33 टीवी कपल्स जो साथ काम करते-करते एक दूसरे के प्यार में पड़ गए, पढ़ें इनकी रोचक प्रेम कहानियां

टेलीविजन कपल्स की कई सारी दिलचस्प लव स्टोरीज एक साथ आपने कहीं नहीं पढ़ी होगी। यहां हम आपको एक साथ 33 टीवी कपल्स की रोचक प्रेम कहानियों के बारे में बताने जा रहे हैं।

By Chandrashekhar Kumar Last Updated: Oct 1, 2020 | 11:54:34 IST

टेलीविजन इंडस्ट्री में कई बार ऐसा होता है कि सेट पर काम करते-करते कलाकार को आपस में एक-दूसरे से प्यार हो जाता है, ये प्यार कभी-कभी शादी के पवित्र बंधन तक भी पहुंच जाता है। ऐसा कई टीवी सेलेब्स के साथ हुआ भी है। ऐसे ही 33 टीवी कपल्स के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं, जोकि सेट पर साथ काम करते-करते एक-दूसरे के प्यार में पड़ गए। इनमें से किसी ने शादी कर ली, तो किसी ने अपने रिश्ते को सिर्फ प्यार तक ही सीमित रखा। तो आइए शुरू करते हैं इनकी प्रेम कहानियां...

1. देबिना बनर्जी और गुरमीत चौधरी    

फेमस टीवी सीरियल 'रामायण' में राम और सीता का किरदार निभाकर घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाले गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी को भला कौन नहीं जानता। इस सीरियल ने इन दोनों को रातोंं-रात सेलिब्रिटी बना दिया। दरअसल, देबिना एक टैलेंट हंट प्रतियोगिता के लिए मुंबई आई थी, जहां वह पहली बार गुरमीत से मिली थीं। अपनी रूममेट के ब्वॉयफ्रेंड के जरिए उनकी बातचीत गुरमीत से हुई थी। 5 साल तक रिलेशन में रहने के बाद गुरमीत ने देबिना को एक रियलिटी टीवी शो 'पति-पत्नी और वो' में डायमंड रिंग देकर प्रपोज किया, जिसके बाद दोनों 15 फरवरी 2011 को शादी के पवित्र बंधन में बंध गए। ये कपल दो गोद लिए बच्चों (पूजा और लता) के पैरेंट्स भी हैं। मजेदार बात यह है कि ये दोनों बच्चे बिहार के हैं और इन्हें 'भैया' और 'दीदी' कहते हैं।

2. सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे  

सीरियल 'पवित्र रिश्ता' के 'मानव' और 'अर्चना' के रूप में फेमस सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे की जोड़ी एक आइडियल कपल के रूप में उभर कर सामने आई थी। आज भले ही इस दुनिया में सुशांत नहीं हैं, लेकिन अंकिता उन्हें भुला नहीं पाई हैं। सुशांत की कथित आत्महत्या के बाद अंकिता सोशल मीडिया पर उनसे जुड़ी यादें शेयर करती रहती हैं। 'पवित्र रिश्ता' सीरियल में साथ काम करते वक्त दोनों को एक-दूसरे से प्यार हुआ था। सुशांत ने बिजी बॉलीवुड शेड्यूल को देखते हुए क्वालिटी टाइम स्पेंड करने के लिए अंकिता के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने का फैसला किया था। एक समय दोनों की शादी की चर्चा टेलीविजन इंडस्ट्री में होने लगी थी, तभी अचानक 6 साल साथ रहने के बाद दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया। अंकिता के साथ ब्रेकअप के बाद 'राब्ता' की को-स्टार कृति सेनन के साथ सुशांत के रिश्ते की गॉसिप होने लगी थी और आगे चलकर सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती बनी थीं।

3. नंदीश संधू और रश्मि देसाई 

टीवी सीरियल 'उतरन' से फेमस वीर और तपस्या की जोड़ी को फैंस ने बहुत पसंद किया था। इनकी मुलाकात ‘उतरन’ के सेट पर ही हुई थी। रील लाइफ में भले ही इनके प्यार की कोई खास केमिस्ट्री नहीं थी, लेकिन वास्तविक जीवन में दोनों एक-दूसरे को खूब प्यार करते थे। दूसरे सेलिब्रिटीज की तरह उन्होंने भी शुरुआत में अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया था, जबकि बाद में अपने रिलेशनशिप को एक्सेप्ट किया। नंदीश ने रश्मि को अपने जन्मदिन की पूर्व संध्या पर प्रपोज किया था और दोनों ने 2012 में शादी कर ली थी। अफसोस की बात है कि यह शादी लंबे समय तक नहीं चली और 2016 में वे एक-दूसरे से अलग हो गए।

4. महेश शेट्टी और अनीशा कपूर 

टीवी शो 'घर एक सपना' में नजर आ चुके महेश और अनीशा इसी सेट पर एक-दूसरे के करीब आए थे। महेश और अनीशा दोनों को फिर से स्क्रीन पर एक साथ नहीं देखा गया, लेकिन यह उन्हें अलग नहीं रख सका। उन दोनों में प्यार मजबूत होता गया। जब महेश सीरियल 'बड़े अच्छे लगते हैं' में व्यस्त थे, तभी अनीशा ने सीरियल 'संस्कार लक्ष्मी' में रागिनी के रूप में लोकप्रियता हासिल की थी। इस कपल ने अपने रिलेशनशिप को तब तक छुपाया, जब तक कि उन्होंने अपनी शादी की घोषणा नहीं कर दी थी। फाइनली 20 नवंबर 2011 को एक निजी समारोह में उन्होंने शादी कर ली, जिसमें सिर्फ उनके क्लोज फ्रेंड्स और परिवार के लोग शामिल हुए थे।

5. राकेश वशिष्ठ और रिद्धि डोगरा                     

इनकी जोड़ी टीवी के पर्दे पर कोई हिट-ऑफ जोड़ी नहीं थी। राकेश वशिष्ठ और रिद्धि डोगरा पहली बार सोनी टीवी पर वाईआरएफ के नए शो 'सेवन' में एक साथ पर्दे पर दिखे थे। वे मुश्किल से सेट पर बात करते थे, तभी सीरियल 'मर्यादा: लेकिन कब तक?' ने उन्हें करीब ला दिया था। इस जोड़ी ने 'नच बलिए' के सीजन 6 में भी भाग लिया था। इस रोमांटिक कपल ने 29 मई 2011 को शादी रचा ली। इस जोड़ी ने ख्वाहिश जताई है कि वे भविष्य में एक बच्चा गोद लेंगे और उसकी अच्छी परवरिश करेंगे। (यह भी पढ़ें ; पत्नी अंजली की बदौलत गूगल सीईओ हैं सुन्दर पिचाई, बेहद रोमांटिक है इनकी लव स्टोरी) 

6. आमिर अली और संजीदा शेख   

आमिर अली और संजीदा शेख को इंडियन टीवी इंडस्ट्री में सबसे खूबसूरत कपल्स में से एक माना जाता है। पहले ये दोनों बहुत लंबे समय तक दोस्त थे। समय के साथ इन दोनों के रिश्ते मजूबूत होते गए और इस कपल ने टीवी रियलिटी शो 'नच बलिए' में एक जोड़ी के रूप में 2007 में भाग लिया। इस शो में उन्होंने राखी सावंत और अभिषेक अवस्थी के खिलाफ जीत हासिल की। 'क्या दिल में है' और 'एक हसीना थी' जैसे कई शोज में उन्होंने एक साथ काम किया। आखिरकार 2 मार्च 2012 को ये क्यूट कपल शादी के पवित्र बंधन में बंध गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर अली और संजीदा शेख सरोगेसी से एक बच्ची के माता-पिता बने हैं।

7. हितेन तेजवानी और गौरी प्रधान 

हितेन और गौरी की जोड़ी को भारतीय टेलीविजन के पहले रील-टू-रियल लाइफ जोड़ी के रूप में जाना जाता है। 'कुटुम्ब' सीरियल में इनकी लव एंड हेट वाली केमिस्ट्री में प्यार का संदेश छुपा था। शुरुआत में गौरी को हितेन बिल्कुल पसंद नहीं थे, लेकिन लगातार साथ काम करने के दौरान दोनों में प्यार बढ़ने लगा, और फिर इस कपल ने उन्होंने 29 अप्रैल 2004 को शादी कर ली। वहीं, साल 2009 में गौरी ने जुड़वा बच्चों नेवान और कात्या को जन्म दिया।

8. इंद्रनील सेनगुप्ता और बरखा बिष्ट 

बरखा और इंद्रनील की मुलाकात टीवी सीरियल 'प्यार के दो नाम: एक राधा एक श्याम' के सेट पर हुई थी। राधा और श्याम के रूप में उनके ऑन-स्क्रीन प्यार में ज्यादा समय नहीं लगा। इसके उलट ये दोनों बिल्कुल विपरीत स्वभाव के थे। वे तुरंत एक-दूसरे के प्यार में नहीं पड़े, ऐसे में समय बीतने के साथ धीरे-धीरे इनका ऑफ-स्क्रीन लव भी परवान चढ़ने लगा। फाइनली इस खूबसूरत कपल ने 2008 में शादी कर ली। इनकी एक प्यारी सी बिटिया है, जिनका नाम मीरा है।

9. राम कपूर और गौतमी गडगिल 

राम और गौतमी भारतीय टेलीविजन के सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले कपल्स में से एक हैं। इस जोड़ी ने सीरियल 'घर एक मंदिर' में अभिनय किया, लेकिन उनके अलग व्यक्तित्व ने उन्हें एक-दूसरे से दूर कर दिया था। जैसा कि कहा जाता है कि परस्पर विरोधी का स्वभाव आकर्षित करता है, ऐसा ही इनके साथ हुआ और बाद में दोनों एक-दूसरे के करीब आए। अपनी शादी के लिए उन्हें अपने परिवार वालों को मनाना पड़ा, क्योंकि वे उनकी शादी के खिलाफ थे। आखिरकार इस कपल ने 14 फरवरी 2003 को वैलेंटाइन डे पर शादी कर ली। 

10. मानव गोहिल और श्वेता क्वात्रा 

मानव और श्वेता की दोस्ती उस समय बढ़ी जब वे लोकप्रिय टीवी शोज 'कहानी घर-घर की' और 'कुसुम' में साथ काम कर रहे थे। दरअसल, काम के दौरान ही दोनों में अच्छी दोस्त हो गई थी। एक इंटरव्यू में श्वेता ने बताया था कि, ''वह अपने प्यार व रिश्ते को लेकर काफी असहज और भ्रमित महसूस कर रही थीं।'' चूंकि, दोनों के पास्ट रिलेशनशिप के अनुभव अच्छे नहीं थे। ऐसे में वह अपनी फ्रेंडशिप को खोना नहीं चाहती थीं, शायद इसीलिए विनम्रतापूर्वक एक-दूसरे से अलग होने का फैसला किया था। इसके बाद बहुत जल्दी दोनों को एहसास होने लगा था कि वे एक-दूसरे को मिस कर रहे हैं। करीब साढ़े तीन साल के अफेयर के बाद 6 दिसंबर 2014 को उन्होंने शादी कर ली। वहीं, 11 मई 2012 को ये दोनों एक बेबी गर्ल जहरा के पैरेंट्स बने हैं।

11. शालीन भनोट और दलजीत कौर 

सोनी टीवी पर आने वाले शो 'कुलवधू' में शालीन भनोट और दलजीत कौर को खूब पसंद किया गया था। उन्होंने 2008 में 'नच बलिए' में भी पार्टिसिपेट किया और डांस रियलिटी शो के विनर हुए थे। इस जीत के बाद उन्होंने जल्द ही 2009 में शादी कर ली, लेकिन दुर्भाग्य से उनकी शादी लंबे समय तक नहीं चल पाई। इस शादी के सिर्फ 6 साल बाद 2015 में उनका तलाक हो गया। दरअसल, दोनों का एक बेटा भी है, जिसका नाम जेडन है। जेडन अपनी मां दलजीत के ही साथ रहता है। वहीं, दलजीत अपनी सिंगल स्टेटस सिंबल से काफी खुश हैं और खुलकर लाइफ को एन्जॉय कर रही हैं।

12. विवियन डीसेना और वाहबिज दोराबजी 

विवियन डीसेना को अपनी पत्नी वाहबिज दोराबजी के साथ फेमस शो 'प्यार की ये एक कहानी' के सेट पर प्यार हुआ था। यह एक टीनएजर की लव स्टोरी पर आधारित शो था, जिसमें विवियन ने 'अभय' और वाहबिज ने 'पांची' का किरदार निभाया था। इनके बीच यह पहली नजर का प्यार था, जिसमें विवियन ने बरसात के इवेंट में वाहबिज को देखा और उनके प्यार में पड़ गए। जैसे-जैसे शो की लोकप्रियता बढ़ती गई, वैसे ही विवियन और वाहबिज की नजदीकियां भी बढ़ने लगीं। आखिरकार 7 जनवरी 2013 को इस कपल ने शादी कर ली, लेकिन दुर्भाग्य से शादी के 3 साल बाद वे एक-दूसरे से अलग हो गए।

13. रवीश देसाई और मुग्धा चाफेकर  

'सतरंगी ससुराल' और 'पृथ्वीराज चौहान' जैसे सीरियल में काम कर चुकी एक्ट्रेस मुग्धा चाफेकर और एक्टर रवीश देसाई की जोड़ी काफी चर्चित रही है। वे अपने शो 'सतरंगी ससुराल' के सेट पर मिले थे, तभी दोनों में प्यार हो गया और उन्होंने 14 दिसंबर 2016 को शादी रचा ली। हालांकि, शादी से पहले दोनों ने रिलेशनशिप को कभी पब्लिकली ओपन नहीं किया था।

14. विवेक दहिया और दिव्यांका त्रिपाठी 

दिव्यांका त्रिपाठी को टेलीविजन के सबसे चहेते किरदार 'इशिमा' की भूमिका के लिए याद किया जाता है। सीरियल 'बनूं मैं तेरी दुल्हन' के सेट पर काम करने के दौरान वह अपने को-स्टार शरद मल्होत्रा को डेट कर रही थीं। एक दशक तक लंबे रिलेशनशिप में रहने के बाद दिव्यांका शरद से अलग हो गई। लाइफ के इसी मोड पर उन्हें एक दोस्त के रूप में विवेक का साथ मिला। इस कपल के लिए यह पहली नजर का प्यार नहीं था, ऐसे में दोनों में एक-दूसरे को समझने के बाद बॉन्डिंग बनी थी। नजदीकियां बढ़ने के बाद दोनों ने रिश्ते को शादी में बदलने का फैसला किया और फिर दोनों ने 14 जुलाई 2016 को भव्य समारोह में शादी कर ली।

15. अमन वर्मा और वंदना लालवानी  

एक्स बिग बॉस कंटेस्टेंट और फेमस टेलीविजन एंकर अमन वर्मा और एक्ट्रेस वंदना लालवानी की लव स्टोरी काफी चर्चित रही है। दोनों की मुलाकात चर्चित शो 'हम ने ली है- शपथ' के सेट पर हुई थी। इस शो में वंदना ने अमन की बहन की भूमिका निभाई थी। यहीं साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच प्यार हुआ और उन्होंने 14 दिसंबर 2016 को शादी कर ली। (यह भी पढ़ें ; शंकर महादेवन की लव स्टोरी: 16 साल की उम्र में पड़ोसन को दे बैठे थे दिल, फिर ऐसे बनाया जीवनसाथी) 

16. शरद केलकर और कीर्ति गायकवाड़ 

शरद केलकर और कीर्ति गायकवाड़ की जोड़ी को टेलीविजन के पर्दे पर खूब पसंद किया गया। इस जोड़ी ने सीरियल 'सात फेरे' में एक साथ काम किया था। इसके अलावा दूरदर्शन के सीरियल 'आक्रोश' और 'सीआईडी स्पेशल ब्यूरो' में भी उनको एक साथ पर्दे पर देखा गया था। दरअसल, सीआईडी स्पेशल ब्यूरो के सेट पर काम करने के दौरान ही दोनों में बॉन्डिंग बढ़ी थी। इसके अलावा कीर्ति के कठिन समय में शरद के सपोर्ट करने के बाद दोनों में विश्वास और प्रेम बढ़ा था। उन्होंने फेमस रियलिटी शो 'नच बलिए' में भी भाग लिया था। इस खूबसूरत जोड़ी ने 3 जून 2005 को शादी रचा ली। इसके बाद 7 फरवरी 2014 को इनके घर नन्ही परी बनकर बिटिया किशा आईं।

17. यश टोंक और गौरी यादव 

सीरियल 'कहीं किसी रोज' की हिट जोड़ी यश और गौरी को फैंस का खूब प्यार मिला। ये दोनों पहली बार सीरियल 'कहीं किसी रोज' के सेट पर ही मिले थे। इसके बाद दोनों के बीच प्यार हुआ और दोनों ने शादी कर ली। इस जोड़ी ने डांस रियलिटी शो 'नच बलिए' में भी भाग लिया और फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, गौरी 13 साल बाद मां बनीं, तो घर में खुशी का माहौल बन गया था। उन्होंने अपनी बेबी और दूसरी बेटी का नाम मायरा रखा है, जबकि इनकी पहली बेटी का नाम परी है। 

18. संजीव सेठ और लता सभरवाल 

सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की फेम जोड़ी संजीव सेठ और लता सभरवाल को घर-घर में फैंस का प्यार मिला था। संजीव और लता की मुलाकात इसी पॉपुलर शो के सेट पर हुई थी। इस शो में काम करते वक्त ही दोनों को अपना प्यार मिला और उन्होंने बाद में रिश्ते को शादी जैसे पवित्र बंधन में तब्दील कर लिया। दरअसल, लता और संजीव की उम्र में 14 साल का गैप था और यह संजीव की दूसरी शादी थी। कहते हैं ना कि प्यार में उम्र की बंदिशे नहीं होती, इस कपल का प्यार भी इसी कसौटी को मजबूत बनाता है।

19. अर्जुन पुंज और गुरदीप कोहली 

गुरदीप और अर्जुन की मुलाकात 2002 में सीरियल 'संजीवनी' के सेट पर हुई थी। अर्जुन के लिए यह पहली नजर का प्यार था, जिसके बाद उन्होंने गुरदीप को प्रपोज किया। इस जोड़ी ने 10 दिसंबर 2006 को पंजाबी रस्मों-रिवाज को मानते हुए शादी कर ली। उन्होंने डांस रियलिटी शो 'नच बलिए' में भी भाग लिया था, जहां उनकी केमिस्ट्री को फैंस ने खूब पसंद किया था। इस कपल के घर 2010 में बिटिया मेहर और 2015 में बेबी ब्वॉय माहिर मेहमान बनकर आए।

20. जेनिफर विंगेट और करण सिंह ग्रोवर 

जेनिफर विंगेट और करण सिंह ग्रोवर ने शो 'कसौटी जिंदगी की' में एक साथ काम किया था। दरअसल, उन्हें अपने रोल के लिए 'दिल मिल गए' में लोकप्रियता मिली थी। इस शो में यह जोड़ी लीड रोल में थी, तभी दोनों में प्यार हुआ। वहीं, करण शादीशुदा थे और उन्होंने शादी के एक साल बाद पहली पत्नी श्रद्धा निगम से तलाक ले लिया था। इसके बाद करण और जेनिफर शादी के बंधन में बंध गए। दुर्भाग्य से यह शादी भी ज्यादा दिनों तक नहीं चली और दोनों में शादी के 4 साल बाद तलाक हो गया। वहीं, दूसरे तलाक के बाद करण ने फिल्म 'अलोन' में उनकी को-स्टार रहीं फेमस बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु से शादी कर ली।

21. नेहा सक्सेना और शक्ति अरोड़ा 

शक्ति और नेहा ही मुलाकात स्टार प्लस के शो 'तेरे लिए' के सेट पर हुई थी। ऐसा कहा जाता है कि जब शक्ति और नेहा मिले थे, उन्हें एक-दूसरे को समझने में काफी समय लगा था। पहले दोनों में गलतफहमियां हुईं, उसके बाद दोस्ती बढ़ी और यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। इन दोनों ने 'नच बलिए' में भी भाग लिया था और अप्रैल 2018 में शादी के बंधन में बंध गए। मौजूदा समय में दोनों अपनी लव लाइफ को बखूबी एन्जॉय कर रहे हैं।

22. रवि दुबे और सरगुन मेहता  

सीरियल '12/24 करोल बाग' में रवि और सरगुन ने पति-पत्नी की भूमिका निभाई थी, जिसे फैंस ने खूब सराहा था। इस शो में ही दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। शुरुआत में सरगुन को रवि अजीब लगे थे, लेकिन बाद में महसूस हुआ कि वे दोनों काफी सिमिलर हैं। एक-दूसरे को समझने के बाद वे अट्रैक्ट हुए और दोनों के बीच डेटिंग शुरू हो गई। इसके बाद 'नच बलिए' के सेट पर रवि ने अपनी 'बलिए' को घुटनों के बल बैठकर प्रपोज किया। इस प्रपोजल के बाद दोनों ने 7 दिसंबर 2013 को शादी कर ली।

23. सनाया ईरानी और मोहित सहगल 

सनाया ईरानी और मोहित सहगल को फैंस 'मोनाया' के नाम से भी जानते हैं। यह कपल 25 जनवरी 2016 को एक भव्य समारोह में शादी के बंधन में बंधा था। उनकी मुलाकात सीरियल 'मिले जब हम तुम' के सेट पर हुई थी, जहां उन्होंने एक रोमांटिक लीड निभाई थी। कहा जाता है कि शो के दौरान ही इस कपल के बीच प्यार की खिचड़ी पक रही थी। उन्होंने 7 साल तक डेटिंग करते हुए अपने रिश्ते को छुपाया था। 'नच बलिए' के सफर के दौरान उनका एक-दूसरे के लिए सपोर्ट और प्यार साफ झलक रहा था।

24. किरण करमारकर और रिंकू धवन   

किरण करमारकर और रिंकू धवन ने सीरियल 'कहानी घर-घर की' में एक साथ काम किया था। इस शो में किरण ने ओम अग्रवाल की भूमिका निभाई थी, जबकि रिंकू ने उनकी बहन चाया की भूमिका निभाई थी। भाई-बहन की भूमिका निभाते हुए भी दोनों प्यार में पड़ गए थे। इसी दरमियान उन्होंने एक-दूसरे से शादी कर ली थी। हालांकि, बाद के दिनों में इनके रिश्ते में खटास पैदा हो गई और दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया है।

25. धीरज धूपर और विन्नी अरोड़ा    

सीरियल 'ससुराल सिमर का' से अपनी पहचान बनाने वाले एक्टर धीरज धूपर ने अपनी गर्लफ्रेंड विन्नी अरोड़ा से 16 नवंबर 2016 को शादी कर ली। इनकी पहली मुलाकात जी टीवी के सीरियल 'मात पिता के चरणों में स्वर्ग' के सेट पर हुई थी और इसके बाद इनकी डेटिंग शुरू हो गई थी। शांदी के बंधन में बंधने से पहले इस कपल के बीच 6 सालों तक लंबा अफेयर चला था। वर्तमान में यह कपल अपनी शादीशुदा जिंदगी में खुश है। 

26. मोहिना कुमारी सिंह और ऋषि देव   

सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में मोहिना कुमारी सिंह और ऋषि देव की केमिस्ट्री काफी शानदार थी। यही वजह है कि आज भी फैंस इस जोड़ी को मिस करते हैं। इसी सीरियल में ऋषि ने एक्ट्रेस मोहिना के ऑन-स्क्रीन पति की भूमिका निभाई थी। इन दोनों की गुपचुप तरीके से मुलाकात की अफवाहें भी उड़ती रहती थीं। दरअसल, हाल ही में मोहिना और उनके परिवार वाले कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे, तभी ऋषि ने सोशल मीडिया पर उनके ठीक होने की प्रार्थना की थी। मोहिना ने पिछले साल उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के बेटे सुयश रावत से शादी की थी। मौजूदा समय में मोहिना अपनी फैमिली लाइफ में खुश हैं। 

27. अविनाश सचदेव और रुबीना दिलैक   

अविनाश सचदेव और रुबीना दिलैक की पहली मुलाकात फेमस टीवी सीरियल 'छोटी बहू' के सेट पर हुई थी। इस सीरियल में लीड रोल निभाने वाली इस जोड़ी के बीच साथ काम करने के दौरान ही दोस्ती हुई और यही दोस्ती बाद में प्यार में बदल गई थी। हालांकि, एक साल से अधिक समय तक डेटिंग करने के बाद दोनों अलग हो गए थे। अविनाश ने शाल्मली देसाई से शादी कर ली, जबकि रुबीना ने अपने ब्वॉयफ्रेंड अभिनव शुक्ला के साथ शादी रचा ली। 

28. प्रियंका उधवानी और अंशुल पांडे  

प्रियंका उधवानी और अंशुल पांडे को सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के सेट पर एक-दूसरे से प्यार हो गया था। अधिकांश कपल जहां अपने लव और रिलेशनशिप को सीक्रेट रखते हैं, उसके उलट ये दोनों अपने रिश्ते को लेकर मुखर रहे हैं। अंशुल ने एक इंटरव्यू में कहा था कि, ''उन्हें कुछ ही समय में पता चल गया था कि वह प्रियंका के प्यार में पड़ गए हैं।''

29. शिवांगी जोशी और मोहसिन खान   

सीरियल 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की एक और जोड़ी शिवांगी जोशी और मोहसिन खान सोशल मीडिया पर काफी फेमस हैं। इनके फैंस भी इन्हें रियल लाइफ कपल के रूप में देखना चाहते हैं। मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने प्यार को कबूल किया था। साथ ही उन्होंने कहा था, '' हम अभी भी एक-दूसरे को समझ रहे हैं। यह एक लंबी दोस्ती और एक खूबसूरत यात्रा रही है, जो अब प्यार में तब्दील हो गई है।'' 

30. सई देवधर और शक्ति आनंद  

सई देवधर और शक्ति आनंद की मुलाकात चर्चित शो 'सारा आकाश' के सेट पर हुई थी, जहां दोनों के बीच बॉन्डिंग बढ़ी थी। शक्ति को पहली बार महसूस हुआ था कि उनके दिल में सई के लिए प्यार पनप रहा है। इसके बाद शक्ति ने उन्हें प्रपोज किया और दोनों ने जनवरी 2005 में शादी कर ली। वहीं, 2011 में ये दोनों एक बेबी गर्ल नक्षत्र आनंद के पैरेंट्स बने हैं।

31. मौली गांगुली और मजहर सैयद 

सीरियल 'कहीं किसी रोज' से लोकप्रियता हासिल कर चुके एक्ट्रेस मौली गांगुली और एक्टर मजहर सैयद की लव लाइफ हमेशा चर्चा में रही है। हालांकि, अलग धर्म होने के बावजूद इन दोनों की अंडरस्टैंडिंग में कोई प्रॉब्लम नहीं हुई। एक शो में साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच डेटिंग शुरू हुई थी। इन्होंने 7 साल के लंबे अफेयर और रिश्ते के बाद 15 अक्टूबर 2010 को शादी कर ली। सोशल मीडिया पर फैंस इस जोड़ी को खूब पसंद करते हैं। (यह भी पढ़ें ; रियलिटी शो 'नच बलिए' की ये 12 जोड़ियां रियल लाइफ में बन गए लाइफ पार्टनर, जानें इनके बारे में)  

32. किश्वर मर्चेंट और सुयश राय   

किश्वर और सुयश फेमश शो 'प्‍यार की ये एक कहानी' के सेट पर मिले थे और जल्‍द ही एक-दूसरे के साथ घुल-मिल गए थे। दरअसल, साथ काम करने के दौरान ही दोनों के बीच आकर्षण बढ़ा था। इस कपल के बीच प्यार बढ़ने के बाद वे साथ में लंच और डिनर करने लगे थे। दोनों को एक-दूसरे का साथ खूब पसंद था, इसलिए एक साथ कहीं घूमने जाया करते थे। इसके बाद 16 दिसंबर 2016 को यह कपल शादी के पवित्र बंधन में बंध गया। वर्तमान में ये दोनों पति-पत्नी अपनी शादीशुदा जिंदगी का लुत्फ उठा रहे हैं। 

33. आशा नेगी और ऋत्विक धनजानी 

आशा नेगी और ऋत्विक धनजानी पहली बार फेमस टीवी शो 'पवित्र रिश्ता' के सेट पर मिले थे। इस शो में दोनों को फैंस का भरपूर प्यार मिला था। एक साथ काम करने के दौरान ही दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में दोनों ने अपने 6 साल पुराने रिश्ते को तोड़ दिया है। एक्ट्रेस आशा नेगी ने पिंकविला से की गई बातचीत में ऋत्विक धनजानी से रिश्ता टूट जाने की बात कबूल की थी।

तो यहां हमने आपको एक साथ 33 टीवी कपल्स की खूबसूरत प्रेम कहानियों के बारे में बताया है, ऐसी ही रोचक खबरों को पढ़ने के लिए जुड़े रहें हमसे। वैसे, आपको हमारी ये स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट करके बताना ना भूलें, साथ ही यदि हमारे लिए कोई सलाह हो तो अवश्य दें।

Jaya Bachchan-Preity Zinta ने Aish की स्पीच का उड़ाया मजाक, फैंस ने उनके व्यवहार को बताया 'अशिष्ट'

Aishwarya-Salman के बारे में खुलासा करने पर ट्रोल हुईं Smita Jaykar, फैंस ने कहा- 'नोजी आंटी'

Naga Chaitanya-Sobhita Dhulipala अपने रिश्ते को रखना चाहते हैं सीक्रेट, जल्द नहीं करेंगे आधिकारिक!

Shivangi Joshi-Kushal Tandon असल जिंदगी में एक-दूसरे को कर रहे हैं डेट! रिपोर्ट

Aditi Rao Hydari ने बताया परिवार के 400 साल पुराने मंदिर में हुई थी उनकी सगाई, खुलकर की बात

Sidhu Moose Wala के मर्डर के मास्टरमाइंड Goldy Brar की अमेरिका में हुई हत्या: रिपोर्ट

Virat ने Anushka Sharma के लिए Vamika-Akaay की तरफ से की बर्थडे पोस्ट, लिखा- 'हम आपसे प्यार..'

Salman Khan के घर के बाहर हुई फायरिंग केस के एक आरोपी ने मुंबई पुलिस की कस्टडी में की आत्महत्या

जब Sussanne Khan ने कहा था- 'अगर Hrithik Roshan ने तोड़ा रिश्ता, तो नहीं कर पाऊंगी मूव ऑन'

जब Salman Khan ने एक गाने की शूटिंग के दौरान Sanjay L Bhansali को Aishwarya को छूने से किया था मना

'अनुपमा' फेम Rupali Ganguly ने की राजनीति में एंट्री, 'BJP' में हुईं शामिल

क्या Ibrahim अपने 'दादा' Tiger Pataudi की क्रिकेट लिगेसी को बढ़ाएंगे आगे? Saif ने कही थे ये बात

Parineeti Chopra के पति Raghav Chadha की UK में हुई आंख की सर्जरी, ब्लाइंडनेस होने का था खतरा

Manisha Koirala ने आखिरकार तलाक और दोबारा प्यार पाने पर तोड़ी चुप्पी, कहा- 'मैं अपना टाइम वेस्ट...'

Ranveer Brar ने अपनी लव स्टोरी का किया खुलासा, बताया कैसे होटल में काम करते समय हुई थी उनकी मुलाकात

Imtiaz Ali ने ब्रेकअप के बाद Deepika-Ranbir की फिल्म 'तमाशा' में उनके किसिंग सीन पर की बात

'Heyy Babyy' की 'एंजल' जिसके लिए Fardeen Khan ने छोड़ दी थी स्मोकिंग, 17 साल बाद अब दिखती हैं ऐसी

Shah Rukh Khan ने Virat Kohli को बताया 'दामाद', कहा- 'वह उनसे अनुष्का संग डेटिंग टाइम से हैं परिचित'

Kapil Sharma से Sunil Grover तक, जानें 'The Great Indian Kapil Show' की पूरी कास्ट की फीस

Mouni Roy ने अपने पहले शो की शूटिंग के दौरान सिर्फ 3 घंटे सोने को किया याद, बताई अपनी पहली सैलरी