एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली देश की पहली महिला रेसलर विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) ने विश्व स्तर पर पूरे देश को गौरवान्वित किया है। आज भी वह हर बड़े टूर्नामेंट के साथ अपने करियर में नई ऊंचाइयां को छू रही हैं। विनेश फोगाट का जन्म 25 अगस्त 1994 को राजपाल फोगाट और प्रेम लता फोगाट के यहां हरियाणा में हुआ था। रिपोर्टों के अनुसार राजपाल फोगट, महावीर सिंह फोगाट के भाई थे और उनके निधन के बाद महावीर ने विनेश और उनकी बहन प्रियंका फोगाट को गोद ले लिया था।
विनेश फोगाट 'कॉमनवेल्थ गेम्स' और 'एशियन गेम्स' दोनों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान हैं। विनेश फोगाट के पास राष्ट्रमंडल खेलों के दो स्वर्ण पदक, एशियाई खेलों का एक स्वर्ण पदक हैं। उन्हें साल 2019 में 'विश्व चैंपियनशिप कांस्य' के अलावा साल 2021 में 'एशियाई चैंपियन' का ताज पहनाया गया था।
साल 2022 में विनेश फोगाट से लेकर गीता फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया जैसे कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने 'फेडरेशन ऑफ इंडिया' के अध्यक्ष और भाजपा विधायक बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर अभी तक प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश फोगाट द्वारा अपने ऊपर लगाए गए यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
मीडिया से बातचीत में विनेश फोगाट ने साफ तौर पर कहा था कि वह और उनके साथी पहलवान कोचों और 'डब्ल्यूएफआई' अध्यक्ष के लिए निष्पक्ष जांच और सख्त सजा चाहते हैं। उन्होंने कहा था, "महिला पहलवानों का कोचों और 'डब्ल्यूएफआई' अध्यक्ष बृज भूषण शरण द्वारा राष्ट्रीय शिविरों में यौन उत्पीड़न किया गया है। राष्ट्रीय शिविरों में नियुक्त कुछ कोच सालों से महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न कर रहे हैं। 'डब्ल्यूएफआई' अध्यक्ष भी यौन उत्पीड़न में शामिल हैं।"
विनेश फोगाट की पर्सनल लाइफ की बात करें, तो उन्होंने पूर्व पहलवान सोमवीर राठी से शादी की है। जब सोमवीर भारतीय रेलवे में काम करते थे, तब दोनों की मुलाकात हुई थी और जल्द दोनों की मुलाकात प्यार में बदल गई। कपल ने अपने रिश्ते को ऑफिशियल करने से पहले अपनी फैमिली को एक-दूसरे के बारे में बताया था, जिसके बाद विनेश ने सोमवीर के साथ अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक तस्वीर शेयर की थी।
सोमवीर राठी एक बेहद रोमांटिक व्यक्ति हैं और इसका खुलासा तब हुआ, जब उन्होंने दिल्ली के 'इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे' पर अपने जीवन के प्यार विनेश फोगाट से सगाई कर ली थी। दिल्ली के 'इंदिरा गांधी इंटरनेशनल' एयरपोर्ट पर फिल्मी अंदाज में सगाई करने के बाद विनेश फोगाट और सोमवीर राठी ने 14 दिसंबर 2018 को गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी।
विनेश और सोमवीन की शादी उनके होमटाउन हरियाणा के चरखी दादरी में हुई थी। अपनी शादी के दिन सोमवीर राठी ने जहां क्रीम कलर की शेरवानी पहनी थी, वहीं पहलवान विनेश फोगट अपने डी-डे पर रेड लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
विनेश फोगाट द्वारा जीते गए पुरस्कारों और पदकों की सूची काफी लंबी है। भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने 14 सितंबर की रात सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में तब इतिहास रचा था, जब उन्होंने 'विश्व कुश्ती चैंपियनशिप' में महिला (53 किग्रा) के कांस्य पदक मुकाबले में स्वीडन की एम्मा जोना मालमग्रेन को हराया था और कांस्य पदक जीतने के साथ ही वह विश्व चैंपियनशिप में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई थीं।
विनेश फोगाट ने साल 2014 'ग्लासगो', साल 2018 'गोल्ड कोस्ट' और साल 2022 'बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स' में गोल्ड जीते हैं। खास बात यह है कि तीनों बार उनकी कैटेगरी अलग-अलग रही। उन्होंने ग्लासगो में 48 किग्रा, गोल्ड कोस्ट में 50 किग्रा और बर्मिंघम में 53 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे। वहीं, साल 2014 में उन्होंने 'इंचियोन एशियाई' खेलों में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने अगले एशियाई खेलों यानी साल 2018 में 'जकार्ता' में अपने पदक का रंग बदला और गोल्ड मेडल जीता था। विनेश ने 'इंचियोन' में 48 और 'जकार्ता' में 50 किग्रा भार वर्ग में पदक जीते थे।
खैर, इस बात में कोई शक नहीं है कि विनेश ने यहां तक पहुंचने में उन्होंने बहुत मेहनत की है। फिलहाल, आपको विनेश और सोमवीर की लव स्टोरी और शादी की तस्वीरें कैसी लगीं? हमें कमेंट में जरूर बताएं।