एक लड़की बचपन से ही अपनी शादी के सपने देखती है। मेहंदी डिजाइन, मेकअप, डेकोरेशन से लेकर सबसे सुंदर लहंगा पहनने तक, वह हर छोटी-छोटी डीटेल के साथ अपनी एक लिस्ट बनाती है। और आखिर ऐसा हो भी क्यों ना, एक लड़की के लिए उसकी शादी का दिन उसके जीवन के सबसे खास दिनों में से एक होता है, जो उसकी जिंदगी में सिर्फ एक बार आता है। इसलिए वो अपनी शादी वाले दिन सबसे अलग दिखने की पूरी कोशिश करती है।
(ये भी पढ़ें- प्लस-साइज दुल्हन ने प्रियंका चोपड़ा के ब्राइडल लुक को किया था कॉपी, दूल्हे राजा संग किया डांस)
लेकिन, कई बार किस्मत में कुछ और लिखा होता है। कई लड़कियों के साथ कुछ ऐसी दुर्घटनाएं घट जाती हैं, जिसका खामियाजा उन्हें पूरी जिंदगी चुकाना पड़ता है। हमारी ‘ब्राइड ऑफ द वीक’ दुल्हन भी इन्हीं में से एक हैं, जिनकी जिंदगी उस वक्त बिल्कुल बदल गई, जब वो एक सिलेंडर ब्लास्ट का शिकार हो गई थीं। हालांकि, इस दुर्घटना ने उनके शरीर को तो जला दिया था, लेकिन उनके ख्वाबों को नहीं जला सका।
मशहूर मेकअप आर्टिस्ट पारुल गर्ग ने सिलेंडर ब्लास्ट पीड़ित दुल्हन का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि, दुल्हन ने अपने जले हुए शरीर की परवाह न करते हुए अपनी शादी के दिन एक सुंदर लहंगा पहना था, जिसमें वो बेहद खूबसूरत लग रही थीं। मेकअप ने दुल्हन के पूरे लुक को कैसे बदल दिया, यह साझा करते हुए पारुल ने दुल्हन की पहले और बाद की झलकियां दिखाईं। आर्टिस्ट ने दुल्हन के नाम का खुलासा नहीं किया था।
दुल्हन ने अपनी शादी के दिन एक सुंदर लाल लहंगा पहना था, जिसे उन्होंने पारंपरिक ज्वैलरी, डेवी शीन मेकअप, डार्क आईब्रोज और डार्क लिपस्टिक के साथ कंप्लीट किया था। अपने ओवरऑल लुक में दुल्हन बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
(ये भी पढ़ें- सब्यसाची की इस बंगाली दुल्हन ने अनुष्का शर्मा के रिसेप्शन लुक को किया रीक्रिएट, देखें तस्वीरें)
मेकअप आर्टिस्ट पारुल ने इस वीडियो को शेयर करते हुए अपने कैप्शन में लिखा है, ‘मेरी खूबसूरत दुल्हन एक भयानक रसोई गैस सिलेंडर दुर्घटना में फंस गई थी और थर्ड-डिग्री जलने के बाद करीब डेढ़ साल उसने अस्पताल में बिताए। उसका शरीर जल गया था, लेकिन उसकी आत्मा नहीं! और यहां आप देख सकते हैं कि, वो अपनी शादी के दिन के लिए बहुत खूबसूरत लग रही हैं।’
पारुल गर्ग, दिल्ली और एनसीआर में सबसे पसंदीदा मेकअप आर्टिस्ट्स में से एक हैं। 10 से अधिक वर्षों के अनुभव के साथ, पारुल दुल्हन, मॉडलिंग और ग्लैम शूट में लड़कियों का मेकअप करने में एक्सपर्ट हैं। वह अपना एक मेकअप अकादमी भी चलाती हैं और सक्रिय रूप से दुल्हनों को उनके जीवन के सबसे बड़े दिन पर खूबसूरत दिखने में मदद कर रही हैं।
(ये भी पढ़ें- इस दुल्हन ने अपनी शादी में पहना 'डोली-बारात' बॉर्डर वाला रॉयल लहंगा, भारी ज्वैलरी ने बढ़ाई शोभा)
फिलहाल, ये कहना गलत नहीं होगा कि, हमारी ‘ब्राइड ऑफ द वीक’ निश्चित रूप से उन लड़कियों के लिए एक प्रेरणा हैं, जो अपने चेहरे को लेकर उदास रहती हैं। तो आपको दुल्हन का वेडिंग लुक कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।