एक लड़की के लिए शादी का दिन उसकी जिंदगी का सबसे महत्वपूर्ण दिन होता है। इस दिन वो सुनिश्चित करती है कि, वो अपनी शादी की रस्मों को न केवल पूरे मन से एंजॉय करे, बल्कि उसका वेन्यू से लेकर वेडिंग आउटफिट तक सब कुछ परफेक्ट हो। अब वो दिन गए, जब दुल्हनों को सिर्फ एक कठपुतली बनाकर शादी के मंडप में बैठाया जाता था। अब दुल्हनें अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए कुछ यूनिक करना पसंद करती हैं।
इसलिए, दुल्हन का सबसे पहला उद्देश्य यही होता है कि, वो अपना वेडिंग आउटफिट सबसे अलग और सुंदर चुने। पहले के समय में एक दुल्हन की शादी का जोड़ा लाल रंग का होता था, लेकिन अब दुल्हनें अपनी शादी के जोड़े के साथ एक्सपेरिमेंट करना पसंद करती हैं। अब वो लाल की बजाय पेस्टल कलर के लहंगे को तवज्जो दे रही हैं। हमारी ‘ब्राइड ऑफ द वीक’ ने भी कुछ ऐसा ही किया है।
मिलिए हमारी ‘ब्राइड ऑफ द वीक’ आस्था मेहता से, जिन्होंने हाल ही में अपने सपनों के राजकुमार संग कश्मीर की घाटी में स्थित होटल ताज विवांता में शादी की है। उन्होंने अपनी शादी के दिन पेस्टल-यूनिकॉर्न कलर का सुंदर लहंगा पहना था। पीच, येलो और ब्लू कलर के कॉम्बिनेशन से बने इस लहंगे को मशहूर फैशन डिजाइनर अनामिका खन्ना ने डिजाइन किया था। पीच कलर की चोली में भारी कढ़ाई और स्टोनवर्क का काम किया गया था। दुल्हन ने अपने सिर पर पीच कलर का दुपट्टा भी कैरी किया था। उसके दुपट्टे के बॉर्डर पर कई रंगों की कढ़ाई की गई थी।
आस्था ने अपने लुक को ग्रीन कलर के पत्थरों और मोतियों के हार, व मैचिंग इयररिंग्स से कंप्लीट किया था। उन्होंने सफेद, मैरून और हरे रंग के पत्थरों के साथ एक नथ और मांग टीका के साथ एक और हार पहना था। अपने पेस्टल लहंगे के साथ आस्था ने न्यूट्रल मेकअप का विकल्प चुना। उनके लाल गाल, न्यूड लिप्स, बिंदी और ब्लैक आईलाइनर, उनके चेहरे को अलग ही चमक दे रहे थे।
आस्था की मेकअप आर्टिस्ट श्रद्धा लूथरा ने दुल्हन के बालों के साथ भी अच्छा एक्सपेरिमेंट किया था। उनके बाल साफ-सुथरे गोखरू में बंधे हुए थे, जिस पर पेस्टल कलियां खूबसूरती से टिकी हुई थीं। पीले, नीले, हरे और बैंगनी रंगों की कलियों ने उनके लुक को खूबसूरत और परफेक्ट बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
फिलहाल, हमें तो दुल्हन का यूनिकॉर्न लहंगा बहुत पसंद आया। वैसे, आपको कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।