भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित 'रामायण' की पौराणिक कथा को लोग आज भी देखना और सुनना पसंद करते हैं। हमारी संस्कृति के सबसे महान महाकाव्यों में से एक 'रामायण' पर कई टीवी सीरियल्स बनाए गए हैं, जिनमें से रामामंद सागर की 'रामायण' को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। हालांकि, इसके अलावा भी रामायण पर आधारित कई शो आए, जिनमें अलग-अलग एक्ट्रेसेस ने 'सीता' का किरदार निभाया।
हालांकि, यहां भी बाजी रामानंद सागर की 'रामायण' में सीता बनीं एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया ने जीत ली, जिन्होंने अपनी सादगी और बेमिसाल अदायगी से सीता मां के किरदार को जीवंत कर दिया था। उन्हें देखकर लगता था कि त्रेतायुग में जो सीता थीं, वो ऐसी ही रही होंगी। दीपिका के बाद भी कुछ एक्ट्रेसेस ने सीता का किरदार निभाया, जो दर्शकों द्वारा काफी पसंद भी किया गया। आइए आपको उन अभिनेत्रियों के बारे में बताते हैं, जिन्होंने 'सीता' का किरदार निभाया था।
जब भी रामायण की सीता की बात आती है, तो हमारे दिमाग में सबसे पहला चेहरा दीपिका चिखलिया का आता है। उन्होंने 1987 में रामानंद सागर द्वारा बनाई गई 'रामायण' में जितनी खूबसूरती से 'सीता' का किरदार निभाया था, वह आज भी लोगों के जेहन में जिंदा है। यह उनकी शानदार अदायगी का ही नतीजा है कि असल जिंदगी में भी लोग उन्हें सीता मानने लगे थे। इस 'रामायण' में 'राम' के किरदार में अरुण गोविल थे और यह दोनों की जादुई केमिस्ट्री थी, जिसकी वजह से लोग दोनों को रियल लाइफ में भी 'राम' और 'सीता' मानते थे। रामानंद सांगर की 'रामायण' के किरदारों के रियल लाइफ पार्टनर, जानें कौन हैं 'राम' और 'रावण' की पत्नी
स्मृति ईरानी ने अपने पहले शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से पॉपुलैरिटी हासिल करने के बाद 2001 में बी.आर. चोपड़ा और रवि चोपड़ा की रामायण में 'सीता' का किरदार निभाया था, जिसमें उनके साथ 'राम' के किरदार में नीतीश भारद्वाज थे। दोनों ने अपने किरदारों के साथ पूरा न्याय किया था।
'छोटी बहू' फेम रुबीना दिलैक भी सीता का किरदार निभा चुकी हैं। उन्होंने फेमस पौराणिक शो 'देवों के देव महादेव' में बहुत कम समय के लिए सीता की भूमिका निभाई थी। शो में मोहित रैना (शिव के किरदार में), मौनी रॉय (सती) और सोनारिका भदौरिया (पार्वती) भी मुख्य भूमिका में थे।
लोकप्रिय अभिनेत्री नेहा सरगम 2011-2012 में 'ज़ी टीवी' चैनल पर प्रसारित होने वाले शो 'रामायण' में देवी सीता के किरदार में नजर आई थीं। उनके साथ शो में अभिनेता गगन शर्मा राम की भूमिका में थे। दोनों की जोड़ी राम-सीता के किरदार में काफी पसंद की गई थी।
खूबसूरत अभिनेत्री मदिराक्षी मुंडले ने 2015 से 2016 तक प्रसारित होने वाले लोकप्रिय शो 'सिया के राम' में देवी सीता के रोल से दर्शकों का दिल जीत लिया था। शो में लोकप्रिय अभिनेता आशीष शर्मा भगवान राम की भूमिका में नजर आए थे।
'राधा-रानी' से फेमस हुईं टीवी एक्ट्रेस शिव्या पठानिया ने टीवी शो 'राम सिया के लव कुश' में 'सीता' का रोल प्ले किया था और उनकी एक्टिंग को काफी पसंद भी किया गया था। उनके साथ अभिनेता हिमांशु सोनी भगवान राम की भूमिका में थे।
मल्लिका सिंह को 'स्टार भारत' के शो 'राधाकृष्ण' में 'राधा' की भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है। जो सादगी उनके राधा के किरदार में दिखाई दी, उसकी झलक उनके द्वारा उसी शो में किए गए 'सीता' के रोल में भी दिखी थी।
टीवी की सीता की बात हो और देबिना बनर्जी का नाम ना आए, ऐसा भला कैसे हो सकता है। उन्होंने आनंद सागर द्वारा निर्देशित और प्रेम सागर द्वारा निर्मित 'रामायण' में सीता का किरदार निभाया था। जिसमें राम के किरदार में गुरमीत चौधरी नजर आए थे, जो रियल लाइफ में अब उनके पति हैं। शो में दोनों की जोड़ी को राम-सीता के किरदार में काफी पसंद भी किया गया था।
वैसे, इनमें से आपकी पसंदीदा 'सीता' कौन हैं? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।