हमारी 'ब्राइड ऑफ द वीक' ने अपनी शादी में मशहूर डिजाइनर तरुण तहिलियानी के कलेक्शन से गुलाबी रंग का भारी कढ़ाई वाला 'काशीदकारी' लहंगा पहना था। आइए आपको इनके लुक के बारे में बताते हैं।
शादी हम सभी के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस दिन से हमारे जीवन का एक नया चैप्टर शुरू हो जाता है। हर दुल्हन अपने शादी के दिन खूबसूरत दिखना चाहती है और इस दिन के लिए अपने लहंगे को अच्छे से डिजाइन करवाती है। इस खास दिन के लिए दुल्हनों को लहंगा चुनने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। जाहिर सी बात है कि, शादी में खाने-पीने के अलावा दूल्हे-दुल्हन का लुक भी हमें आकर्षित करता है।
(इसे भी पढ़ें: दुल्हन ने अपनी पंजाबी शादी में पहना पीच कलर का लहंगा, ओवरसाइज़्ड स्टेटमेंट ज्वेलरी में दिखीं सुंदर)
दुल्हन बनने वाली हर महिला के मन में अपने मनपसंद लहंगे की पिक्चर बनी होती है। फैमिली और फ्रेंड्स भी लड़की को दुल्हन के आउटफिट में देखने के लिए बेसब्री से इंतजार करते हैं। अक्सर दुल्हन बनने वाली महिला अच्छे डिजाइनर के लहंगों पर विश्वास करती है। ऐसी ही एक दुल्हन हैं, जिन्होंने अपनी शादी के लिए फेमस डिजाइनर तरुण ताहिलियानी का रोज़ पिंक कशीदाकारी डिजाइन का लहंगा चुना और वह इस आउटफिट में किसी राजकुमारी की तरह लग रही थीं। चलिए आपको इस दुल्हन के बारे में बताते हैं।
हमारी 'ब्राइड ऑफ द वीक' अल्तिश युसुफ ने अपनी शादी में तरुण ताहिलियानी का डिजाइन किया हुआ रोज़ पिंक कलर का लहंगा पहना था और अपनी शादी के दिन अल्तिश बेहद खूबसूरत लग रही थीं। अल्तिश के काशीदाकारी लहंगे में नेचुरल प्रिंट और जामवार मोटिफ्स का डिजाइन किया गया था। दुल्हन ने अपने लहंगे के साथ रेड वेल्वेट रंग का गोल गले वाला ब्लाउज पहना था, इसमें मोतियों का काम भी किया गया था।
(इसे भी पढ़ें: ब्लॉगर कृतिका खुराना ने रोका सेरेमनी में पहना आइवरी लहंगा, दूल्हे संग ट्विनिंग करती दिखीं दुल्हन)
दुल्हन ने महीन पिंक कलर का दुपट्टा कैरी किया हुआ था, जिसमें मोती वाला बाॅर्डर बना हुआ था। इस आउटफिट में दुल्हन किसी शाही रानी की तरह दिखाई दे रही थीं। साथ ही दुल्हन ने अपने लुक को पूरा करने के लिए इसी कलर का क्लच कैरी किया हुआ था। दुल्हन अल्तिश ने अपने इस शाही लुक को एक्सक्लूसिव ज्वेलरी के साथ स्टाइल किया हुआ था। इनकी ज्वेलरी में गोल्ड प्लेटेड चोकर नैकलेस था, जो कि कुंदन से जड़ा हुआ था। वहीं झुमके, एक मांग टीका, एक पासा, अंगूठियां और नथ इनके लुक में चार-चांद लगा रहे थे। साथ ही दुल्हन ने सोने की चूड़ियों से अपने लुक को पूरा किया हुआ था।
दुल्हन ने मेकअप आर्टिस्ट शोएब खान के मेकअप को चुना था। मेकअप में आईब्रो, कट क्रीज आई शैडो, बोल्ड आईलाईनर, कलर्ड आई लैशेज, और पिंक लिप्स के साथ दुल्हन को बेहद अच्छी तरह से तैयार किया गया था। दुल्हन ने अपने इस लुक को 'स्लीक बन' के साथ पूरा किया था था और इसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। दुल्हन अपने इस रूप में भरपूर आनंद उठा रही थीं, क्योंकि ब्राइडमेड्स ने इनके आउटफिट का पूरा ध्यान रखा था।
(ये भी पढ़ें: दुल्हन ने अपनी शादी में पहना रोज़ पिंक कलर का खूबसूरत लहंगा, हेयरस्टाइल ने चुराई लाइमलाइट)
अल्तिश के दूल्हेराजा नफाय नबी ने सफेद शेरवानी पहनकर अपनी दुल्हन को कंप्लीट किया था। यह शेरवानी कढ़ाई वाले डिजाइन से तैयार कराई गई थी। दूल्हे ने अपनी शादी के लिए एक नारंगी रंग का जामवार शाॅल लिया हुआ था और सफेद जूतियों के साथ अपना लुक कंप्लीट किया था।
फिलहाल, हमें तो दुल्हन का शाही पिंक कलर का काशीदाकारी लहंगा पसंद आया। वैसे, आपको ये कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।