हाल ही में, टीवी एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी की कुछ तस्वीरें और वीडियोज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं, जिससे यह लग रहा है कि वह बहुत जल्द शादी करने जा रही हैं। आइए आपको विस्तार से बताते हैं।
'स्टार प्लस' के मशहूर सीरियल 'साथ निभाना साथिया' में 'गोपी बहू' का किरदार निभाकर घर-घर में पॉपुलर हुईं अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी (Devoleena Bhattacharjee) आए दिन सुर्खियों में बनी रहती हैं। इन दिनों देवोलीना और विशाल सिंह (Vishal Singh) की लव स्टोरी हर जगह छाई हुई है। आए दिन दोनों की तस्वीरें और वीडियोज वायरल होते रहते हैं। इसी बीच अब सोशल मीडिया पर देवोलीना के गालों पर हल्दी और हाथों में मेहंदी लगे वीडियोज तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन्हें देख फैंस हैरान हैं और दावा कर रहे हैं कि देवोलीना सीक्रेटली शादी करने जा रही हैं।
दरअसल, 13 दिसंबर 2022 को एक्टर विशाल सिंह और देवोलीना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से जॉइंट पोस्ट में एक वीडियो शेयर किया है। शेयर किया है। वीडियो में देवोलीना बेहद खुश नजर आ रही हैं। येलो कलर की ड्रेस में ब्राइडल की तरह हाथों में चूड़ियां और उंगलियों में ढेर सारी अंगूठी पहने देवोलीना काफी खूबसूरत लग रही हैं। वीडियो में वह विशाल सिंह के साथ डांस करती दिख रही हैं। व्हाइट कुर्ता में विशाल भी काफी हैंडमस लग रहे हैं। वहीं, देवोलीना के चेहरे पर ब्राइडल सा नूर झलक रहा है। वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है जैसे यह उनकी हल्दी सेरेमनी का वीडियो है।
वहीं, देवोलीना की मेकअप आर्टिस्ट ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह देवोलीना को तैयार करती हुई दिख रही हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में एक्ट्रेस को टैग करते हुए लिखा, ''ब्राइड।'' इससे तो यही पता चलता है कि देवोलीना जिंदगी का नया सफर शुरू करने जा रही हैं।
14 दिसंबर 2022 को देवोलीना ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर की है, जिसे देख हर कोई हैरान है। जी हां, यह मजाक नहीं, बल्कि सच है। एक्ट्रेस ने इंस्टा स्टोरी पर फैंस को सरप्राइज करते हुए अपनी तस्वीरें शेयर की हैं। इस तस्वीर में देवोलीना दुल्हन बनी नजर आ रही हैं। हाथों में चूड़ियां, कड़े, कलीरे, माथे पर मांग-टीका, इयररिंग्स, नेकपीस, बिंदी लगाए और पूरे साज श्रृंगार में सजकर देवोलीना गाड़ी में बैठी हुई हैं। एक्ट्रेस ने मास्क भी पहना हुआ है। इसी के साथ अपनी मेहंदी दिखाते हुए देवोलीना ने एक वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में एक्ट्रेस के लहंगे की एक झलक भी दिखाई दे रही है। वीडियो देखकर कहा जा सकता है कि देवोलीना ने अपने ब्राइडल लुक के लिए रेड लहंगा चुना है।
लेकिन सवाल सिर्फ शादी का ही नहीं है, बल्कि सवाल यह भी है कि देवोलीना अगर सच में शादी करने जा रही हैं, तो किससे? कौन है वह जिसे गोपी बहू अपना हमसफर बनाने जा रही हैं? क्योंकि इससे पहले देवोलीना ने अपने दोस्त विशाल सिंह संग सगाई का वीडियो शेयर किया था। अचानक से देवोलीना की सगाई ने लोगों को हैरान कर दिया था, लेकिन बाद में खुलासा हुआ था कि देवोलीना और विशाल ने ये पूरा प्रैंक अपने अपकमिंग म्यूजिक वीडियो के लिए किया था। वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें।
खैर, सच क्या है यह तो देवोलीना ही बता पाएंगी, क्योंकि अभी यह तस्वीरें और वीडियोज देखकर केवल दावा किया जा सकता है। फिलहाल, आप इस पर क्या सोचते हैं? हमें कमेंट में जरूर बताएं।