बचपन से ही लड़कियां अपनी शादी के लिए अनगिनत सपने देखती हैं, जिसे वह वक्त आने पर पूरा करती हैं। मौज-मस्ती और नाच-गाने के साथ-साथ एक खूबसूरत लहंगा होता है, जिसे पहनकर हर लड़की अपनी जिंदगी के सबसे खास दिन पर खूबसूरत दिखना चाहती है। लेकिन क्या होगा, अगर नियति को कुछ और ही मंजूर हो।
अब तक हमने सिर्फ फिल्म और नाटकों में ही देखा है कि, जब कोई दुल्हन अपनी शादी से महज चंद दिन पहले किसी घटना का शिकार हो जाती है। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी दुल्हन से मिलवाने जा रहे हैं, जिन्होंने अपनी शादी की तैयारियों के बीच एक ऐसी घटना का सामना किया, जिसका दर्द उन्हें हमेशा रहेगा। लेकिन उन्होंने इस दर्द के बीच भी अपनी जिंदगी की नई शुरुआत बहुत ही धूमधाम के साथ की थी।
(ये भी पढ़ें: प्लस-साइज दुल्हन ने प्रियंका चोपड़ा के ब्राइडल लुक को किया था कॉपी, दूल्हे राजा संग किया डांस)
दरअसल, हम बात कर रहे हैं प्रकृति धीर की, जिन्होंने 14 जनवरी 2021 को अपने बेस्ट फ्रेंड से शादी रचाई थी। प्रकृति और उनके लविंग हसबैंड एक-दूसरे के 13 साल से दोस्त थे और फिर दोनों ने जिंदगी भर एक साथ रहने का फैसला किया था। प्रकृति की शादी आखिरी मौके पर तय की गई थी, जिस वजह से कपल को शादी की तैयारी करने के लिए महज 15 से 20 दिन मिले थे। ऐसे में ये दूल्हे की बहन सरिता थीं, जिन्होंने इस शादी की सारी जिम्मेदारी उठाई थी।
उन्होंने ही शादी की इनविटेशन लिस्ट से लेकर डेकोरेशन तक का सारा काम संभाला था, जिससे प्रकृति धीर और उनके दूल्हे राजा बेहद खुश थे। इन्हीं तैयारियों के बीच जब प्रकृति को स्किनकेयर ट्रीटमेंट के लिए सैलून ले जाया गया, तो वहां पर उनके साथ एक ऐसी घटना घटी थी, जिसने हर किसी को दुख में डाल दिया था। यहां पर दुल्हन के चेहरे पर उबलता हुआ पानी गिर गया था, जिस वजह से उनके चेहरे की स्किन काफी हद तक जल गई थी।
(ये भी पढ़ें: इस दुल्हन ने शादी में अपने एक्स बॉयफ्रेंड को किया था इनवाइट, मेहंदी रस्म में दिखी थी खास बॉन्डिंग)
दूल्हे राजा की बहन सरिता ने एक ब्लॉग में बताया था कि, वह और प्रकृति सैलून गए थे, जहां पर स्किन ट्रीटमेंट के लिए एक जार में गर्म पानी लिया गया था, जिसकी भाप का इस्तेमाल एक महिला दुल्हन के चेहरे पर कर रही थी। इसी दौरान गलती से गर्म पानी दुल्हन के चेहरे पर गिर गया, जिससे उनका चेहरा जल गया था। इस दौरान सैलून की महिला काफी ज्यादा घबरा गई थी, जिस वजह से वह खुद से इसे ठीक करने की कोशिश करने लगी। इस दौरान उन्होंने अपना आपा बिल्कुल नहीं खोया था। वह प्रकृति को तुरंत अस्पताल लेकर गई, जहां पर डॉक्टर ने उनका इलाज किया था।
हालांकि, इस घटना के बाद दुल्हन और उनके सभी करीबी लोगों के मन में महज एक ही सवाल था कि, प्रकृति का मैकअप कैसे होगा? और उनके चेहरे के निशान को कैसे छिपाया जाएगा? लेकिन प्रकृति की मेकअप आर्टिस्ट ने उन्हें काफी खूबसूरती से तैयार किया था। दुल्हन ने अपनी शादी में 32 साल पुरानी अपनी मां की मैरून रंग की साड़ी पहनी थी, जिस पर गोल्डन रंग का प्रिंट था। इस साड़ी के साथ दुल्हन ने ग्रीन कलर के नेकपीस, माथा पट्टी और इयररिंग्स को पेयर किया था। वहीं, उनके दूल्हेराजा नेवी ब्लू रंग की बंधगला आउटफिट के साथ लाल रंग की पगड़ी में काफी हैंडसम लग रहे थे।
(ये भी पढ़ें: इस दुल्हन ने अपनी शादी में पहना था शैंपेन कलर का लहंगा, राजस्थानी गहनों में दिखीं राजकुमारी)
फिलहाल, इस पूरी घटना का सामना जिस तरह प्रकृति ने किया, वो लोगों के लिए एक प्रेरणा है। तो आपको दुल्हन का लुक कैसा लगा? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं और अगर आप हमें कोई सुझाव देना चाहते हैं, तो जरूर दें।