विनोद मेहरा की पत्नी किरण ने खोले उनके जिंदगी के कई राज, बताया रेखा और विनोद के रिश्ते का सच

हाल ही में हुए एक इंटरव्यू में अभिनेता विनोद मेहरा की पत्नी किरण ने विनोद और अपनी शादी को लेकर बात की है। उन्होंने रेखा और विनोद के रिश्ते के बारे में भी बताया है। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।

img

By Deeksha Priyadarshi Last Updated:

विनोद मेहरा की पत्नी किरण ने खोले उनके जिंदगी के कई राज, बताया रेखा और विनोद के रिश्ते का सच

70 के दशक में अभिनेता विनोद मेहरा (Vinod Mehra) 'अमरदीप', 'नागिन', 'जानी दुश्मन' जैसी फिल्मों में अपनी बेमिसाल एक्टिंग से फैंस पर अपना जादू बिखेरने में कामयाब रहे थे। उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट, फिल्म 'रागिनी' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी, जिसके बाद उन्होंने कई सुपरहिट फिल्में दी थीं। आपको मालूम हो कि, विनोद मेहरा का महज 45 साल की उम्र में 30 अक्टूबर 1990 को दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया था। अपनी प्रोफेशनल लाइफ में विनोद जितने सफल रहे थे, उनकी पर्सनल लाइफ उतनी ही उलझी हुई थी।

vinod mehra

हाल ही में, 'ई-टाइम्स' को दिए एक इंटरव्यू में अभिनेता विनोद मेहरा की पत्नी किरण मेहरा ने विनोद की जिंदगी और उनके रिलेशनशिप्स के बारे में बात की है। उन्होंने विनोद मेहरा और अपनी शादी के बारे में बात करते हुए कहा, "विनोद जी बहुत अच्छे इंसान थे। 3 दशक से अधिक समय हो गया है, लेकिन आज तक मैं किसी ऐसे इंसान से नहीं मिली, जो इतना अच्छा हो। उन्होंने मुझसे कभी ऊंची आवाज में बात तक नहीं की थी। उन्होंने कभी कोई गलत शब्द नहीं कहा था। यहां तक ​​कि, अगर मैं कभी 'बेवकूफ' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करती थी, तो वह मुझे समझाते थे और ऐसी भाषा का इस्तेमाल न करने के लिए कहते थे।"

vinod mehra

(ये भी पढ़ें: विनोद मेहरा की लव लाइफ: 3 शादियों और 2 अफेयर्स के बीच ऐसी रही है एक्टर की निजी जिंदगी)

कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किरण के पिता विनोद और किरण की शादी के खिलाफ थे। इस बारे में बात करते हुए किरण कहती हैं, "मैंने विनोद में अपने पिता का प्रतिबिंब देखा है। मेरे पिता एक अद्भुत व्यक्ति थे। लेकिन सच कहूं, तो मेरे पापा नहीं चाहते थे कि, विनोद और मैं शादी करें। मैंने पिताजी को मनाते हुए कहा था कि, मुझे विनोद पर यकीन है। मगर पिताजी ने मुझसे कहा, तुम सिर्फ 23 साल की हो, तुमने दुनिया नहीं देखी है। शादी से एक दिन पहले, मैं लगभग शादी से मुकर गई थी। मैंने अपना डर ​​विनोद को बताया था, तो उन्होंने मुझे समझाते हुए कहा था, चिंता मत करो, तुम बस घबराई हुई हो। मगर, बाद में सब ठीक हो गया था।"

vinod

आपको मालूम हो कि, किरण मेहरा, विनोद मेहरा की तीसरी पत्नी हैं। उन दिनों विनोद के रिलेशनशिप और शादी को लेकर खूब बातें होती थीं। यहां तक कहा गया था कि, उन्होंने बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री रेखा से शादी कर ली है, इन्हीं सब वजह से किरण के पिताजी इस शादी के खिलाफ थे। किरण ने इस बात पर चर्चा करते हुए कहा, "कहानियां आती हैं और चली जाती हैं। लेकिन, मैं इंडस्ट्री से नहीं थी। इसके अलावा, मेरा घर भारत में नहीं था। मैं अपने परिवार की सबसे छोटी बेटी थी और मैं एक ऐसे व्यक्ति से शादी करना चाहती थी, जो उससे 20 साल बड़ा था। तो, मेरे पिता की चिंता जायज थी।"

vinod

विनोद मेहरा से मिलने से लेकर प्यार तक के सफर के बारे में बताते हुए किरण कहती हैं, "हम कॉमन फ्रेंड्स के जरिए मिले थे। दो दिनों के बाद, उन्होंने मुझसे लंच के लिए बाहर जाने को कहा। वह मेरे पीछे लंदन तक आए थे। हमें जल्द ही प्यार हो गया था। कुछ समय बाद, मैं वापस भारत आई थी। मेरे पिताजी, जो तब केन्या में सेटल्ड थे, उन्होंने भारत आकर मुझे केन्या ले जाने का फैसला किया, ताकि ये सब खत्म हो जाए और शादी न हो। विनोद ने उनसे बात की और उन्होंने विनोद से कहा कि, वह मुझे और मेरी बहन को कुछ दिनों के लिए दिल्ली ले जा रहे हैं, लेकिन उन्होंने वास्तव में दिल्ली से केन्या के लिए टिकट बुक कर रखी थी। मैंने विनोद को फोन किया और कहा कि, पापा मुझे ले जा रहे हैं, जिसके बाद दिल्ली में विनोद और मेरे पिता के बीच एक और मुलाकात हुई थी। मुझे उस मुलाकात के बारे में ज्यादा नहीं पता, लेकिन उसके अगले ही हफ्ते हमारी शादी हो गई थी।"

vinod

(ये भी पढ़ें: रेखा-अमिताभ व जया के बीच प्यार और नफरत की ऐसी कहानी, जिसने रेखा को कर दिया अकेला)

किरण से पहले भी विनोद के कई महिलाओं के साथ संबंध रहे थे। "ये पूछे जाने पर कि, क्या कभी उन्होंने उन महिलाओं और उनके पिछले संबंधों के बारे में बताया था या फिर कभी आपने उनसे पूछा था।" इस सवाल का जवाब देते हुए किरण ने कहा, "उन्होंने मुझसे बिना पूछे ही कह दिया था। उन्होंने कहा था कि, वे उनके जीवन का हिस्सा थीं लेकिन वह अब मेरे साथ रहना चाहते हैं। मैंने आगे कुछ नहीं पूछा। मैंने उनकी निजता का सम्मान किया। अगर कोई आपको अपने बारे में खुद बता रहा है, तो आप और क्या और क्यों पूछोगे।"

vinod

80 के दशक में विनोद मेहरा और अभिनेत्री रेखा के रिश्ते को लेकर बहुत सारी बातें होती थीं। ऐसा कहा जाता था कि, दोनों ने शादी तक कर ली थी। मगर, कुछ कारणों से दोनों की शादी चल नहीं पाई और टूट गई। शादी टूटने से लेकर रेखा से अपने रिश्तों के बारे में बात करते हुए किरण कहती हैं, "आपको बता दूं कि, जो व्यक्ति विनोद के अंतिम समय तक हमारे साथ खड़ी रही थीं, वह रेखा हैं। वह एक परिवार के सदस्य की तरह रही हैं और मैं अब भी उन्हें एक दोस्त के रूप में देखती हूं। रेखा एक अद्भुत इंसान हैं, बहुत प्यार करने वाली हैं। वह हमारी शादी में भी शामिल हुई थीं। अगर मैं आज उनसे मिलूं, तो मैं उन्हें सबसे कसकर गले लगाऊंगी। मैं उनकी मां और बहनों को भी जानती हूं। मैं अपनी तुलना किसी ऐसे व्यक्ति से नहीं कर रही हूं, जो इतनी सफल और अच्छी हैं, लेकिन वास्तव में, रेखा और मैं एक जैसे हैं।"

vinod

अभिनेता विनोद मेहरा और किरण ने 1988 में शादी रचाई थी। शादी के बाद दिसंबर 1988 में उन्हें एक बेटी हुई, जिनका नाम उन्होंने सोनिया मेहरा रखा है। वहीं, उनके बेटे रोहन का जन्म उनके निधन के बाद हुआ था।

(ये भी पढ़ें: रेखा की बायोग्राफी: जिंदगी भर नहीं मिला पिता का नाम, शादी और कई अफेयर्स के बाद भी हैं अकेली)

फिलहाल, विनोद मेहरा के जीवन से जुड़ी कहानियों के बारे में आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें। 

BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.