10 पाकिस्तानी सेलेब्स जिन्होंने इंडियन स्टार्स को किया डेट, Sania-Shoaib से Salman-Somy तक हैं शामिल

यहां हम आपको उन इंडियन और पाकिस्तानी स्टार्स के अफेयर्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जो खूब सुर्खियों में रहे थे। आइए जानते हैं।

img

By Pooja Shripal Last Updated:

10 पाकिस्तानी सेलेब्स जिन्होंने इंडियन स्टार्स को किया डेट, Sania-Shoaib से Salman-Somy तक हैं शामिल

कहते हैं 'प्यार की कोई सीमा नहीं होती', क्योंकि यह एक ऐसी भावना है, जो कभी भी किसी के भी प्रति उमड़ सकती है। हालांकि, कई बार प्यार सरहद पार के लोगों से भी हो जाता है। बी-टाउन के कई ऐसे स्टार्स हैं, जिन्हें पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की ग्लैमर और क्रिकेट हस्तियों से प्यार हुआ था। चलिए यहां हम आपको उन बॉलीवुड और पाकिस्तानी स्टार्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जो कभी एक-दूजे पर मर-मिटे थे।

1. सानिया मिर्ज़ा और शोएब मलिक

इस लिस्ट में सबसे पहला नाम आता है भारतीय टेनिस सनसनी सानिया मिर्ज़ा का, जिन्होंने पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक को न केवल डेट किया, बल्कि सरहद के सभी बंधनों को तोड़ते हुए उनके निकाह करने का भी फैसला किया। शोएब और सानिया की पहली मुलाकात एक रेस्टोरेंट में हुई थी और उसके बाद शोएब, सानिया के एक टेनिस मैच में भी गए थे। जल्द ही दोनों की डेटिंग रूमर्स सामने आईं, जिससे काफी विवाद भी हुआ था।

sania mirza

खैर, सारी बाधाओं को पार करते हुए सानिया और शोएब ने 12 अप्रैल 2010 को 'कुबूल है' कहा। 30 अक्टूबर 2018 को स्टार जोड़ी ने एक बच्चे का स्वागत किया, जिसका नाम उन्होंने प्यार से इज़हान मिर्ज़ा मलिक रखा है। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से ऐसी खबरें आ रही हैं कि सानिया और शोएब की शादीशुदा जिंदगी में सबकुछ ठीक नहीं है और दोनों तलाक की ओर बढ़ रहे हैं।

2. सलमान खान और सोमी अली

बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के अफेयर के किस्से आम रहे हैं। उन्होंने कई एक्ट्रेसेस को डेट किया है, जिनमें से एक पाकिस्तानी अभिनेत्री सोमी अली भी हैं। पाकिस्तान के कराची में जन्मीं सोमी अली को अपनी टीनएज में सलमान खान पर क्रश था। सलमान से प्रेरित होकर सोमी ने भारत आने के लिए अपने पैरेंट्स को मना लिया था। 

salman-somy

भारत आने के बाद वह 1991 से 1998 तक 10 हिंदी फिल्मों में बतौर लीड एक्ट्रेस दिखाई दीं। सोमी 8 साल तक सलमान के साथ रिलेशनशिप में रहीं। हालांकि, ऐश्वर्या राय की वजह से सोमी अली और सलमान खान का ब्रेकअप हो गया था। सोमी ने कई इंटरव्यू में आधिकारिक तौर पर इसका खुलासा किया था।

3. वसीम अकरम और सुष्मिता सेन

पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर वसीम अकरम और पूर्व 'मिस यूनिवर्स' सुष्मिता सेन एक समय एक-दूसरे के प्यार में क्रेजी थे। दोनों की मुलाकात 2008 में शो 'एक खिलाड़ी एक हसीना' के सेट पर हुई थी। उस समय वसीम, हुमा से शादीशुदा थे, लेकिन 2009 में उनकी मौत के बाद वह सुष्मिता के करीब आ गए।

wasim-sushmita

तब यह भी खबर आई थी कि वसीम और सुष्मिता शादी करने की योजना बना रहे थे। कई अफवाहों के बाद, दिवा ने खुद इन रिपोर्टों पर स्पष्टीकरण दिया था और एक आधिकारिक बयान में इसे बकवास बताया था।

4. इमरान खान और जीनत अमान

पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर और राजनेता इमरान खान ने कई हसीनाओं को डेट किया है, जिनमें से एक बॉलीवुड एक्ट्रेस जीनत अमान भी हैं। 1970 के दशक की बात है, जब पाकिस्तानी क्रिकेट टीम भारत दौरे पर थी, तब इमरान की मुलाकात बॉलीवुड की ग्लैमरस एक्ट्रेस जीनत से हुई। जल्द ही दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया। 

imran khan

हालांकि, दोनों के बीच चीजें ठीक नहीं रहीं और उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया। इसके बाद जीनत ने अभिनेता मजहर खान से शादी की और इमरान ने तीन शादियां रचाईं। सालों बाद जब जीनत से इमरान खान के साथ उनके अफेयर के बारे में पूछा गया था, तो उन्होंने इसे 'अतीत की बात' बताया था।

5. वीना मलिक और अश्मित पटेल

पाकिस्तानी अभिनेत्री वीना मलिक ने भारतीय रियलिटी शो 'बिग बॉस सीजन 4' में सनसनीखेज एंट्री की थी। 'बीबी हाउस' के अंदर उनकी मुलाकात बॉलीवुड अभिनेता अश्मित पटेल से हुई और दोनों को प्यार हो गया। वीना और अश्मित उस सीज़न के सबसे हॉट कपल थे, लेकिन जैसे ही शो खत्म हुआ, उनकी केमिस्ट्री कम होने लगी और इस जोड़े के बीच एक बदसूरत झगड़ा भी हुआ, जहां उन्होंने सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे को शर्मिंदा किया था और फिर अपने रास्ते अलग कर लिए। 

veena malik

6. इम्तियाज अली और इमान अली

लोकप्रिय भारतीय फिल्म निर्माता इम्तियाज अली को 'जब वी मेट', 'लव आज कल', 'रॉकस्टार', 'हाईवे' और 'तमाशा' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए जाना जाता है। इम्तियाज ने 1995 में प्रीति अली से शादी की थी और उनकी एक बेटी इदा अली हैं, लेकिन कुछ मतभेदों के कारण इम्तियाज और प्रीति ने 2012 में अपनी शादी खत्म कर ली थी।

imtiaz ali

अलग होने के बाद इम्तियाज को पाकिस्तानी मॉडल और एक्ट्रेस इमान अली से प्यार हुआ। दोनों के बीच इतना प्यार था कि वे अपनी सुपरहिट फिल्म 'रॉकस्टार' की रिलीज से पहले एक साथ दिल्ली की 'निज़ामुद्दीन दरगाह' गए थे। हालांकि, दो साल के रिश्ते के बाद इम्तियाज़ और इमान अलग हो गए थे।

7. रीना रॉय और मोहसिन खान

बॉलीवुड की खूबसूरत अभिनेत्री रीना रॉय भी पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहसिन खान के प्यार में पड़ गई थीं। कुछ समय तक डेटिंग करने के बाद रीना ने अपने करियर के पीक पर मोहसिन से 1983 में पाकिस्तान के कराची में एक निजी समारोह में शादी कर ली थी। उनकी एक बेटी सनम खान हैं।

reena roy

हालांकि, मोहसिन इंग्लैंड में बसना चाहते थे, लेकिन रीना इस विचार के खिलाफ थीं, जिसके कारण उनके बीच मतभेद हो गए और दोनों ने 1990 के दशक में अपनी शादी तोड़ दी। (Fawad Khan से Urwa Hocane तक: 10 फेमस पाकिस्तानी सेलेब्स, जिन्होंने कम उम्र में रचाई शादी)

8. अमृता राव और फरहान सईद

खूबसूरत अभिनेत्री अमृता राव को 'इश्क विश्क', 'विवाह', 'मैं हूं ना', 'जॉली एलएलबी' जैसी फिल्मों और अपनी मासूमियत भरी अदायगी के लिए जाना जाता है। अमृता ने 2000 के दशक में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर अपनी क्यूटनेस से राज किया है। 2008 में उनकी मुलाकात 'जल बैंड' के लीड सिंगर फरहान सईद से हुई और दोनों में प्यार हो गया।

amrita rao

पाकिस्तानी सिंगर व एक्टर फरहान से अमृता की मुलाकात एक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के दौरान हुई थी। इस दौरान, दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए और दोनों को प्यार हो गया। जब भी फरहान मुंबई आते थे, तो लवबर्ड्स साथ में क्वालिटी टाइम बिताते थे, लेकिन कुछ समय बाद अमृता और फरहान ने ब्रेकअप कर लिया था। 

9. सोनाली बेंद्रे और शोएब अख्तर

इस लिस्ट में 90 के दशक की खूबसूरत एक्ट्रेस सोनाली बेंद्रे का नाम भी शामिल है, जिन पर पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर और कमेंटेटर शोएब अख्तर फिदा थे। शोएब ने सोनाली पर अपने क्रश के बारे में काफी खुलकर बात की थी और यहां तक कहा था कि वह उनके लिए कुछ भी कर सकते हैं।

sonali

अपने एक इंटरव्यू में शोएब ने यहां तक कह दिया था कि अगर सोनाली उनका प्रपोजल स्वीकार नहीं करेंगी, तो वह उनका अपहरण कर लेंगे। हालांकि, सोनाली ने अख्तर के प्यार का कभी जवाब नहीं दिया और फिल्म निर्माता गोल्डी बहल से शादी कर ली। दूसरी ओर, शोएब को बाद में 2014 में रुबाब खान में अपना प्यार मिला।

10. अमृता अरोड़ा और उस्मान अफ़ज़ाल

बॉलीवुड अभिनेत्री अमृता अरोड़ा और पाकिस्तानी क्रिकेटर उस्मान अफज़ाल का रिश्ता भी सुर्खियों में काफी छाया रहता था। दोनों ने चार साल तक डेट किया था। एक थ्रोबैक इंटरव्यू में अमृता ने कहा भी था, “मुझे यकीन है कि यह मेरे लिए परफेक्ट व्यक्ति हैं। जब भी हम दोनों के लिए सही समय आएगा हम इसे कानूनी बना देंगे।"

amrita rao

हालांकि, अमृता और उस्मान अपने लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप को बरकरार नहीं रख सके और अलग हो गए। इसके बाद अमृता ने 2009 में बिजनेसमैन शकील लदाक से शादी कर ली और अब वे दो बेटों के माता-पिता हैं। (Shaan Shahid से Mehwish Hayat तक: 10 पाकिस्तानी सेलेब्स जिन्होंने बॉलीवुड में काम करने से किया इनकार)

वैसे, भारत और पाकिस्तानी स्टार्स की लव स्टोरी की लिस्ट यहीं खत्म नहीं होती, इसमें नूर बुखारी-विक्रम, जहीर अब्बास-रीता लूथरा, सोन्या जहान-विवेक नारायण, फैसल कुरेशी-नोनिता लाल और इमरान खान-रेखा का नाम भी शामिल है। तो, सरहद पार की प्रेम कहानी पर हमारी यह स्टोरी आपको कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।

BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.