By Kavita Gosainwal Last Updated:
मां और बच्चों का रिश्ता इस दुनिया में सबसे अनोखा होता है। आम हो या खास, हर मां अपने बच्चों से बेहद प्यार करती है। बॉलीवुड इंडस्ट्री में मां और बच्चों की कई ऐसी जोड़ियां देखने को मिलती हैं, जो अपने स्ट्रांग बॉन्ड की वजह से हमेशा लाइमलाइट में बने रहते हैं। इस लिस्ट में गुजरे जमाने की मशहूर अदाकारा नीतू कपूर (Neetu Kapoor) और उनके बच्चे एक्टर रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) व रिद्धिमा कपूर (Riddhima Kapoor) का नाम शामिल है। रणबीर और रिद्धिमा दोनों ही अपनी मां नीतू कपूर से बेहद प्यार करते हैं, जिसकी झलक दोनों ने कई बार सोशल मीडिया पर दिखाई है। वहीं, अब दोनों ने अपनी मां नीतू कपूर के लिए अपना प्यार रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ पर जाहिर किया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। आइए आपको दिखाते हैं वो वीडियो।
पहले आप ये जान लीजिए कि, पिछले दिनों रणबीर कपूर कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे, जिसकी जानकारी एक्टर की मां नीतू कपूर ने सोशल मीडिया के जरिए दी थी। नीतू कपूर ने एक फोटो शेयर करते हुए नीतू ने लिखा था, ‘आपकी दुआओं और फ़िक्र के लिए धन्यवाद। रणबीर का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। वो मेडिकेशन पर है और अच्छे से रिकवर कर रहा है। वो घर पर सेल्फ क्वारंटाइन है और सभी सावधानियां बरत रहा है।’ हालांकि, अब रणबीर कपूर पूरी तरह ठीक हो गए हैं, लेकिन फिर भी वह क्वारंटाइन में हैं। (ये भी पढ़ें: मीरा राजपूत में पहने 8,900 रुपए के गोल्ड इयरिंग्स से अटैच एयर पॉड्स, शुरू किया नया ट्रेंड)
आइए अब आपको ‘इंडियन आइडल’ के सेट का वीडियो दिखाते हैं। दरअसल, इस वीकेंड पर एक्ट्रेस नीतू कपूर रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ में बतौर गेस्ट बनकर पहुंचेंगी, जिसके कई प्रोमो वीडियोज सामने आए हैं। इसी शो में रणबीर कपूर और उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर का एक लविंग वीडियो मैसेज भी नीतू कपूर को दिखाया जाएगा, जिसे मशहूर फोटोग्राफर विरल भयानी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि रणबीर और रिद्धिमा अपनी मां नीतू कपूर के लिए अपना प्यार जाहिर कर रहे हैं, जिसे देखकर एक्ट्रेस काफी खुश हो जाती हैं। वीडियो में रणबीर कपूर एक किस्सा सुनाते हुए कहते हैं, ‘जब मैं और मेरी बहन छोटे थे, तो हमारी मां ने हमें क्लासिकल सिंगिंग क्लासेस में भर्ती करवाया था। जो हमारे गुरू जी थे, वह क्लास के बाद मम्मी के पास गए और उन्होंने कहा कि, ‘मैं आपकी बेटी को तो सिखा पाऊंगा, लेकिन जो आपका बेटा है, उन्हें न सुर और न ताल की समझ है, तो आप इन्हें कराटे क्लास में भर्ती करवा दीजिए, क्योंकि उनसे ये नहीं हो पाएगा।’ रणबीर कपूर की ये बात सुनकर वहां मौजूद हर कोई हंसने लग जाता है। (ये भी पढ़ें: दिशा परमार की फोटो पर बॉयफ्रेंड राहुल वैद्य ने किया कमेंट, कहा-'मुझसे शादी करोगी')
वहीं, वीडियो में आगे रिद्धिमा कपूर अपनी मां के लिए अपना प्यार जाहिर करती हैं और कहती हैं कि, ‘आप हमारी फैमिली की आयरन लेडी हों, आई लव यू। हम सब आपसे बहुत प्यार करते हैं। आप हमारे लिए हमेशा एक आइडल रहोगी।’ रणबीर और रिद्धिमा का ये प्यार भरा मैसेज देखकर नीतू कपूर काफी ज्यादा इमोशनल हो जाती हैं। (ये भी पढ़ें: नेहा कक्कड़ के घर शुरू हुआ होली का जश्न, पति रोहनप्रीत की गोद में पूल पार्टी एन्जॉय करती दिखीं सिंगर)
इस शो में आकर नीतू कपूर अपने और पति ऋषि कपूर के कई किस्से भी सुनाएंगी, जिसकी एक झलक ऊपर दिखाए गए वीडियो में दिखाई गई है। वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि शो के एंकर व सिंगर आदित्य नारायण स्टेज पर खड़े होकर दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर के डांस और एक्टिंग की तारीफ करते हैं, लेकिन बीच में ही नीतू कपूर बोल पड़ती हैं और कहती हैं कि, ‘ऋषि सबसे खराब डांसर थे। वह सिर्फ अपनी हाफ बॉडी से डांस करते थे। उनके हाथ और उनका फेस डांस के मामले में कमाल था, लेकिन उनके पैर की मूवमेंट काफी खराब थी। उनके पैरों की मूवमेंट को देखकर मैं भी परेशान हो जाती थी। ‘एक मैं और एक तू’ गाने की शूटिंग के दौरान उनसे पैर की मूवमेंट हो ही नहीं रही थी। तब मैं ये सोचने लगी थी कि ये आदमी डांस क्यों नही कर सकता है। लेकिन स्क्रीन पर उनके फेस के एक्सप्रेशन और हाथ के मूवमेंट इतने मजेदार होते थे कि किसी का ध्यान पैरों पर जाता ही नहीं था।’
खैर, ऋषि कपूर अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी फैमिली और फैंस आज भी उन्हें याद करते रहते हैं। तो आपको रणबीर और रिद्धिमा का ये वीडियो कैसा लगा? हमें कमेंट बॉक्स में बताएं और अगर आप हमें कोई सुझाव देना चाहते हैं, तो जरूर दें।