अभिनेता शक्ति कपूर (Shakti Kapoor) की बेटी व एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) को लेकर इंटरनेट पर खबरें चल रही हैं कि, वह इसी साल शादी करेंगी। हाल ही में, एक्ट्रेस के पिता ने एक इंटरव्यू में इस बात से इंकार किया है। आइए आपको बताते हैं, शक्ति कपूर ने क्या कहा है।
ऐसी अफवाहें हैं कि, श्रद्धा कपूर जल्द ही अपने बचपन के दोस्त व फोटोग्राफर रोहन श्रेष्ठ के साथ शादी के बंधन में बंध सकती हैं, लेकिन एक्ट्रेस के पिता शक्ति कपूर ने इस बात से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने 'ई-टाइम्स' से बात करते हुए कहा कि, "रोहन एक पारिवारिक मित्र हैं, मैं उसके पिता को कई सालों से जानता हूं। रोहन अक्सर हमारे पास आता है, लेकिन उसने श्रद्धा से शादी के लिए मुझसे उसका हाथ नहीं मांगा है। आज बच्चे इन चीजों को खुद ही तय करते हैं। अगर श्रद्धा या सिद्धांत (बेटा) मुझसे कहते हैं कि, उन्होंने अपने लिए जीवन साथी चुना है, तो मैं तुरंत मान जाऊंगा। मैं क्यों मना करूंगा? लेकिन इस समय उनका ध्यान अपने करियर पर है। शादी एक अहम फैसला है और जिस तरह से लोग ये बातें कर रहे हैं, वह मुझे कभी-कभी परेशान करता है। इस तरह का निर्णय लेने से पहले सुनिश्चित होना चाहिए।"
(ये भी पढ़ें: श्रद्धा कपूर अपने बॉयफ्रेंड रोहन श्रेष्ठ से करेंगी शादी? मौसी पद्मिनी कोल्हापुरे ने दिया जवाब)
अपने करियर के बारे में बात करते हुए, वे कहते हैं, “मैंने श्रद्धा या सिद्धांत को उनके सपनों को सजाने से कभी नहीं रोका। कई लोग मुझसे पूछते हैं कि, क्या मैंने श्रद्धा को एक्ट्रेस बनने से रोका, लेकिन यह सच नहीं है। मैं चाहता हूं कि, वह चमके और अच्छा करे, वह इतनी मेहनती और प्रतिभाशाली लड़की है। मैं उसे अपनी 'गोल्डन गर्ल' कहता हूं। उन्होंने बॉलीवुड में अपने दम पर अपनी पहचान बनाई है। अमिताभ बच्चन और इमरान हाशमी के साथ सिद्धांत की फिल्म चेहरे अभी रिलीज हुई है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया है। इसलिए, मैं अपने दोनों बच्चों के लिए खुश हूं, जो अपने करियर में अच्छा कर रहे हैं। मुझे उन पर गर्व है।"
क्या उनके बच्चों को 80 और 90 के दशक की तरह दिलचस्प स्क्रिप्ट मिल रही है? इस सवाल पर शक्ति कपूर ने कहा कि, "मेरा समय अलग था। पिछले कुछ वर्षों में कंटेंट में काफी बदलाव आया है। इसलिए, कोई भी दो समय-सारिणी की तुलना नहीं कर सकता। जब मैंने फिल्मों में शुरुआत की, तो एक कॉमेडियन, एक वैंप, एक विलेन और लीड के लिए अलग-अलग भूमिकाएं तय होती थीं। आज नायक खलनायक हो सकता है, नायिका आइटम नंबर कर सकती है और खलनायक कभी-कभी अंत में अच्छा आदमी बन जाता है। इसलिए इस पर कुछ कहा नहीं जा सकता है। मुझे खुशी है कि, मेरे दोनों बच्चे अलग-अलग विषय पर आधारित फिल्में चुन रहे हैं।
(ये भी पढ़ें: पिता बनने के बाद भैया आयुष्मान खुराना से प्रेरणा ले रहे हैं अपारशक्ति, इंटरव्यू में कही ये बात)
दावा किया जाता है, श्रद्धा कपूर अपने बचपन के दोस्त व सेलिब्रिटी फोटोग्राफर रोहन श्रेष्ठ के साथ रिलेशनशिप में हैं और दोनों साल 2022 में शादी करने वाले हैं। हालांकि, दोनों ने अभी तक इन अफवाहों की पुष्टि नहीं की है, लेकिन उनकी डेट नाइट और वेकेशन की तस्वीरों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि, दोनों एक-दूसरे के प्यार में कितने पागल हैं।
बीते दिनों, श्रद्धा कपूर की मौसी व एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरे और उनके बेटे प्रियांक शर्मा ने ‘India.com’ को एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने श्रद्धा कपूर और रोहन श्रेष्ठ की शादी से जुड़े सवाल का खुलकर जवाब दिया था। इंटरव्यू में जब प्रियांक शर्मा से श्रद्धा-रोहन की शादी के प्लान में बारे में पूछा गया था, तो प्रियांक ने कहा था कि, ‘मैं इस बारे में कोई बात नहीं कह सकता हूं। इस पर मैं क्या बोलूं यार। लेकिन आप एक्साइटमेंट की बात कर रहे हैं, तो मैं एक्साइटेड जरूर हूं और होना भी चाहिए। यदि भविष्य की बात की जाए, तो ये एक अच्छा ऑप्शन है।’ वहीं, पद्मिनी कोल्हापुरे ने इस बारे में बेहद खुशी के साथ मजेदार जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि, ‘शादी, वाह! यह एक अजीब सवाल है। अगर ऐसा होगा, तो खबर मिल जाएगी।’
(ये भी पढ़ें: नरगिस दत्त का बेटे संजय के लिए वो आखिरी शब्द, जिसे सुनकर तीन साल बाद खूब रोए थे एक्टर)
इसी इंटरव्यू के बाद से दोनों की शादी की अफवाहों ने जोर पकड़ लिया था। फिलहाल, शक्ति कपूर के लेटेस्ट इंटरव्यू से ये तो साफ है कि, श्रद्धा कपूर की शादी में अभी वक्त लगेगा। वैसे आपकी इस बारे में क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।