एक लड़का-लड़की के लिए शादी करना, भले ही उसकी लाइफ में लिया गया एक गंभीर फैसला होता है, लेकिन इसका जश्न मनाने के लिए दूल्हा और दुल्हन महीनों पहले से ही तैयारियां शुरू कर देते हैं। कुछ कपल अपनी शादी को भव्य तरीके से करना पसंद करते हैं, तो कुछ डेस्टिनेशन वेडिंग का सपना देखते हैं। हालांकि, कोरोना महामारी ने इन दोनों तरीकों में काफी बदलाव ला दिया है।, लेकिन दूल्हा-दुल्हन अपनी शादी को प्राइवेट सेरेमनी में भी यादगार बनाने का जज्बा नहीं छोड़ते हैं।
दुल्हन का सपना होता है कि, वो अपनी शादी और इससे जुड़ी हर एक रस्म में सबसे अलग दिखे। इसके लिए वो न केवल अपनी शादी का जोड़ा सबसे अलग चुनने की कोशिश करती है, बल्कि ये भी सुनिश्चित करती है कि, वो अपनी शादी से पहले और बाद की रस्मों के लिए भी सबसे अलग आउटफिट चुने। हाल ही में, हमें एक ऐसी दुल्हन मिली, जिसने अपनी संगीत सेरेमनी में यूनिक साड़ी पहनकर सभी को हैरान कर दिया था।
(ये भी पढ़ें- दुल्हन ने लाल के बजाय पेस्टल लहंगा पहन दूल्हे को दिया सरप्राइज, रिएक्शन देख आप भी हो जाएंगे खुश)
मिलिए हमारी ‘ब्राइड ऑफ द वीक’ रिद्धि शाह से, जो पेशे से एक कोरियोग्राफर हैं और ‘रिद्धि शाह डांस एंड फिटनेस’ नाम से खुद की एक डांस एकेडमी चलाती हैं। रिद्धि हाल ही में अपने सपनों के राजकुमार सिमरनजीत घुरा के साथ शादी के बंधन में बंध गईं, जो एक प्रसिद्ध डिजिटल कंटेट क्रिएटर हैं और उनका खुद का ‘The Hunger Blogger’ नाम से ब्लॉग है।
(ये भी पढ़ें- इस राजस्थानी दुल्हन ने अपनी शादी में पहना सब्यसाची का पिंक लहंगा, अनुष्का शर्मा की दिलाई याद)
दुल्हन ने अपनी संगीत सेरेमनी के लिए खुद को ट्रेडिशनल और मॉर्डन टच दिया था। उन्होंने पिंक कलर की केप स्टाइल की एक खूबसूरत साड़ी पहनी थी। उन्होंने अपने लुक को ब्लू कलर के चोकर नेकपीस और मैचिंग ईयररिंग्स से कंप्लीट किया था। दुल्हन ने अपनी खूबसूरत साड़ी में सजकर स्टेज पर धमाल मचा दिया था और उनके डांस मूव्स भी देखने लायक थे। वहीं, दूल्हे राजा मल्टीकलर के कुर्ते के साथ व्हाइट पायजामे में बेहद हैंडसम लग रहे थे।
दुल्हन ने संगीत के अलावा अपनी इंगेजमेंट सेरेमनी में भी अपने लुक से चार-चांद लगा दिया था। इस मौके पर दुल्हन ने डार्क ग्रीन कलर का गाउन पहना था, जिस पर सिल्वर सीक्वेंस थे। इसके साथ उन्होंने स्टेटमेंट ईयररिंग्स, ब्रेसलेट, स्मोकी-ग्रीन आईशैडो और खुले बालों से अपने लुक को पूरा किया था। अपने ओवरऑल लुक में रिद्धि बेहद खूबसूरत लग रही थीं। वहीं, उनके हसबैंड सिमरनजीत ब्लैक टक्सीडो में अपनी लेडीलव को टक्कर दे रहे थे।
अपने खास दिन के लिए दुल्हन ने शादी के जोड़े के रूप में लाल कलर का लहंगा चुना था। दुल्हन ने सुनहरे लाल कलर का लहंगा पहना था, जिस पर सिल्वर कलर की कढ़ाई की गई थी। इसके साथ उन्होंने दो दुपट्टे लिए थे, जिसमें से एक को साइड में पिन-अप किया था और दूसरे को अपने सिर पर लिया था। उन्होंने अपने लुक को नेकपीस और मांग टीका से और निखारा था। दुल्हन अपने ब्राइडल लुक में बेहद खास और सुंदर लग रही थीं, लेकिन दूल्हे ने अपने यूनिक आउटफिट से पूरी लाइमलाइट चुरा ली थी। दूल्हे ने क्रीम कलर की शेरवानी पहनी थी, जिसके साथ उन्होंने रेड कलर की लॉन्ग जैकेट पहनी थी। पगड़ी और कलगी से उन्होंने अपने लुक को कंप्लीट किया था।
(ये भी पढ़ें- सब्यसाची की इस दुल्हन ने हैवी कढ़ाई को छोड़ पहना सिंपल लाल कलर का लहंगा, दिखीं बेहद खूबसूरत)
फिलहाल, दूल्हा-दुल्हन ने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए अपने आउटफिट को बेहद खास रखा था। वैसे, आपको दुल्हन का संगीत से वेडिंग तक का लुक कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।