आम्रपाली दुबे की लाइफ स्टोरी: अभी तक नहीं की है शादी, 'निरहुआ' के ही साथ क्यों जुड़ता है नाम?

भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली की निजी ज़िन्दगी और उनके शुरूआती दिनों के बारे में बहुत कम ही लोग जानते होंगे। इस आर्टिकल में आपको उनकी लाइफ से जुड़े हर पहलू से रूबरू कराएंगे।

img

By Shashwat Mishra Last Updated:

आम्रपाली दुबे की लाइफ स्टोरी: अभी तक नहीं की है शादी, 'निरहुआ' के ही साथ क्यों जुड़ता है नाम?

भारत में हमेशा से ही फिल्मों का काफी क्रेज रहा है। आज लोग जितने उत्साह से बॉलीवुड की फिल्में देखते हैं, उतने ही आनंद से भोजपुरी फिल्मों को भी देखना पसंद करते हैं। लोगों में अब भोजपुरी फिल्मों को लेकर दिलचस्पी बढ़ती जा रही है। भोजपुरी फिल्मों में लोगों को जहां हीरो का एक्शन पसंद आता है, वहीं हीरोइनें भी अपनी अदाओं से फैंस के दिलों को जीतने में पीछे नहीं हटती। ऐसी ही एक अभिनेत्री हैं, आम्रपाली दुबे (Aamrpaali Dubey)। आम्रपाली आज भोजपुरी जगत की एक जानी-मानी अदाकारा हैं, इन्हें मुंबई से लेकर बिहार तक किसी को अपना नाम बताने की ज़रूरत नहीं है। लेकिन, आम्रपाली की निजी ज़िन्दगी और उनके शुरूआती दिनों के बारे में बहुत कम ही लोग जानते होंगे। इस आर्टिकल के जरिये आप आम्रपाली की ज़िन्दगी से जुड़े उन सारे पहलुओं को जान पाएंगे, जिससे अभी आप अनजान हैं।

डॉक्टर बनना चाहती थीं आम्रपाली

आम्रपाली का जन्म 11 जनवरी 1987 को एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। आम्रपाली मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली हैं, लेकिन पैदा होने के कुछ ही सालों बाद वह अपने दादा जी के साथ मुंबई रहने चली गयी। आम्रपाली बचपन में डॉक्टर बनना चाहती थीं, लेकिन पढ़ाई में काफी कमजोर होने की वजह से उनका यह सपना पूरा न हो सका। जिसके बाद उनका रुझान फिल्मों की तरफ बढ़ने लगा और उन्होंने अपना करियर फिल्मों में ही बनाने का निश्चय किया। आम्रपाली ने अपने ग्रेजुएशन की पढ़ाई मुंबई के भवन कॉलेज से पूरी की। आम्रपाली के पिता का नाम शैलेश दुबे और माता का नाम ऊषा दुबे है। आम्रपाली की एक बहन भी है जिसका नाम सुमन दुबे है। (ये भी पढ़ें: रवि किशन की लव स्टोरी: 11वीं क्लास में ही एक्टर को हो गया था प्यार, कुछ ऐसी है प्रेम कहानी)  

करियर की शुरुआत

आम्रपाली ने अपने करियर की शुरुआत टीवी जगत से की थी। आम्रपाली ने साल 2008 में 'सात फेरे: सलोनी का सफर' नामक सीरियल में 'श्वेता सिंह' का किरदार निभाया था। यह सीरियल उनके करियर का पहला सीरियल था। इसके बाद उन्होंने लगातार कई सीरियल्स में काम किया। आम्रपाली को 'सहारा वन' चैनल पर आने वाली एक डरावनी फिक्शन सीरीज में भी देखा गया था। जिसका नाम 'हॉन्टेड नाइट्स' था, इसके कई एपिसोड्स में आम्रपाली ने अलग-अलग किरदार निभाए थे।

ऐसे तो आम्रपाली ने काफी सीरियल्स में काम कर लिया था और उनके अभिनय की लोग अब तारीफ भी करने लगे थे। लेकिन जिस टी.वी.सीरियल ने उन्हें सबसे ज्यादा पहचान दिलाई, वह था '' रहना है तेरी पलकों की छाओं में।'' इसमें उन्होंने 'सुमन' नाम की लड़की का किरदार निभाया था। इसके बाद आम्रपाली 'सात फेरे', 'मायका' जैसे टी.वी. शोज में मुख्य भूमिका में नज़र आयी थी। 'मायका' में आम्रपाली ने 'टीना' का किरदार निभाया था। आम्रपाली ने एक और टी.वी. सीरियल में काम किया था, जिसका नाम 'मेरा नाम करेगी रोशन' था। इसमें उन्होंने 'रीत' नाम की लड़की की भूमिका निभायी थी। आम्रपाली के लगभग सारे टीवी सीरियल्स को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला।

फ़िल्मी दुनिया का सफर

टीवी सीरियल्स से आम्रपाली ने काफी नाम कमाया। उन्होंने टीवी जगत में अपने 6 साल दिए। इसके बाद उन्होंने भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा। इस इंडस्ट्री में कदम रखते ही वह दर्शकों के दिलों पर छा गयी। अपनी पहली फिल्म 'निरहुआ हिंदुस्तानी' से उन्हें खूब शोहरत मिली। साल 2014 में आई इस फिल्म में दिनेश लाल यादव उर्फ़ 'निरहुआ' हीरो थे। हालांकि, भोजपुरी सिनेमा में यह उनका पहला ब्रेक नहीं था, इससे पहले भी वह बतौर सिंगर एक एल्बम "आवा ऐ आम्रपाली निरहुआ रंग डाली " में काम कर चुकी थीं, जिसे लोगों ने काफी पसंद भी किया था। आम्रपाली ने फिल्मो में अभिनय के साथ-साथ काफी फिल्मों में गाना भी गाया है। इसमें दिनेश लाल यादव के साथ 'भोला जीरो से हीरो बनायेवेला', 'जलबा धरब हो बाबा' और 'पुरनकी बीवी बंद कर दा मोदी जी' सुपरहिट हुए। आम्रपाली ने कई भक्ति गाने भी गए हैं, जिसमें छठपूजा के मौके पर आया गाना 'चले के बाटे छठी घाट ऐ पिया' को सभी ने पसंद किया।  (ये भी पढ़ें: पवन सिंह की पर्सनल लाइफ: पहली शादी के कुछ ही दिन बाद पत्नी ने कर ली थी आत्महत्या, ऐसी है स्टोरी)  

आम्रपाली ने अपने 6 साल के फिल्मी करियर में कई तरह की मूवीज में काम किया। जिसमें से ज्यादातर उनकी फिल्में निरहुआ के साथ ही रहीं। आम्रपाली ने अब तक के अपने फिल्मी करियर में लगभग 30 फिल्मों में काम किया है। जिसमें उन्होंने भोजपुरी के कई सुपरस्टार अभिनेताओं 'मनोज तिवारी', 'रवि किशन', 'खेसारी लाल यादव', 'दिनेश लाल यादव' और 'प्रिंस राजपूत' के साथ काम कर अपनी कलाकारी को लोगों तक पहुंचाया है। इतने कम समय में इतना ज्यादा नाम कमाना आम्रपाली के लिए सच में किसी सपने से कम नहीं है।

निरहुआ से हैं अफेयर के चर्चे 

आम्रपाली की उम्र करीब 33 साल हो चुकी है, लेकिन अभी भी उन्होंने शादी नहीं की है। वह सिंगल हैं या उनका कोई बॉयफ्रेंड है या फिर कभी कोई बॉयफ्रेंड रहा है, इस विषय पर कोई जानकारी नहीं मिलती। आम्रपाली ने स्वयं भी इस मुद्दे पर कभी खुल कर बात नहीं की है, और खुद को हमेशा सिंगल ही बताया है। हालांकि, समय-समय पर उनका नाम उनके कई को-एक्टर्स के साथ जोड़ा जाता रहा है जो कि हर एक्ट्रेस के लिए एक स्वाभाविक सी बात है। लेकिन, मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो आम्रपाली इस वक़्त दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के साथ रिलेशनशिप में हैं। कहा तो ये भी जाता है कि आम्रपाली और निरहुआ दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और इस बात को हवा इनके इंस्टाग्राम अकाउंट से मिलती है। आम्रपाली के इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फोटोज अगर किसी की हैं, तो वो निरहुआ की हैं। वहीं, निरहुआ के इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा पोस्ट्स आम्रपाली के साथ हैं या आम्रपाली के लिए हैं। फैंस और इंडस्ट्री से इन दोनों की शादी की गॉसिप भी सामने आती रहती हैं। हालांकि, हम इस बात की पुष्टि नहीं करते हैं। लेकिन, यहां आपको बता दें कि निरहुआ शादीशुदा हैं और उनके दो बच्चे भी हैं। (ये भी पढ़ें: आम्रपाली नहीं, ये हैं भोजपुरी एक्टर 'निरहुआ' की वाइफ, जानें इनकी लव लाइफ के बारे में)   

आम्रपाली और निरहुआ के रिलेशनशिप पर इनकी मां चंद्रज्योति देवी ने कहा था, "कोई लड़की कुछ भी कहे, लेकिन मेरा बेटा पहले से शादीशुदा है। साल 2000 में हमने उसकी शादी करवाई थी। मेरी बहू का नाम मंशा है और वो बेटे के साथ मुंबई में ही रहती है। मेरे दो पोते भी हैं- आदित्य और अमित। वो भी मुंबई में ही रहते हैं।" 

वैसे, आम्रपाली के पसंदीदा अभिनेता अमिताभ बच्चन और सलमान खान हैं और पसंदीदा अभिनेत्री श्रीदेवी और प्रियंका चोपड़ा हैं।

सबसे ज्यादा रुपया चार्ज करने वाली अभिनेत्री हैं आम्रपाली 

आम्रपाली आज एक भोजपुरी सुपरस्टार हैं। उनकी और निरहुआ की जोड़ी को लोग काफी पसंद भी करते हैं और यही कारण है कि आम्रपाली और निरहुआ की जोड़ी भोजपुरी सिनेमा के सबसे ज्यादा कमाई करने वाली जोड़ियों में से एक है। ऐसा माना जाता है कि आम्रपाली भोजपुरी इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा रुपया चार्ज करने वाली अभिनेत्री हैं। वह हर फिल्म के लिए लगभग 12 से 15 लाख रुपए लेती हैं।

आम्रपाली जैसे-जैसे काम करते गयी, वैसे-वैसे उनके फैंस भी बढ़ते गए। उनकी पहली फिल्म के बाद ही उनके सोशल मीडिया अकाउंट (इंस्टाग्राम) पर 5 लाख से ज्यादा फॉलोवर हो गये और आज उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 1 मिलियन से भी ज्यादा फॉलोवर हैं। आम्रपाली ने अपने अभिनय और अपनी गायकी के दम पर लोगों से खूब प्यार बटोरा और बटोरती जा रही हैं।

'बेस्ट एक्ट्रेस' का अवार्ड

आम्रपाली को पहला अवार्ड साल 2015 में 'बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस' का मिला था। साल 2018 में उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस अवार्ड (क्रिटिक्स) मिला। पिछले साल कोलकाता में आयोजित हुए 'भोजपुरी सिनेमा स्क्रीन एंड स्टेज अवार्ड सेरेमनी 2019' में आम्रपाली को फिल्म 'एनएच-3' के लिए 'बेस्ट एक्ट्रेस' का अवार्ड दिया गया था। (ये भी पढ़ें: खेसारी लाल यादव की पर्सनल लाइफ: पत्नी चंदा ने 6 महीने तक पहनी थी एक ही साड़ी, ऐसी है स्टोरी)   

कामयाबी के शिखर पर पहुंचने के बाद भी जब एक इंटरव्यू के दौरान उनसे पूछा गया कि आज जब वह फिल्मों में खूब सुर्खियां बटोर रहीं हैं तो क्या वह अब कभी कोई सीरियल करना चाहेंगी? इस पर आम्रपाली ने उत्तर देते हुए कहा था- "जी जरूर। अभिनय मेरे लिए पूजा है, चाहे वह छोटे परदे पर करना हो या बड़े परदे पर। मैं हमेशा अभिनय करने के लिए तत्पर हूँ। हाँ, यदि मुझे 'भाभी जी घर पर हैं' या 'नज़र' जैसे सीरियल्स का ऑफर मिला तो मैं जरूर करना चाहूंगी।" आम्रपाली का यही अंदाज़ उनके फैंस को पसंद आता है और इसीलिए उनके फैंस उन पर अपना प्यार दिखाने में पीछे नहीं हटते।

उम्मीद है, आम्रपाली इसी तरह ऑडियंस के दिलों पर राज करती रहें और अपनी फिल्मों से लोगों को एंटरटेन करती रहें। इसके साथ ही वह अपने फ़िल्मी करियर और निजी जीवन में भी खूब उन्नति करें। तो आपको ये स्टोरी कैसी लगी? कमेंट करके हमें ज़रूर बताएं। साथ ही हमारे लिए कोई सुझाव हो तो अवश्य दें। 

फोटो क्रेडिट: (आम्रपाली दुबे)
BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.