एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरे की बहू शाजा मोरानी ने हाल ही में बताया कि, कैसे उनके शादी के लहंगे में उनकी 16 साल की प्रेम कहानी छिपी हुई थी। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं
हर लड़की अपनी शादी का सपना देखती है और जैसे-जैसे उसका ये स्पेशल डे नजदीक आता है, उसकी अपने परफेक्ट लहंगे की तलाश शुरू हो जाती है। हालांकि, इंटरनेट पर हर दिन नए डिजाइन के लहंगे आते रहते हैं। इसलिए होने वाली दुल्हन के लिए उनमें से एक लहंगा चुनना काफी मुश्किल हो जाता है। लहंगे के रंगों से लेकर उसके पैटर्न तक, हर चीज की भरमार होती है। हालांकि, एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरे (Padmini Kolhapure) की बहू शाजा मोरानी (Shaza Morani) की शादी के लहंगे ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया था।
एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरे और उनके पति प्रदीप शर्मा के बेटे प्रियांक शर्मा, निर्माता करीम मोरानी की बेटी शाजा मोरानी को 16 साल से डेट कर रहे थे। फरवरी 2021 में प्रियांक और शाजा ने कोर्ट मैरिज की थी और बाद में अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों के लिए एक पार्टी का आयोजन किया था। फिर मार्च 2021 में प्रियांक और शाजा ने मालदीव में पारंपरिक तरीके से शादी रचाई थी।
शाजा मोरानी की शादी के लहंगे ने सबका दिल जीत लिया था। हाल ही में, डिजाइनर क्रेशा बजाज ने दुल्हन के रूप में शाजा मोरानी की कई सारी तस्वीरें शेयर कीं और उनके लहंगे से जुड़ी कहानी को भी साझा किया, जो शाजा और प्रियांक की लव स्टोरी को बयां करता है। क्रेशा ने कैप्शन में शाजा के अनुभव को उनके शब्दों में साझा करते हुए लिखा, "शादी करने से बहुत पहले मुझे पता था कि, समय आने पर मैं मेरी लव स्टोरी मेरे शादी के लहंगे में रखना चाहूंगी। जैसे ही मैंने ये लहंगा पहना, मुझे लगा कि, यह मेरी पसंद की सबसे अच्छी चीज है।"
शाजा मोरानी अपनी शादी पर क्रेशा बजाज का लहंगा पहनना चाहती थीं, जिसमें उनकी 16 साल की प्रेम कहानी को दर्शाया गया हो। लेकिन इसके साथ ही, उन्हें अपने पति प्रियांक शर्मा से एक और सरप्राइज मिला था। शाजा ने इस पर कहा, "क्रेशा ने हमारी 16 साल की प्रेम कहानी की हाइलाइट्स को इस लहंगे में इतनी खूबसूरती से उकेरा है कि, यह आज भी मेरे दिल को बहुत कुछ सोचने पर मजबूर कर रहा है। इसके साथ ही, मेरे पति ने लहंगे में एक लव नोट छिपाकर रखा था, जिसे देखते ही मैं खुशी से पागल हो गई थी।”
(ये भी पढ़ें: विक्की-कैटरीना की शादी को गजराज राव ने किया कंफर्म, कहा- 'मैं नहीं आ रहा ब्याह में', जानें वजह)
अंत में शाजा ने अपने अनुभव के बारे में बताया कि, उन्हें ये लहंगा पहनकर कैसा महसूस हुआ था, जिसमें उनकी प्रेम कहानी थी और साथ ही उसमें उनके पति ने एक लव नोट भी लगा दिया था। उन्होंने कहा, "यह सब देखते ही मैंने प्रियांक को गले लगा लिया और भावुक हो गई थी।"
1 जुलाई 2021 को शाजा के जन्मदिन पर पद्मिनी कोल्हापुरे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शाजा और प्रियांक की शादी के फंक्शन की तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा था, "जन्मदिन मुबारक हो मेरी गॉर्जियस @shazamorani मुस्कुराते रहो, चमकते रहो, हमारे परिवार को पूरा करने के लिए धन्यवाद।"
(ये भी पढ़ें: 'मुक्काबाज़' फेम विनीत कुमार सिंह ने लॉन्ग टाइम GF रुचिरा गोरमारे संग की शादी, देखें तस्वीरें)
पद्मिनी कोल्हापुरे द्वारा साझा की गई सभी तस्वीरों में शाजा मोरानी अपनी शादी के लहंगे में दिखाई दे रही थीं। उन्होंने अपनी शादी के लिए एक बैंगनी लहंगा चुना था, जिसके चारों ओर सीक्वेंस वर्क था। उन्होंने अपने लुक को ग्रीन और गोल्ड पोल्की नेकलेस, इयररिंग्स और माथा पट्टी से कंप्लीट किया था।
फिलहाल, हमें प्रियांक और शाजा की शादी की तस्वीरें बेहद पसंद आईं। आप शाजा के इस बैंगनी लहंगे के बारे में क्या कहना चाहेंगे? हमें कमेंट में अवश्य बताएं।