दिसंबर का महीना है और शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे में बी-टाउन के गलियारों में भी शहनाइयां गूंज रही हैं। हंसिका मोटवानी और टीवी एक्ट्रेस अनुप्रिया कपूर के बाद अब एक्टर साहिल उप्पल (Saahil Uppal) ने भी शादी कर ली है। उन्होंने 8 दिसंबर 2022 को अपने जीवन के प्यार आकृति अत्रेजा (Aakriti Atreja) संग सात फेरे लिए। कपल की शादी की कुछ तस्वीरें और वीडियोज सामने आए हैं, जिसमें दोनों स्वर्ग में बने जोड़े की तरह लग रहे हैं।
साहिल को 'पवित्र बंधन', 'जीत गई तो पिया मोरे', 'पिया अलबेला' और 'शक्ति अस्तित्व के एहसास की' जैसे टीवी शोज के लिए जाना जाता है। वहीं, उनकी पत्नी आकृति एक लेखिका हैं, जिन्होंने फेमस टीवी शो 'इमली' को लिखा है। इमली में हमें फहमान खान और सुंबुल तौकीर मुख्य भूमिका में दिखाई दिए थे।
हाल ही में, हमें साहिल और आकृति की शादी की कुछ तस्वीरें मिलीं। अपनी शादी के लिए दुल्हन आकृति ने लाल रंग का लहंगा चुना था, जिस पर चांदी की कढ़ाई की गई थी। उन्होंने इसे एक मैचिंग ब्लाउज के साथ पेयर किया था और दो दुपट्टों के साथ अपने लुक को कंप्लीट किया था। अपने बालों को खुला रखते हुए उन्होंने स्टोन-स्टडेड ज्वेलरी के साथ अपने लुक में चार-चांद लगा दिए थे। फोटोज में आकृति को अपने कलीरों को फ्लॉन्ट करते हुए देखा जा सकता है। दूसरी ओर, साहिल मैरून रंग के भारी कढ़ाई वाले कुर्ते और सफेद धोती में हैंडसम लग रहे थे।
वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें।
साहिल और आकृति की शादी का जश्न हल्दी की रस्म के साथ शुरू हुआ था। अपनी हल्दी पर पीले रंग की साटन साड़ी में आकृति बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उन्होंने फ्लोरल ज्वेलरी के साथ अपने लुक को पूरा किया था। दूसरी ओर, साहिल ने पीले कुर्ते और सफेद पायजामे में उनको मैच किया था।
उनकी शादी से पहले, इंटरनेट पर कपल की सगाई की तस्वीरें छाई हुई थीं। अपनी ड्रीमी इंगेजमेंट सेरेमनी के लिए आकृति ने एक शिमरी गोल्डन लहंगा पहना था। इसके साथ उन्होंने एक स्ट्रैपी ब्लाउज को पेयर किया था। वहीं, अपने दुपट्टे को उन्होंने केप की तरह स्टाइल किया था। हैवी चोकर और मैचिंग इयररिंग्स के साथ अपने लुक को पूरा करते हुए खुले बालों में आकृति बिल्कुल अप्सरा जैसी दिख रही थीं। वहीं, साहिल ब्लैक टक्सीडो में डैपर लग रहे थे।
बता दें कि आकृति और साहिल की लव स्टोरी की शुरुआत एक दोस्त की बदौलत हुई थी। दरअसल, साहिल के एक कॉलेज फ्रेंड ने साल 2016 में उन्हें आकृति से मिलवाया था। दोनों पहली मुलाकात में ही अच्छे दोस्त बन गए थे। आखिरकार, साहिल और आकृति को प्यार हो गया और उन्होंने शादी करने का फैसला किया। एक बार एक इंटरव्यू में साहिल ने खुलासा किया था कि वह इस बात से भी आकर्षित थे कि आकृति काफी क्रिएटिव हैं।
फिलहाल, हम भी न्यूली मैरिड कपल को शादी की शुभकामनाएं देते हैं। तो आपको इनका वेडिंग लुक कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।