मशहूर फिल्म निर्माता विक्रम भट्ट की बेटी कृष्णा भट्ट (Krishna Bhatt) के हाथ में इन दिनों डबल सेलिब्रेशन है। एक तरफ उनकी फिल्म '1920: हॉरर्स ऑफ द हार्ट' 23 जून 2023 को रिलीज होने वाली है, तो दूसरी तरफ 11 जून 2023 को अपने मंगेतर वेदांत सारदा के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं।
'ईटाइम्स' के साथ बातचीत में कृष्णा ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा, "हमने फैसला किया था कि हम जून में शादी करेंगे और किस्मत से यह फिल्म (1920: हॉरर्स ऑफ द हार्ट) भी जून में रिलीज हो रही है। तो जैसा कि पापा कहते हैं, मेरी दो शादियां एक साथ हो रही हैं। एक मेरे जीवन के प्यार के साथ और दूसरी मेरे दर्शकों के साथ।"
कृष्णा अपने होने वाले पति के बारे में बात करते हुए कहती हैं, "मेरे मंगेतर वेदांत सारदा के पास एक ट्रैवल इंजन है, जिसे 'WTFair' कहा जाता है। यह सबसे तेज़ हॉलिडे प्लानिंग इंजन है। उन्होंने और उनके बड़े भाई वरुण भैया ने उस कंपनी के तहत कई वर्टिकल खोले हैं। उन्होंने इसे 2014 में शुरू किया और वे जो कर रहे हैं, उसमें काफी बड़े हो गए हैं।"
स्वाभाविक रूप से कृष्णा और भट्ट परिवार वेडिंग वेन्यू या डिटेल्स का खुलासा नहीं करना चाहते हैं, लेकिन कृष्णा कहती हैं, "सात फेरे और सभी रस्मों के साथ यह एक अच्छी शादी होने जा रही है। मैं परंपराओं की बहुत बड़ी फैन हूं। शादी मुंबई में हो रही है।"
कृष्णा और वेदांत कैसे मिले? इस सवाल पर एक्ट्रेस ने कहा, "हम एक साल से डेटिंग कर रहे हैं। जब हम मिले थे, तो यह पहली नजर का प्यार था। हम जानते थे कि हम वास्तव में एक साथ हो जाएंगे। ठीक एक साल बाद हम शादी के बंधन में बंध रहे हैं। हमारी एक साल की सालगिरह हमारी शादी का दिन है।"
4 दिसंबर 2022 को कृष्णा और वेदांत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक जॉइंट पोस्ट के जरिए इंगेजमेंट की फोटोज शेयर करते हुए अपनी सगाई की घोषणा की थी। अपनी सगाई के लिए जहां कृष्णा ने येलो एंड व्हाइट कलर के एथनिक आउटफिट को चुना था, वहीं वेदांत व्हाइट अटायर में थे। पोस्ट शेयर करते हुए कपल ने कैप्शन में लिखा था, "एक मानसून रोमांस जिसकी परिणति सर्दियों की सगाई में हुई। गर्मियों की अनंतता देखने के लिए इंतजार नहीं कर सकते।"
जानकारी के लिए बता दें कि कृष्णा, विक्रम और उनकी पूर्व पत्नी अदिति भट्ट की बेटी हैं। विक्रम और अदिति का साल 1998 में तलाक हो गया था। इसके बाद कथित तौर पर उन्होंने श्वेतांबरी सोनी से शादी की।
जब विक्रम भट्ट ने बेटी कृष्णा भट्ट की सगाई की तस्वीरें शेयर कर लिखा था इमोशनल सॉन्ग। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
फिलहाल, हम कृष्णा और वेदांत के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हैं। तो आपको इनकी जोड़ी कैसी लगती है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।