By Rinki Tiwari Last Updated:
टीवी इंडस्ट्री के मोस्ट फेवरेट कपल्स में से एक राहुल वैद्य (Rahul Vaidya) और दिशा परमार (Disha Parmar) ने 16 जुलाई 2021 को धूमधाम से शादी रचाई थी। जल्द ही उनकी शादी की पहली मैरिज एनिवर्सरी आने वाली है और कपल इसके लिए काफी एक्साइटेड है। दोनों अपनी मैरिज एनिवर्सरी मनाने के लिए लंदन जा रहे हैं। हाल ही में, दिशा परमार ने इस बारे में बात की है। आइए आपको बताते हैं उन्होंने क्या कहा है।
पहले ये जान लीजिए कि, राहुल और दिशा ने कई म्यूजिक वीडियोज में साथ काम किया है। इसी दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। हालांकि, जब राहुल ‘बिग बॉस 14’ में बतौर कंटेस्टेंट गए थे, तब उन्हें दिशा के लिए अपने प्यार का एहसास हुआ था। राहुल ने रोमांटिक अंदाज में नेशनल टीवी पर दिशा को शादी के लिए प्रपोज किया था, जिसका जवाब एक्ट्रेस ने वैलेंटाइन डे पर शो में आकर दिया था। इसके बाद वे पिछले साल शादी के बंधन में बंध गए थे।
(ये भी पढ़ें- क्या विद्युत जामवाल मंगेतर नंदिता महतानी से इसी महीने लंदन में करेंगे शादी? जानें सच)
राहुल वैद्य और दिशा परमार अपनी पहली मैरिज एनिवर्सरी को स्पेशल बनाना चाहते हैं। दिशा इन दिनों ‘बड़े अच्छे लगते हैं 2’ में काम कर रही हैं। पति के साथ एनिवर्सरी मनाने के लिए उन्होंने शो से करीब 10 दिन की छुट्टी ली है और वह 12 जुलाई 2022 की रात को ही लंदन के लिए रवाना होंगी। एक्ट्रेस ने ‘ई-टाइम्स’ संग बातचीत में कहा है, “हम लंदन के लिए निकल रहे हैं। 16 जुलाई को हमारी शादी की पहली सालगिरह है।”
वहीं, एक सूत्र ने पोर्टल को बताया है कि, दिशा ‘बड़े अच्छे लगते हैं 2’ से 10 दिनों की छुट्टी ले रही हैं। उन्होंने ये भी बताया कि, छुट्टी देते वक्त प्रोड्यूसर एकता कपूर काफी खुश थीं, क्योंकि शो के लिए दिशा ने काफी मेहनत की है और टीआरपी की रेस में ‘बड़े अच्छे लगते हैं 2’ ने अपनी जगह भी बनाई है। ऐसे में एकता ने उन्हें खुशी-खुशी छुट्टी दे दी है। माना जा रहा है कि, दिशा ने अपने हिस्से की कुछ शूटिंग पूरी कर ली है।
(ये भी पढ़ें- क्या मां बनने वाली हैं कैटरीना कैफ? लंबे समय से लाइमलाइट से दूर रहने पर फैंस लगा रहे कयास)
खैर, हमें तो दिशा और राहुल के लंदन वेकेशन से तस्वीरों का बेसब्री से इंतजार है। वैसे, आपको ये कपल कैसा लगता है? हमें कमेंट करके जरूर बताएं, साथ ही कोई सुझाव हो तो अवश्य दें।