ऋषि कपूर और नीतू सिंह की लव स्टोरी: डबल शिफ्ट में काम करते हुए शुरू हुआ था प्यार

बॉलीवुड में दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) और नीतू कपूर (Neetu Kapoor) की प्रेम कहानी काफी मशहूर रही है। आज की इस स्टोरी में हम आपको कपल की लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं..

img

By Shikha Yadav Last Updated:

ऋषि कपूर और नीतू सिंह की लव स्टोरी: डबल शिफ्ट में काम करते हुए शुरू हुआ था प्यार

जिंदगी में हर व्यक्ति के साथ एक बार ऐसा जरूर होता है, जब उसकी मुलाकात किसी ऐसे इंसान से होती है, जो उसकी आत्मा को छू जाता है और फिर उसका सब कुछ बन जाता है। जब हम उस इंसान के साथ होते हैं, तब जीवन में सब कुछ अच्छा-अच्छा होता है और वे आपकी हर मुस्कुराहट के पीछे की वजह बन जाते हैं। हो सकता है उनकी कुछ आदतों से आप झुंझला जाते हों, लेकिन उनकी उन अजीब हरकतों पर भी आपको प्यार आता है। ऐसी ही एक खट्टी-मीठी प्रेम कहानी रही है दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) और वेटरन एक्ट्रेस नीतू सिंह (Neetu Singh) की। दोनों की प्रेम कहानी आज के युवाओं के लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं है। दोनों ने हर सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ निभाया और 40 साल तक साथ रहे। हालांकि, ये बात और है कि ऋषि कपूर बीच में ही नीतू कपूर का साथ छोड़कर चले गए और इसी के साथ उनकी खूबसूरत प्रेम कहानी का अंत हो गया।  

किसी अपने के खो देने के दर्द को शब्दों में बयां कर पाना काफी मुश्किल होता है। यह एक ऐसा घाव है, जिसे वक्त भी नहीं भर पाता। खासकर तब, जब आपके ‘बेटर हॉफ’ ने हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह दिया हो। धीरे-धीरे सब कुछ बदल जाता है, लेकिन उनके लिए आपका प्यार कभी नहीं बदलता। उनकी गैर मौजूदगी हमेशा हमें खलती है और उनके बिना जीना बहुत मुश्किल हो जाता है। ऋषि कपूर के देहांत के बाद से अभिनेत्री नीतू कपूर कुछ इसी तरह के दौर से गुजर रही हैं। यदि ऋषि कपूर जीवित होते, तो बीते 22 जनवरी 2021 को नीतू कपूर संग वे अपनी 41वीं सालगिरह मनाते। उन्हें नीतू का साथ निभाते हुए पूरे 41 साल पूरे हो जाते, पर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। नीतू सिंह के साथ अपनी मुलाकात को लेकर ऋषि कपूर ने एक इंटरव्यू दिया था, जहां उन्होंने कई सारी बातों का खुलासा किया था। ऋषि कपूर ने इस इंटरव्यू में बताया था कि, वे किस तरह एक्ट्रेस के प्यार में पड़े थे।  

ऋषि कपूर ने नीतू सिंह के साथ अपनी मुलाकात को याद करते हुए कहा था, “हम एक-दूसरे के लिए बने थे। बस, जो कहा वो पूरा हो गया। हमारी मुलाकात बहुत जल्दी हो गई थी। जब मैंने अपने करियर की शुरुआत की थी, तब डिंपल कपाड़िया की शादी हो गई थी, ऐसे में मेरे पास काम करने के लिए कोई हीरोइन नहीं थी। इस तरह मैंने नीतू के साथ बहुत सारा काम किया। कभी-कभी तो एक दिन में दो शिफ्ट्स भी किये। एक-दूसरे के साथ हम ज्यादा टाइम बिताने लगे, जिसकी वजह से हमारे बीच नजदीकियां भी बढ़ने लगीं और हम प्यार में पड़ गए। हम शादी करना चाहते थे। नीतू ने मुझे 2 प्यारे-प्यारे बच्चे दिए, जिसके लिए मैं शुक्रगुजार हूं। हमारी बड़ी ही नार्मल लाइफ रही है। दूसरे कपल की तरह हमारे बीच भी झगड़े और बहस होते हैं, पर अंत में सब ठीक हो जाता है। हमारे लिए ये सब बहुत आसान रहा है”।  

22 जनवरी की सुबह को नीतू कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऋषि कपूर को याद करते हुए एक बड़ा ही प्यारा वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो को देखने के बाद एक बार फिर फैंस की आंखें नम हो गई थीं। इस वीडियो में उन तमाम फिल्मों के सीन थे, जिसमें नीतू सिंह ऋषि कपूर के साथ नजर आई थीं। वीडियो को शेयर करते हुए नीतू कपूर ने लिखा था, “आज 41 साल हो गए होते”। कैप्शन के साथ नीतू कपूर ने एक दिल टूटने वाला इमोजी बनाया था।

वहीं, बीते साल 28 जून को नीतू कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दिवंगत अभिनेता के साथ एक पुरानी फोटो शेयर की थी। इस तस्वीर में ऋषि कपूर एक फॉर्मल सूट में दिखाई दिए थे। वहीं, नीतू कपूर एक पिंक कलर के सूट में नजर आई थीं। तस्वीर में नीतू कपूर बैठी हुई थीं और ऋषि कपूर उनके बगल में खड़े थे। फोटो को शेयर करते हुए नीतू कपूर ने एक भावुक कर देने वाला संदेश भी लिखा था।  

नीतू कपूर ने लिखा था, “बड़ी हो या छोटी, हम सबके दिमाग में लड़ने के लिए एक लड़ाई होती है। आपके पास सभी सुख-सुविधाओं से लैस एक बड़ा घर होने के बाद भी आप नाखुश रह सकते हैं और कुछ न होने पर भी सबसे ज्यादा खुश रह सकते हैं। यह सब दिमाग का खेल है!! बेहतर भविष्य के लिए  इंसान को जरूरत है, तो बस एक मजबूत दिमाग और उम्मीद की। आभार और उम्मीद के साथ जियो और कड़ी मेहनत करो! अपने करीबियों की कद्र करो, क्योंकि वे ही तुम्हारी असली दौलत हैं”। 30 अप्रैल 2020 को ऋषि कपूर का कैंसर के चलते निधन हो गया था। मुंबई के ‘एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल’ में 67 साल की उम्र में अभिनेता ने अपनी अंतिम सांस ली थी। ऋषि कपूर के निधन का उनके परिवार के साथ फैंस को गहरा सदमा लगा था। (ये भी पढ़ें: बिकिनी शूट की वजह से परेशानी में पड़ गई थीं शर्मिला टैगोर, रातों-रात पूरी मुंबई से हटवाए थे हॉर्डिंग)   

ऋषि कपूर के निधन के बाद पत्नी नीतू कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर परिवार और अपनी तरफ से एक नोट शेयर किया था। नोट में लिखा था, “ल्यूकेमिया (कैंसर) से जूझने के बाद हम सब के प्यारे ऋषि कपूर जी का सुबह 8.45 पर अस्पताल में निधन हो गया। डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ ने उन्हें आखिरी समय तक बचाने की पूरी कोशिश की। ट्रीटमेंट के दौरान पिछले 2 साल से वे खुद को मजबूत रखने की कोशिश कर रहे थे। इस कठिन दौर को भी वे जिंदादिली के साथ जी रहे थे। तबीयत खराब होने के बावजूद परिवार, दोस्त, खाना और फिल्मों पर उनका ध्यान था। जो भी उनसे मिलता हैरान रह जाता कि, इस गंभीर बीमारी के बाद भी वे कितने खुश हैं और इसका असर अपनी जिंदगी पर नहीं पड़ने दे रहे। दुनियाभर के फैंस से मिल रहे प्यार के लिए वे बहुत आभारी थे”।  

नोट में आगे लिखा था कि, “उनकी हमेशा यही इच्छा रही कि, उन्हें रोते हुए नहीं बल्कि हंसते हुए विदा किया जाए। हमें पर्सनल लॉस तो हुआ है, लेकिन इस बात को भी नहीं भूला जा सकता कि इस समय देश एक कठिन समय से गुजर रहा है। लोगों के आने-जाने पर ढेरों नियम व कानून बनाये गए हैं और भीड़ इकठ्ठा होने पर मनाही है। हम सभी फैंस, शुभचिंतकों और परिवार के दोस्तों से रिक्वेस्ट करते हैं कि, लागू किये गए लॉकडाउन के नियमों का पालन करें”। (ये भी पढ़ें: पिता जेमिनी गणेशन के साथ वायरल हुई रेखा की ये अनदेखी फोटो, पहचान में नहीं आ रहीं एक्ट्रेस)   

वहीं, ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर दिल्ली में होने की वजह से अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाई थीं। ऋषि कपूर के निधन के बाद पिता को याद करते हुए रिद्धिमा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल पोस्ट साझा की थी। पिता के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए रिद्धिमा ने लिखा था, “पापा मैं आपसे प्यार करती हूं और हमेशा करती रहूंगी। RIP मेरे बहादुर योद्धा। मैं आपको हर दिन मिस करूंगी। मैं आपके फेस टाइम कॉल्स को भी हर दिन मिस करूंगी! काश मैं आपको गुडबॉय कहने के लिए वहां होती! जब तक हम दोबारा नहीं मिलते पापा, आई लव यू...आपकी मुश्क हमेशा”। (ये भी पढ़ें: पहली पत्नी ऋचा शर्मा की फैमिली की वजह से हुआ था संजय दत्त का तलाक, एक्टर ने लगाए थे इतने गंभीर आरोप

भले ही ऋषि कपूर अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके फैंस उनसे आज भी बेइंतहा प्यार करते हैं। हमें ऋषि कपूर और नीतू कपूर की ये खूबसूरत प्रेम कहानी बहुत पसंद आई। आपको ये लव स्टोरी कैसी लगी? हमें कमेंट करके बताएं, साथ ही हमारे लिए कोई सुझाव हो तो हमें अवश्य दें।  

(Photo Credit: Instagram)
BollywoodShaadis.com © 2024, Red Hot Web Gems (I) Pvt Ltd, All Rights Reserved.