By Shivakant Shukla Last Updated:
शादी एक ऐसा खूबसूरत अवसर है, जो लोगों के जीवन में एक मीठी याद बनकर जुड़ जाता है। ऐसे तो हर धर्म में विवाह का बहुत महत्व है। भले ही हर धर्म के रीति-रिवाज कुछ अलग हों, लेकिन सभी के महत्व समान ही होते हैं। शादी से पहले दूल्हा और दुल्हन को अपने जीवन की नई शुरुआत करने से पहले कई रस्मों से गुजरना पड़ता है। जब दूल्हा और दुल्हन अलग धर्मों से ताल्लुक रखते हों, तो वे धर्म को अपनी खुशियों के बीच नहीं आने देते। आजकल बॉलीवुड में एक ट्रेंड सा चल पड़ा है। दो धर्मों के दूल्हा-दुल्हन दोनों धर्मों के अनुसार शादी कर रहे हैं।
बॉलीवुड के सबसे बड़े उदाहरण, दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह, ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस जैसे बड़े सेलिब्रिटीज को हम एक-दूसरे के धर्मों का सम्मान करते देख चुके हैं। इन जोड़ों ने एक-दूसरे के धर्मों को बराबर सम्मान देते हुए दोनों धर्मों के अनुसार दो बार शादियां कीं। ये बॉलीवुड जोड़े दुनिया के लिए मिसाल भी बने। आजकल दो बार शादी के बंधन में बंधने का मानो एक ट्रेंड सा चल गया है। इस हफ्ते लाइमलाइट में रही दुल्हनिया एंजेला गायकवाड़ महाराष्ट्रियन और सिख दोनों रस्मों के अनुसार अपनी 'मोहब्बत' हैरी हरमन के साथ शादी के खूबसूरत बंधन में बंधीं।
(ये भी पढ़ें- मौनी रॉय का वेडिंग लुक: मेहंदी से लेकर संगीत तक, एक्ट्रेस ने अपने हर लुक से सेट किया नया ट्रेंड)
मिलिए दुल्हन एंजेला गायकवाड़ से, जो अपनी शादी में महाराष्ट्रियन लुक में नजर आईं। एंजेला अपने ब्राइडल आउटफिट में कहर ढा रही थीं। उनके मेकअप से लेकर बालों तक सब कुछ उनके आउटफिट के साथ गजब का मेल खा रहा था। खूबसूरत दुल्हन एंजेला ने अपनी पारंपरिक शादी में मराठी स्टाइल की हरे रंग की नौवारी साड़ी पहनी थी, जिसमें एंजेला बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
उनकी साड़ी की खासियत ये थी कि, उसमें जरी वर्क के साथ गोल्डन बॉर्डर था। दुल्हन एंजेला ने अपनी नौवारी साड़ी को रानी गुलाबी रंग के ब्लाउज के साथ पहना था और इसके साथ मेल खाता पीले रंग का दुपट्टा एंजेला के लुक में चार-चांद लगाने का काम कर रहा था।
(ये भी पढ़ें- दुल्हन ने अपने दुपट्टे पर लिखवाए थे दिवंगत पिता के आखिरी शब्द, ज्वेलरी को किनारे कर पहना प्लेन लहंगा)
दुल्हन एंजेला ने अपने लुक को गोल्ड चोकर नेकपीस, नेक चेन, इयररिंग्स और पेशवाई डिजाइन की नथ के साथ स्टाइल किया था, जिससे दुल्हन का लुक बेहद पारंपरिक लग रहा था। लाइट मेकअप के साथ न्यूड लिप्स, सुंदर आंखें और बिंदी ने उनके लुक को और भी लाजवाब बना दिया था। एंजेला ने अपने बालों में जूड़ा बनाया था और जूड़े को असली खूबसूरत फूलों से सजाया था।
वहीं, उनके सपनों के शहजादे हैरी हरमन सफेद रंग के पारंपरिक पहनावे और हरे रंग की पगड़ी में किसी नवाब के समान लग रहे थे। गोल्ड नेकपीस के साथ हैरी का लुक और भी ज्यादा शानदार लग रहा था।
(ये भी पढ़ें- दुल्हन ने पहना अनीता डोंगरे का पेस्टल पिंक लहंगा, डिफरेंट स्टाइल दुपट्टे ने खींचा ध्यान)
अपने आनंद कारज समारोह में एंजेला ने फेमस डिजाइनर सब्यसाजी मुखर्जी का डिजाइन किया हुआ नारंगी रंग का लहंगा पहना था, जिसमें वो बला की खूबसूरत लग रही थीं। उनके लहंगे में चारों तरफ सर्कुलर पैर्टन में सिल्वर थ्रेडवर्क का काम किया हुआ था। उन्होंने इसे मैचिंग ब्लाउज के साथ पेयर किया हुआ था। उनका एक्वा ब्लू कलर का दुपट्टा उनके लुक के साथ बहुत जच रहा था। उनके दुपट्टे में जरी का बेहतरीन काम किया गया था। उन्होंने अपने लुक को लेयर्ड नेकपीस, हरे रंग के बूंदों और खूबसूरत स्टोन लगे चोकर, एक भारी मांगटीका और नथ के साथ एक्सेसराइज किया हुआ था। एंजेला के सिंपल मेकअप और मेहंदी ने उन्हें अब तक की सबसे खूबसूरत दुल्हनों में से एक बना दिया था।
खूबसूरत दुल्हन एंजेला ने अपने लुक को जूड़े के साथ पूरा किया था, जिसे छोटे-छोटे खूबसूरत फूलों के साथ सजाया गया था। उन्होंने अपने लुक को सिंपल मेकअप के साथ जोड़ा था, जिसमें स्मोकी आईज के साथ बड़ी पलकें, न्यूड शेड लिपस्टिक शामिल थे। वहीं, दूल्हे हैरी ने भी अपनी दुल्हन को पारंपरिक आउटफिट में कंप्लीट किया था। हैरी ने भी नारंगी पगड़ी, मैचिंग शेरवानी और शाही मोती हार पहना था, जिसमें वे बेहद शानदार लग रहे थे। दूल्हा और दुल्हन साथ में बेहद मनमोहक लग रहे थे। चेस वाइल्ड फोटोज की टीम ने उनके इन खूबसूरत लम्हों की तस्वीरें अपने कैमरे में कैद की, जिन्हें सोशल मीडिया पर बेहद पसंद किया जा रहा है।
हमें दुल्हन का सब्यसाची लहंगा बहुत प्यारा लगा, लेकिन उनके मराठी दुल्हन लुक ने सभी को चौंका कर रख दिया। अब आप अपनी राय बताएं, आपको दुल्हन एंजेला का कौन-सा लुक ज्यादा पसंद आया? अपनी पसंद हमें कमेंट करके जरूर बताएं।