शादी एक ऐसा बंधन है, जिसमें सिर्फ एक लड़का और लड़की का मिलन नहीं होता है, बल्कि दो परिवारों का भी मिलन होता है। शादी की इस परंपरा को भारत में एक त्योहार की तरह मनाया जाता है, जिसके लिए परिवार का हर एक सदस्य काफी उत्साहित होता है और इसकी तैयारियां महीनों पहले से शुरू हो जाती हैं।
हालांकि, शादी का महत्व एक दुल्हन की जिंदगी में सबसे खास होता है और इसमें कोई शक नहीं है कि, ये एक ऐसा पल होता है, जिसका होने वाली दुल्हन सालों से इंतजार कर रही होती है। इस दिन एक लड़की खुद को सबसे सुंदर दुल्हन के रूप में देखना चाहती है। हमारे देश में सब्यसाची मुखर्जी, मनीष मल्होत्रा, अनामिका खन्ना जैसे कई बड़े-बड़े फैशन डिजाइनर्स हैं, जिनके ट्रेडिशनल आउटफिट को हर एक दुल्हन पहनने का सपना देखती है। हमारी ‘ब्राइड ऑफ द वीक’ ने भी अपनी शादी में इस सपने को पूरा किया है।
(ये भी पढ़ें- दुल्हन ने अपनी शादी में पहना रोज़ पिंक कलर का खूबसूरत लहंगा, हेयरस्टाइल ने चुराई लाइमलाइट)
मिलिए हमारी दुल्हन शिवांगी सिंह (Shivangi Singh) से, जिन्होंने हाल ही में अपने जीवनसाथी परम कंधारी के साथ गुरुग्राम में शादी रचाई थी। दूल्हा-दुल्हन अपनी ग्रैंड वेडिंग में एक साथ काफी प्यारे लग रहे थे। दोनों के आउटफिट उन पर काफी खिल रहे थे और सबसे खास बात ये थी कि, दोनों एक-दूसरे को अपने लुक में बराबरी की टक्कर दे रहे थे।
इस खूबसूरत दुल्हन ने अपनी शादी में फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के द्वारा डिजाइन किया हुआ बेबी पिंक कलर का लहंगा पहना था, जिस पर सफेद रंग की कढ़ाई की गई थी। उन्होंने बेबी पिंक लहंगे को मैचिंग ब्लाउज़ और नेट के दुपट्टे के साथ पेयर किया था। उनके लुक को खास बनाने का काम उनका डायमंड नेकलेस कर रहा था, जो काफी खूबसूरत था। डायमंड चोकर नेकपीस, मैचिंग इयररिंग्स, पन्ना हार और मांग टीका से दुल्हन ने अपने लुक को पूरा किया था। दुल्हन ने अपनी ड्रेस से मैच करता हुआ बेबी पिंक कलर का चूड़ा पहना था, जो सिल्वर कलर के कलीरे के साथ काफी खिल रहा था।
दुल्हन ने जिस तरह अपनी ड्रेस फेमस डिजाइनर के कलेक्शन से चुनी थी, उसी तरह उन्होंने अपना मेकअप भी मशहूर मेकअप आर्टिस्ट मीरा सखरानी से करवाने का फैसला लिया था। मीरा ने दुल्हन के चेहरे पर हैवी मेकअप की जगह कम मेकअप लगाया था, वहीं हेयर स्टाइलिस्ट ने दुल्हन के बालों में बन बनाकर उस पर सफेद फूलों का गजरा लगाया था, जो उन्हें मिनिमल और एलिगेंट ब्राइडल लुक दे रहा था। दुल्हन अपने ओवरऑल लुक में वाकई हुस्न की परी लग रही थीं।
(ये भी पढ़ें- इस दुल्हन ने 'बनारसी घाट' थीम वेन्यू में 'महारानी' स्टाइल में की एंट्री, वेडिंग लुक भी था शाही)
दुल्हन की तरह दूल्हे राजा परम कंधारी भी अपने वेडिंग लुक में काफी एलिगेंट लग रहे थे। उन्होंने एक आइवरी कलर की शेरवानी पहनी थी, जिस पर पूरी कढ़ाई की गई थी। उन्होंने अपनी दुल्हन को ट्विन करने के लिए बेबी पिंक कलर का साफा, येलो कलर का दोशाला और एमराल्ड नेकपीस से अपने लुक को कंप्लीट किया था।
दुल्हन ने अपनी शादी के सभी फंक्शंस में देश के बड़े डिजाइनर्स के द्वारा डिजाइन किए हुए आउटफिट्स पहने थे। वेडिंग आउटफिट के लिए दुल्हन ने जहां मनीष मल्होत्रा को चुना था, तो वहीं अपनी संगीत सेरेमनी के लिए उन्होंने फैशन डिजाइनर अनामिका खन्ना को चुना था। दुल्हन ने अपनी संगीत सेरेमनी में अनामिका खन्ना द्वारा डिजाइन किया हुआ मल्टी-कलर का लहंगा-चोली सेट पहना था।
उनके मल्टी-कलर के लहंगे में मैचिंग चोली थी, जिसे उन्होंने पीले कलर के दुपट्टे के साथ पेयर किया था। उनके दुपट्टे के बॉर्डर पर भारी कढ़ाई की गई थी। डायमंड चोकर, मैचिंग इयररिंग्स और मांग टीका के साथ उनके लुक को और भी खास बनाया गया था। दुल्हन ने अपने मेकअप को मिनिमल रखते हुए अपने वेवी हेयर को खुला छोड़ दिया था, जो उनके लुक को परफेक्ट बना रहा था।
कई दुल्हनों का सपना होता है कि, वो अपनी शादी के फंक्शंस में सब्यसाची मुखर्जी का लहंगा पहनें, हमारी दुल्हन शिवांगी ने इस सपने को भी पूरा किया। उन्होंने मनीष मल्होत्रा और अनामिका खन्ना के आउटफिट्स के अलावा सब्यसाची मुखर्जी के एटायर को अपनी मेहंदी सेरेमनी के लिए चुना था।
दुल्हन ने अपनी मेहंदी सेरेमनी में सरसों कलर का प्लाज़ो सेट एक कलरफुल श्रग के साथ पहना था। इसके साथ उन्होंने सब्यसाची के लोगो वाली बेल्ट भी पहनी थी, जो उन्हें अलग लुक दे रहा था। अपनी मेहंदी सेरेमनी में दुल्हन ने अपने लुक को सिंपल रखते हुए स्टेटमेंट इयररिंग्स पहने थे और अपने बालों को खुला रखा था। दुल्हन सब्यसाची के आउटफिट में काफी एलिगेंट लग रही थीं।
(ये भी पढ़ें- सब्यसाची की इस दुल्हन ने पहना था यूनिक आइवरी कलर का सुंदर लहंगा, पारंपरिक गहनों में दिखीं अप्सरा)
फिलहाल, दुल्हन ने अपनी शादी के दिन सभी बड़े डिजाइनर्स के एटायर पहनने का अपना सपना पूरा कर लिया। वैसे, आपको उनका कौन सा लुक सबसे ज्यादा पसंद आया? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।