महाभारत के 'शकुनी मामा' उर्फ Gufi Paintal का 79 साल की उम्र में हुआ निधन, परिवार ने की पुष्टि

टीवी शो 'महाभारत' फेम एक्टर गुफी पेंटल का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। आइए आपको इसके बारे में बताते हैं।

img

By Shivakant Shukla Last Updated:

महाभारत के 'शकुनी मामा' उर्फ Gufi Paintal का 79 साल की उम्र में हुआ निधन, परिवार ने की पुष्टि

मशहूर फिल्म निर्देशक बीआर चोपड़ा के फेमस टीवी शो 'महाभारत' में 'शकुनी मामा' की भूमिका निभाने के लिए पहचाने जाने वाले दिग्गज अभिनेता गुफी पेंटल (Gufi Paintal) का आज यानी 5 मई 2023 की सुबह 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार ने पुष्टि की है कि उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के कारण मुंबई में उनका निधन हुआ।

महाभारत के 'शकुनी मामा' का हुआ निधन

गुफी पेंटल के भतीजे हितेन पेंटल ने समाचार एजेंसी 'पीटीआई' को बताया, "दुर्भाग्य से वह अब नहीं रहे। अस्पताल में सुबह करीब 9 बजे उनका निधन हो गया। उनका दिल हार गया। नींद में ही उनका निधन हो गया। वह 79 साल के थे।” 'इंडियन एक्सप्रेस' के अनुसार, अभिनेता के परिवार ने एक बयान में कहा, “गहरे दुख के साथ हम अपने पिता मिस्टर गुफी पेंटल (शकुनी मामा) के निधन की घोषणा करते हैं। आज सुबह परिवार के बीच उनका निधन हो गया।”

Gufi Paintal

बता दें कि उन्हें हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनकी हालत गंभीर थी। हितेन ने पहले 'पीटीआई' को बताया था कि उनके चाचा उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के कारण काफी समय से ठीक नहीं थे। उन्होंने कहा था, "उन्हें ब्लडप्रेशर और हार्ट की समस्या है। यह सब कुछ काफी समय से चल रहा था। अब हालात गंभीर हो गई है, इसलिए हम उन्हें निगरानी के लिए अस्पताल ले गए हैं। वह सात-आठ दिनों से अस्पताल में हैं। शुरुआत में उनकी हालत गंभीर थी, लेकिन अभी उनकी हालत स्थिर है।"

Gufi Paintal

गुफी के परिवार में उनका बेटा, बहू और एक पोता है। अंतिम संस्कार आज शाम करीब 4 बजे उपनगरीय अंधेरी के एक श्मशान घाट में किया जाएगा।

गुफी पेंटल की प्रोफेशनल लाइफ

गुफी टीवी शोज और फिल्मों दोनों में नजर आ चुके हैं। उन्हें 'बहादुर शाह जफर', 'महाभारत', 'कानून', 'ओम नमः शिवाय', 'सीआईडी', 'कोई है', 'द्वारकाधीश भगवान श्री कृष्ण', 'राधाकृष्ण' और 'जय कन्हैया लाल की' जैसे अन्य शोज में देखा गया है। उन्होंने 1975 में आई फिल्म 'रफू चक्कर' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद, अभिनेता 'दिल्लगी', 'देश परदेश' और 'सुहाग' सहित अन्य फिल्मों में दिखाई दिए।

Gufi Paintal

फिलहाल, हम भी गुफी पेंटल को नम आंखों से श्रद्धांजलि देते हैं और प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर उनके परिवार को ये दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.