यहां हम आपको टेलीविजन की उन स्टार दुल्हनों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने अपनी शादी में लाल रंग का जोड़ा छोड़ अन्य रंगों के आउटफिट्स पहने थे।
टीवी इंडस्ट्री की ऐसी कई अभिनेत्रियां हैं, जिन्होंने ऑन-स्क्रीन बहन, भाभी, बहू की भूमिकाओं से लोगों का दिल जीता है, लेकिन इस बात में कोई दो-राय नहीं है कि, उन एक्ट्रेसेस ने अपनी निजी जिंदगी से भी लोगों को प्रभावित किया है। एक्ट्रेस अपने महत्वपूर्ण रोल से लोगों का मनोरंजन तो करती ही हैं, साथ ही वो अपने निजी जीवन में अपनी लाइफस्टाइल से भी लोगों को प्रेरित करती हैं और जब बात उनके रियल-लाइफ दुल्हन की हो, तो वह इसमें कभी भी फेल नहीं होती हैं।
कई टीवी एक्ट्रेसेस हैं, जिन्होंने दुल्हन बनकर अपने आउटफिट से ही नहीं, बल्कि शादी में मस्ती करने को लेकर भी लोगों को प्रेरित किया है। कुछ स्टार दुल्हनें तो ऐसी भी हैं, जो ऑन-स्क्रीन भले ही लाल रंग के जोड़े में दुल्हन बनी हों, लेकिन असल जिंदगी में उन्होंने यूनिक ब्राइडल आउटफिट्स को चुनकर नया ट्रेंड सेट किया है। तो चलिए आपको उन स्टार दुल्हनों के बारे में बताते हैं, जिन्होंने अपनी शादी में लाल रंग को छोड़ यूनिक रंग के आउटफिट में खुद को निखारा था।
(ये भी पढ़ें- प्रियंका चोपड़ा से लेकर रुबीना दिलैक तक, सेलेब जिन्होंने शाही अंदाज में 'महल' में रचाई शादी)
14 दिसंबर 2021 को लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड विक्की जैन के साथ शादी के बंधन में बंधीं अंकिता लोखंडे ने अपने गोल्डन लहंगे से सभी को हैरान कर दिया था। उन्होंने मनीष मल्होत्रा के कलेक्शन से भारी कढ़ाई वाला गोल्डन लहंगा पहना था, जो उन्हें एकदम रॉयल लुक दे रहा था। उन्होंने एक लॉन्ग दुपट्टे से अपने चेहरे को ढककर एक शाही ब्राइडल एंट्री देकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया था। एक्ट्रेस ने मैचिंग इयररिंग्स के साथ शीश पट्टी, कलीरे और अनकट कुंदन नेकपीस के साथ अपने लुक को कंप्लीट किया था।
‘नामकरण’ फेम एक्ट्रेस पूनम प्रीत ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड व ‘कुंडली भाग्य’ फेम एक्टर संजय गगनानी के साथ 28 नवंबर 2021 को आनंद-कारज रीति-रिवाज से शादी की थी। अपनी शादी के दिन पूनम ने बरगंडी कलर का खूबसूरत लहंगा पहना था, जिस पर बारीक स्टोन वर्क किया गया था। उन्होंने अपने लुक को एक नथ, एक मांग टीका और एक हैवी स्टेटमेंट नेकपीस के साथ पूरा किया था।
फेमस कॉमेडियन सुगंधा मिश्रा ने मिश्रा ने 26 अप्रैल 2021 को जालंधर में एक निजी समारोह में अपने प्यार व अभिनेता डॉ. संकेत भोसले के साथ शादी रचाई थी। अपने पारंपरिक हिंदू विवाह समारोह के लिए, सुगंधा ने एक पेस्टल-शेडेड जटिल कढ़ाई वाला लहंगा पहना था, जिसे उन्होंने एक जालीदार-गुलाबी दुपट्टे के साथ पेयर किया था।
‘इश्कबाज’ फेम एक्ट्रेस नीति टेलर अगस्त 2020 में अपने बचपन के दोस्त व आर्मी ऑफिसर परीक्षित बावा के साथ शादी के बंधन में बंधी थीं। अपनी शादी के दिन उन्होंने दुल्हनों को प्रेरित करते हुए पेस्टल कलर को चुना था। उन्होंने डिजाइनर पायल केयल के द्वारा डिजाइन किया हुआ लाइट पीच कलर का खूबसूरत लहंगा पहना था, जिस पर बारीक जरी का काम किया गया था। उन्होंने अपने आउटफिट को एक येलो दुपट्टे के साथ पेयर किया था। गॉर्जियस एक्ट्रेस ने अपने लुक को माथा पट्टी, एक नथ, नेकलेस और मैचिंग इयररिंग्स के साथ खूबसूरती से निखारा था।
‘छोटी बहू’ फेम एक्ट्रेस रुबीना दिलैक ने जून 2018 में एक्टर अभिनव शुक्ला के साथ शिमला में शादी की थी। एक्ट्रेस ने अपनी शादी के लिए लाल रंग को छोड़ पेस्टल आइवरी कलर का लहंगा चुना था। उनके आउटफिट पर फूलों की कढ़ाई थी। उन्होंने पाउडर ब्लू और पिंक कलर की ज्वेलरी से अपने लुक को पूरा किया था।
‘ससुराल सिमर का’ की एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ अपने जीवन के प्यार शोएब इब्राहिम से इसी शो के सेट पर मिली थीं। कुछ वर्षों तक डेटिंग करने के बाद, टेली टाउन के बहुचर्चित जोड़े ने 22 फरवरी 2018 को मध्य प्रदेश में शादी कर ली थी। अपनी शादी में दीपिका गुलाबी शरारा सेट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं और उन्होंने दुपट्टा अपने सिर पर पिन कर लिया था। उन्होंने अपनी शादी की ड्रेस को कुंदन के गहनों और एक पासा के साथ स्टाइल किया था
‘कॉमेडी क्वीन’ के नाम से मशहूर भारती सिंह ने 12 दिसंबर 2017 को होस्ट और स्क्रीन राइटर हर्ष लिंबाचिया के साथ शानदार तरीके से शादी की थी। अपने खास दिन के लिए भारती ने ब्लू और फुशिया पिंक कलर का लहंगा पहना था। हालांकि, ये उनका मुगल से प्रेरित ब्लाउज और स्वारोवस्की से जड़ित उनका दुपट्टा था, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया था। कुंदन ज्वेलरी और ब्राइडल मेकअप में वह परफेक्ट दुल्हन लग रही थीं।
सीरियल ‘कयामत’ से छोटे पर्दे पर अपनी पहचान बनाने वाली पंछी बोरा 17 जनवरी 2017 को अपने बॉयफ्रेंड जयदीप के साथ असमिया रीति-रिवाज से शादी थी। असम में जन्मी पंछी ने अपना ब्राइडल लुक भी असमिया रखा था। उन्होंने अपनी शादी के दिन बेज कलर की साड़ी पहनी थी, कम मेकअप के साथ उन्होंने असमिया गोल्ड ज्वेलरी से खुद को अच्छे से निखारा था।
(ये भी पढ़ें- इन 8 दुल्हनों ने शादी में पहना मनीष मल्होत्रा का डिजाइन किया गया लाल लहंगा, दिखीं बेहद सुंदर)
पॉपुलर टीवी एक्ट्रेस आशका गोराडिया कई सीरियल्स में नजर आ चुकी हैं, इनमें से कुछ शोज में उन्हें दुल्हन के अवतार में भी देखा जा चुका है। हालांकि, 3 दिसंबर 2017 को ब्रेंट गोबल संग शादी के लिए उन्होंने अपने ब्राइडल लुक से सभी को आश्चर्य में डाल दिया था। दोनों ने क्रिश्चियन और हिंदू दोनों रीति-रिवाजों से शादी की थी। अपनी क्रिश्चियन वेडिंग के लिए जहां आशका ने अपनी सासू मां रेनी के व्हाइट गाउन को पहना था।
वहीं, अपनी हिंदू शादी के लिए उन्होंने एक दम शाही लहंगा चुना था। उनके लहंगे पर सिल्वर सीक्विन वर्क था। उन्होंने अपने आउटफिट को सोने की कसाब चोली और हल्के ट्यूल दुपट्टे के साथ पेयर किया था। वह अपने ओवरऑल लुक में काफी सुंदर लग रही थीं।
‘मेरी आशिकी तुम से ही’ फेम एक्ट्रेस स्मृति खन्ना ने एक्टर गौतम गुप्ता को कुछ समय तक डेट करने के बाद 23 नवंबर 2017 को शादी कर ली थी। अपनी शादी के लिए स्मृति खन्ना ने लाल दुल्हन का जोड़ा छोड़कर हल्के गुलाबी रंग का लहंगा पहना था, जिसमें वह काफी आकर्षक लग रही थीं। उन्होंने अपने लहंगे को हैवी ज्वेलरी, मांग टीका, झूमर और कमरबंद के साथ पेयर किया था।
एक्ट्रेस रुचि सवर्ण और एक्टर अंकित मोहन 2 दिसंबर 2015 को नागपुर में शादी के बंधन में बंधे थे। शादी के लिए रुचि ने गोल्डन और ग्रीन बॉर्डर वाली पिंक कलर की साड़ी पहनी थी, जिसमें वह परफेक्ट महाराष्ट्रियन दुल्हन लग रही थीं। अपने लुक को एक्ट्रेस ने महाराष्ट्रियन नथ और हरी चूड़ियों के साथ पूरा किया था।
स्टार कपल संजीदा शेख और आमिर अली खान ने 2 मार्च 2012 को एक-दूसरे को ‘कबूल है’ कहा था। अपने निकाह समारोह के लिए संजीदा ने ग्रीन कलर का स्टोन वर्क शरारा सेट पहना था, जिसे उन्होंने मैचिंग दुपट्टे से स्टाइल किया था। चोकर सेट, मैचिंग इयररिंग्स, नथ और पासा में एक्ट्रेस मुस्लिम दुल्हन की वाइब्स दे रही थीं। हालांकि, टीवी इंडस्ट्री का ये फेवरेट कपल साल 2020 से अलग रह रहा है।
(ये भी पढ़ें- विराट-अनुष्का से रणवीर-दीपिका तक, इन सेलेब्स ने अपनी शादी में किया था सबसे ज्यादा खर्चा)
‘ना बोले तुम ना मैंने कुछ कहा’ फेम एक्ट्रेस आकांक्षा सिंह ने 7 दिसंबर 2014 को जयपुर में अपने जीवन के प्यार कुणाल सेन के साथ शादी की थी। अपनी शादी में उन्होंने राजस्थानी स्टाइल गुलाबी लहंगा-चोली पहना था, जिसमें नारंगी रंग का दुपट्टा और जयपुरी कढ़ाई के साथ नीले रंग का ब्लाउज था। उन्होंने कुंदन ज्वेलरी के साथ अपने ब्राइडल लुक को पूरा किया था और एक पारंपरिक बोरला (राजस्थानी और हरियाणवी दुल्हनों द्वारा पहना जाने वाला एक प्रकार का मांग टीका) पहना था।
‘झांसी की रानी’ से मशहूर हुईं अभिनेत्री कृतिका सेंगर और एक्टर निकितिन धीर ने 3 सितंबर 2014 को शादी की थी। अपनी शादी के लिए अभिनेत्री ने गुलाबी और नारंगी रंग में एक भारी डबका वर्क लहंगा चुना था। उनके ब्लाउज में सुंदर नेट स्लीव्स थी, जिस पर जिक्रोन वर्क था। उन्होंने अपने लुक को कुंदन ज्वेलरी और एक स्टनिंग माथा पट्टी के साथ पूरा किया था, जिसकी वजह से वह एक राजकुमारी लग रही थीं।
अंकिता भार्गव ने मई 2015 में अपने पिता के ऑन-स्क्रीन दामाद रमन भल्ला उर्फ करण पटेल से शादी की थी। टेलीविजन अभिनेत्री ने यह सुनिश्चित किया था कि, वह अपने बड़े दिन पर खूबसूरत दिखें। इसलिए उन्होंने अपनी शादी के दिन के लिए व्हाइट और गोल्ड लहंगा चुना था। उन्होंने इसे रेड नेट वाले दुपट्टे के साथ पेयर किया था और अपने ब्राइडल अवतार में बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
मशहूर टीवी एक्ट्रेस अनिता हस्सनंदनी ने साउथ इंडियन रोहित रेड्डी के साथ साल 2013 में गोवा में शादी रचाई थी। पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखने वाली अनिता ने बिल्कुल साउथ इंडियन स्टाइल में शादी की थी। अपनी शादी के दिन उन्होंने सफेद रंग की कांजीवरम साड़ी पहनी थी और अपने लुक को गोल्ड की ज्वेलरी के साथ निखारा था। बालों में सफेद गजरा लगाकर वह साउथ इंडियन दुल्हन की वाइब्स दे रही थीं।
(ये भी पढ़ें- ऐश्वर्या राय से करीना कपूर तक, इन 9 एक्ट्रेसेस ने अपनी शादी में पहने थे इतने महंगे वेडिंग आउटफिट्स)
तो आपको इन एक्ट्रेसेस में से किसका ब्राइडल लुक सबसे अच्छा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।