली है। यह सब जानते हैं कि विद्या बॉलीवुड एक्ट्रेस रेखा (Rekha) को अपना स्टाइल आइकन मानती हैं। ऐसे में विद्या उनकी तरह ही सजने की कोशिश करती हैं। रेखा ने भी अपनी शादी में कांजीवरम साड़ी पहनी थी।  

8. रानी मुखर्जी   

ये तो सभी जानते हैं कि बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी (Rani Mukerji) लंबे समय से निर्देशक आदित्य चोपड़ा (Aditya Chopra) के साथ रिलेशनशिप में थी। दोनों ने लंबे समय के रिलेशनशिप के बाद, अंत में 21 अप्रैल, 2014 को चुपके से शादी भी रचा ली थी। इसके बाद, रानी को एक स्टोर लॉन्च में अपनी सास पैम चोपड़ा के साथ देखा गया था। इस स्टोर लॉन्च में उन्होंने सब्यसाची की डिज़ाइन की हुई ड्रेस पहनी हुई थी। इसके साथ हर नई शादीशुदा महिला की तरह उन्होंने भी अपने हाथों में चूड़ा और माथे पर सिंदूर लगाया हुआ था, जो उन्हें और भी खूबसूरत बना रहा था।  

9. उर्मिला मातोंडकर  

एक अभिनेत्री के तौर पर लंबे समय तक बॉलीवुड से जुड़े रहने के बाद, उर्मिला मातोंडकर (Urmila Matondkar) ने कुछ समय के लिए अपने करियर से ब्रेक ले लिया था। काफी समय बाद, उनकी सोशल मीडिया पर सिंदूर लगाए एक फोटो वायरल हुई थी। हालांकि, यह उनकी किसी फिल्म का फोटो शूट नहीं था। बल्कि, उन्होंने चुपके से कश्मीर के बिज़नेसमैन और मॉडल मोहसिन अख्तर मीर (Mohsin Akhtar Mir) से शादी कर ली थी। मोहसिन उर्मिला से उम्र में 10 साल छोटे हैं। दोनों ने 3 मार्च, 2016 को शादी की थी। उन्हीं के साथ उर्मिला को फोटो में देखा गया था। उर्मिला ने अपनी शादी के रिसेप्शन की फोटो सोशल मीडिया पर साझा की थी। इस फोटो में उन्हें मनीष मल्होत्रा की डिज़ाइन की हुई सुनहरे रंग की ड्रेस पहने हुए देखा गया था। इसके साथ ही उर्मिला ने माथे पर बेहद ही खूबसूरत तरीके से सिंदूर लगाया हुआ था। आप भी डालिए, उर्मिला की इस फोटो पर एक नज़र। 

10. सोनम कपूर आहूजा  

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर (Sonam Kapoor) को उनकी एक्टिंग से कहीं ज्यादा ‘फैशन डीवा’ के रूप में जाना जाता है। काफी लंबे समय तक के रिलेशनशिप के बाद उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड आनंद आहूजा (Anand Ahuja) से 8 मई, 2018 को शादी कर ली थी। उनकी शादी के दौरान हुए समारोह की कई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, लेकिन सबसे खूबसूरत थी शादी के बाद सिंदूर के साथ नज़र आई उनकी यह झलक। समारोह के बाद, सोनम ने एक साधारण लिबास में सिंदूर और चूड़े के साथ यह फोटो खिंचाई थी, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। 

शादी के बाद, सिंदूर लगाने की प्रथा हर विवाहित महिला अपनाती हैं। ऐसे में कैसे इसे अपने फैशन में शामिल करना है? इसका अंदाज़ा महिलाएं इन बॉलीवुड अभिनेत्रियों को देखकर लगा सकती हैं और इसे अपने फैशन का हिस्सा बना सकती हैं। तो आपको बॉलीवुड अदाकाराओं की सिंदूर के साथ ये झलक कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं और साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो, तो अवश्य दें।

(Photo Credit : Instagram)
BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.