वह दिन गए, जब एक दुल्हन अपनी शादी में शर्मीली दिखती थी और उसका दूल्हा एक भव्य बारात के साथ वेन्यू में एंट्री लेता था। सालों से हम देखते आ रहे हैं कि, दुल्हनें शर्मीली बनकर एक कठपुतली की तरह मंडप में बैठकर अपने दूल्हे का इंतजार करती हैं और शादी की सभी परंपराओं व धारणाओं का पालन करती हैं। हालांकि, आज के समय में दुल्हनें कठपुतली बनने के बजाय अपने खास दिन को यादगार बनाने के लिए कुछ अलग करती नजर आ रही हैं।
अपने वेडिंग आउटफिट से लेकर अपनी शादी के समारोहों की थीम तक, अब दुल्हनें सुनिश्चित कर रही हैं कि, उनकी शादी एक दम उनकी पसंद के अनुसार परफेक्ट हो। दुल्हनों के लिए सबसे खास चीज होती है कि, वो अपने सपनों के वेडिंग आउटफिट में ब्राइडल एंट्री कैसे करें कि, वो पल यादगार बन जाए। अगर आप एक परफेक्ट ब्राइडल एंट्री का आइडिया लेना चाहते हैं, तो हमारी ‘ब्राइड ऑफ द वीक’ से ले सकते हैं, जिन्होंने अपनी ब्राइडल एंट्री से सभी को अपनी ओर आकर्षित कर लिया था।
मिलिए हमारी दुल्हन निशी शाह से, जिन्होंने अपने सपनों के राजकुमार महेक मोदी के साथ हाल ही में शादी की है। निशी और महेक मोदी की शादी मुंबई के लोनावला में ‘बनारसी थीम’ पर हुई थी। दुल्हन ने अपनी ठेठ बनारसी शादी में मैरून रंग का खूबसूरत लहंगा पहना था, जिसे उन्होंने डबल दुपट्टे के साथ कैरी किया था। मिरर वर्क वाले लाल दुपट्टे से दुल्हन ने अपना सिर ढका था, तो वहीं बॉर्डर कढ़ाई वाले दुपट्टे को अपने कंधे पर रखा था।
अपने लुक को दुल्हन ने डबल गोल्ड ज्वैलरी, मैचिंग इयररिंग्स, हल्का नथ, मांगटीका और कलरफुल गजरों से कंप्लीट किया था। दुल्हन ने अपने आउटफिट को ध्यान में रखते हुए ब्राउन शेड मेकअप कराया था, जिसमें वो वाकई रॉयल लग रही थीं। दूसरी ओर, उनके दूल्हे राजा ने गोल्डन कढ़ाई के साथ एक क्रीम कलर की शेरवानी पहनी थी, जिसे उन्होंने एक मैचिंग स्टोल, एक पेस्टल-हरे रंग की पगड़ी और एक हरे रंग की पन्ना हार के साथ पेयर किया था।
दूल्हा-दुल्हन अपने-अपने आउटफिट में बेहद खूबसूरत लग रहे थे, लेकिन ये दुल्हन की ब्राइडल एंट्री थी, जिसने कई लड़कियों को इंस्पायर किया। उन्होंने अपनी ‘बनारसी थीम’ शादी में एक महारानी स्टाइल में एंट्री करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। दुल्हन ने रॉयल तरीके से अपनी ब्राइडल एंट्री की, जिनके अगल-बगल लड़कियां अपने हाथ में लौ (मशाल) ली हुईं खड़ी थीं और वो एक महारानी की तरह सीढ़ियों से उतरकर अपने वेन्यू में जा रही थीं।
वहीं, अपनी दुल्हन की तरह दूल्हे राजा ने भी एक ग्रैंड एंट्री मारी। दूल्हे ने जलती हुई आतिशबाजी के साथ एक यॉट के जरिए कार्यक्रम स्थल पर धमाकेदार प्रवेश किया। उनके पास कस्टमाइज डीजे ट्रक, CO2 ब्लास्टर्स भी थे और वो अपने गैंग के साथ वेन्यू में धमाल मचा रहे थे। दूल्हा-दुल्हन ने अपनी एंट्री से सभी को हैरान कर दिया था।
इस जोड़े की शाही शादी लोनावाला के एक झील के पास मौजूद एंबी वैली पर ‘बनारसी घाट’ थीम पर बेहद शानदार तरीके से हुई थी। शादी की थीम से लेकर कपल के वेडिंग आउटफिट्स और सजावट तक, सब कुछ शाही अंदाज में आयोजित किया गया था। ये हर दूल्हा-दुल्हन के लिए एक ड्रीम वेडिंग हो सकती है।
शादी की तरह संगीत सेरेमनी के लिए भी भव्य आयोजन किया गया था। गोल्डन कलर के डेकोरेशन से भव्य मंच तक सब कुछ खूबसूरत लाइटिंग से सजी थीं। वहीं, दूल्हा-दुल्हन का डांस परफॉर्मेंस भी लाजवाब था। दुल्हन ने लैवेंडर कलर के फ्रिल स्कर्ट के साथ मैचिंग ब्लाउज और एक नेट का दुपट्टा कैरी किया था, जिसे उन्होंने सिल्वर चोकर और मैचिंग इयररिंग्स के साथ पेयर किया था। उन्होंने खुले बालों के साथ अपना मेकअप मिनिमल रखा था। वहीं, दूल्हे महेक ने दुल्हन के साथ ट्विनिंग करते हुए पर्पल रंग की शेरवानी पहनी थी, जिसमें वो काफी अट्रैक्टिव लग रहे थे।
मेहंदी सेरेमनी में निशी ने फूलों की कढ़ाई वाले ब्लाउज़ और मैचिंग दुपट्टे के साथ हरा रंग का खूबसूरत लहंगा पहना था। मिनिमल मेकअप के साथ उन्होंने चोकर और मैचिंग झुमके से अपने लुक को और निखारा था। दूसरी ओर, दूल्हे ने नेहरू जैकेट के साथ फ्लोरल प्रिंट वाली सफेद शेरवानी पहनी थी। मेहंदी सेरेमनी में दूल्हा-दुल्हन बेहद प्यारे लग रहे थे।
अपनी हल्दी सेरेमनी के लिए दूल्हा और दुल्हन ने अपने आउटफिट को सिंपल रखने का फैसला किया था। दुल्हन ने जहां नीले, गुलाबी और लाल रंगों के मिश्रण के बने ब्लाउज के साथ ग्रीन कलर की स्कर्ट पहनी थी, तो वहीं, दूल्हे ने पीले रंग का कुर्ता और सफेद पायजामा पहना था। इसके अलावा, दुल्हन ने अपने लुक को फूलों के ज्वैलरी और फूलों से सजी एक सिंपल चोटी से कंप्लीट किया था।
फिलहाल, हमें तो दुल्हन का वेडिंग लुक और उनकी ब्राइडल एंट्री काफी अच्छी लगी। वैसे, आपको कैसी लगी? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।